
फूड डेस्क: दुनियाभर में जन्माष्टमी, भगवान कृष्ण के जन्म के दिन को बड़े धूमधाम से सेलिब्रेट किया जाता है। इस वर्ष, यह त्योहार 26 अगस्त को है। भक्तों में खूब उत्साह है और वो जश्न मनाने व भगवान के लिए स्वादिष्ट भोग तैयार करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। जी हां, जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण को प्रसन्न करने के लिए तरह-तरह के मीठे और नमकीन व्यंजन बनाने की प्रथा है। कृष्ण मंदिरों में पारंपरिक रूप से 56 भोग लगाए जाते हैं, हालांकि आप घर पर कान्हा के सबसे प्रिय 7 प्रसाद में से कोई एक बनाकर उनको अर्पित कर सकती हैं। जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को प्रसन्न करने के लिए यहां जानें 7 तरह की भोग रेसिपी।
1. माखन मिश्री
सामग्री: ताजा मक्खन, मिश्री
विधि: ताजा मक्खन को निकालें और उसमें मिश्री मिलाएं। इसे भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाएं। यह सबसे सरल और भगवान का प्रिय भोग है, क्योंकि श्रीकृष्ण को माखन बहुत प्रिय था।
जन्माष्टमी भोग से मजबूत बन जाएंगी हड्डियां, जानिए 7 Health Benefits
2. पंचामृत
सामग्री: दही, दूध, शहद, घी, मिश्री
विधि: एक कटोरी में दही, दूध, शहद, घी और मिश्री मिलाएं। इसे अच्छी तरह से मिलाकर पंचामृत तैयार करें। यह प्रसाद के रूप में दिया जाता है और इसे भगवान का अभिषेक भी किया जाता है।
3. मखाना खीर
सामग्री: मखाना, दूध, चीनी, इलायची पाउडर, काजू-बादाम, केसर
विधि: मखानों को घी में हल्का भून लें। दूध को उबालें और उसमें मखाने डालकर धीमी आंच पर पकाएं। इसमें चीनी, इलायची पाउडर, काजू-बादाम और केसर डालें। अच्छी तरह से पकने के बाद ठंडा करके भोग में चढ़ाएं।
4. मालपुआ
सामग्री: मैदा, दूध, सौंफ, चीनी, घी, इलायची
विधि: मैदा, सौंफ, और इलायची पाउडर को दूध में मिलाकर एक घोल तैयार करें। एक पैन में घी गरम करें और घोल से छोटे-छोटे पुए बनाएं। उन्हें सुनहरा होने तक तलें और फिर चाशनी में डुबोकर भगवान को भोग लगाएं।
5. धनिया पंजीरी
सामग्री: भुना हुआ धनिया पाउडर, घी, गुड़ या चीनी, मखाना, सूखा नारियल, ड्राई फ्रूट्स
विधि: घी में मखानों को भून लें। भुने हुए धनिया पाउडर में गुड़ या चीनी मिलाएं और घी में भूनें। इसमें मखाने, सूखा नारियल और ड्राई फ्रूट्स मिलाकर पंजीरी तैयार करें।
6. साबूदाना खिचड़ी
सामग्री: साबूदाना, मूंगफली, हरी मिर्च, घी, जीरा, सेंधा नमक, धनिया पत्ती
विधि: साबूदाने को धोकर 2-3 घंटे के लिए भिगो दें। घी में जीरा और हरी मिर्च को भूनें, फिर मूंगफली डालें। साबूदाना डालकर धीमी आंच पर पकाएं। अब सेंधा नमक और धनिया पत्ती डालकर मिलाएं और भोग में चढ़ाएं।
7. सूजी का हलवा
सामग्री: सूजी, घी, चीनी, पानी, इलायची पाउडर, काजू-बादाम
विधि: घी में सूजी को हल्का भूरा होने तक भूनें। चीनी और पानी को मिलाकर एक चाशनी बनाएं। इस चाशनी को भुनी हुई सूजी में डालें और अच्छी तरह से मिलाएं। अब इलायची पाउडर और काजू-बादाम डालकर हलवे को सजाएं और भोग लगाएं।
जन्माष्टमी 2024 पर बनाएं धनिया के बीज की स्वादिष्ट पंजीरी
Food News: Read latest food recipes, healthy food habits for kids and adults in Hindi, Experts tips on healthy food recipes, Cooking articles, Food stories in Hindi online at Asianet News Hindi.