
सुपरस्टार मोहनलाल और डायरेक्टर जीतू जोसेफ के फैन्स बेसब्री से फिल्म दृश्यम 3 का इंतजार कर रहे हैं, जो 21 मई को रिलीज होने जा रही है। ये फिल्म पिछले पार्ट की चौंकाने वाली घटनाओं के बाद जॉर्जकुट्टी और उसके परिवार की कहानी को आगे बढ़ाती नजर आएगी। ये फ्रेंचाइज इंडियन सिनेमा की सबसे सफल थ्रिलर सीरीज में से एक है, जिसके चलते इसका तीसरा पार्ट इस साल की मोस्ट अवेटेड मलयालम फिल्मों में से एक है। जैसे-जैसे रिलीज की तारीख नजदीक आ रही है, फैन्स पहले दिन पहले शो के समय, रन टाइम, स्टार कास्ट, कहानी के बारे में जानना चाहते हैं। पढ़ते हैं पूरी डिटेल...
मोहनलाल की दृश्यम 3 को देखने का फैन्स में जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म का पहला शो 21 मई को सुबह 8 बजे शुरू होगा। रिलीज की तारीख मोहनलाल के 66वें जन्मदिन के साथ मेल खाती है, जिससे फैन्स के लिए ये एक विशेष अवसर बनेगा। मोहनलाल ने सोशल मीडिया पर फिल्म का एक नया पोस्टर शेयर करते हुए ये जानकारी दी। दृश्यम 3 को U/A 13+ रेटिंग मिली है। वहीं, मोहनलाल ने बताया कि फिल्म का ट्रेलर 9 मई को शाम को रिलीज किया जाएगा।
ये भी पढ़ें... Bhooth Bangla OTT: अक्षय कुमार की फिल्म OTT पर कब-कहां देखने मिलेगी, जानिए
मोहनलाल की फिल्म दृश्यम 3 वरुण हत्याकांड के कई साल बाद जॉर्जकुट्टी के जीवन पर आधारित है। हाल ही में आए टीजर से पता चला कि वो अब अपने अतीत में किए गए कामों को लेकर अपराधबोध और डर से जूझ रहा है। एक सीन में जॉर्जकुट्टी कहता है कि उसने परिणामों के बारे में सोचे बिना ही काम किया और अब वो हर दिन चिंता में जी रहा है। डायरेक्टर जीतू जोसेफ ने पहले बताया था कि ये फिल्म दृश्यम 2 के साढ़े चार साल बाद की कहानी है और जॉर्जकुट्टी के फैसलों के प्रभाव और उसके परिवार के सामने आने वाली कठिनाइयों पर बेस्ड होगी। 2013 में शुरू हुई और 2021 में आई अपनी अगली कड़ी के साथ डिजिटल जगत में बड़ी सफलता हासिल करने वाली इस फ्रेंचाइज ने दुनियाभर में पॉपुलैरिटी हासिल की। इसके हिंदी, तमिल, तेलुगु और कई अंतरराष्ट्रीय भाषाओं में रीमेक भी बने। बता दें कि दृश्यम 3 का रन टाइम 156 मिनट है। इसमें मोहनलाल के अलावा मीना, एस्थर अनिल, अंसिबा हसन, मुरली गोपी, सिद्दीकी और आशा शरथ लीड रोल में हैं।
फिल्म Drishyam 3 के प्रोड्यूसर एंटनी पेरुम्बावूर का कहना है कि पहली दो फिल्मों को मिली शानदार सफलता ने टीम को जॉर्जकुट्टी की कहानी को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खासकर ब्रिटेन में, काफी ध्यान आकर्षित किया है, जहां रिलीज से कई सप्ताह पहले ही एडवांस बुकिंग शुरू हो गई थी। पेन स्टूडियोज, आशीर्वाद सिनेमाज और पैनोरमा स्टूडियोज ने मिलकर फिल्म पर 100 करोड़ का निवेश किया है। मूवी 21 मई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
ये भी पढ़ें... वो इकलौती हीरोइन, जिसकी 1 फिल्म के बने 9 रीमेक, सभी HIT पर हिंदी वाली FLOP
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।