देश में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1242 नए केस आए हैं। देश के 30 से अधिक राज्यों में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 10 हजार के पार पहुंच गई है। मेघालय में सोमवार शाम को कोरोना का पहला संक्रमित मिला।
नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद बढ़ती जा रही है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1242 नए केस आए हैं। जिसके बाद देश के 30 से अधिक राज्यों में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 10 हजार के पार पहुंच गई है। सोमवार को एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमित मिलने का रिकॉर्ड है, जिसमें दिल्ली में 356 तो महाराष्ट्र में 352 नए केस मिले हैं। मेघालय में सोमवार शाम को कोरोना का पहला संक्रमित मिला। मुख्यमंत्री कोनार्ड संगमा ने कहा- मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे घबराएं नहीं। हम स्थिति पर करीब से नजर बनाए हुए हैं। इससे निपटने के लिए हमारी तैयारी पूरी है।
इधर, मौत का भी आकंड़ा बढ़ता जा रहा है। सोमवार को देश में 27 मरीजों ने दम तोड़ा। जिसके बाद देश में अब तक 358 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि सोमवार को 107 मरीज ठीक हुए। जिसके बाद अब तक 1193 लोग ठीक हो चुके हैं। सोमवार को महाराष्ट्र में सबसे अधिक 11 लोगों ने दम तोड़ा। वहीं, मध्यप्रदेश में 7 तो दिल्ली में 4 शख्स की मौत हुई है। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट और राज्य सरकारों के आंकड़ों के अनुसार हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक सोमवार शाम को 5 बजे तक देश में 9 हजार 152 लोग संक्रमित हैं। 857 लोग ठीक हुए हैं।
सबसे ज्यादा केस महाराष्ट्र में
सोमवार को महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 352, राजस्थान में 93 और उत्तरप्रदेश में 75 नए केस मिले। वहीं, मध्यप्रदेश में 52, गुजरात में 56, जबकि बिहार में 2 और असम में 1 मरीज मिला। इनको मिलाकर देश में सोमवार को संक्रमितों की कुल संख्या 10 हजार 453 हो गई।
आठ राज्यों और एक यूटी ने लॉकडाउन बढ़ाया
बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, पंजाब, ओडिशा और तमिलनाडु ने लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया। वहीं, केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) पुडुचेरी ने भी सोमवार को लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला किया। इनको मिलाकर देश के आठ राज्यों और एक यूटी में लॉकडाउन बढ़ चुका है।
राज्यों का हाल-
महाराष्ट्रः यहां सोमवार को संक्रमण के रिकॉर्ड 352 मामले आए। इनमें से सिर्फ मुंबई में ही 59 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। राज्य में रविवार को 221 कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। इनमें से मुंबई में 113, मीरा भयंदर में 7, पुणे में 4, नवीं मुंबई, ठाणे और वसई विरार में 2-2, जबकि रायगढ़, अमरावती, भिवंडी और पिंपरी-चिंचवड़ में 1-1 मरीज मिला था। जिसके बाद यहां संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 2334 तक पहुंच गया है। इतना ही नहीं यहां सोमवार को 11 लोगों की मौत हुई है। जिसके बाद यहां अब तक 160 लोग जान गंवा चुके हैं।
मध्यप्रदेशः यहां संक्रमित मरीजों का आंकडा तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार को प्रदेश में 52 नए मरीज मिले हैं। इंदौर में सोमवार को 22 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। इसके साथ ही शहर में 328 संक्रमित हो गए हैं। रविवार को राज्य में संक्रमण के 40 मामले सामने आए थे। इनमें से इंदौर में 25, भोपाल में 8, इटारसी में 5 और सतना में 2 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिसके बाद प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 614 हो गई है। जबकि अब तक 50 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 7 लोगों की मौत हुई है।
उत्तरप्रदेशः राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 558 तक पहुंच गई है। आगरा में सोमवार को संक्रमण के 30 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या 134 पहुंच गई है। शहर के आईजी सतीश गणेश ने बताया कि प्रशासन आइसोलेशन वार्ड बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहा है। जहां पॉजिटिव केस मिल रहे हैं, वहां घर-घर जाकर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 1 लाख 65 हजार लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। राज्य में रविवार को 31 मामले सामने आए थे। यहां अब तक सिर्फ 5 मरीजों ने जान गंवाई हैं। जबकि 49 मरीज ठीक हो चुके हैं।
राजस्थानः यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 897 हो गई है। राज्य में सोमवार को संक्रमण के 93 नए मामले सामने आए। इनमें जयपुर में 20, भरतपुर में 11, जोधपुर में 7 और बांसवाड़ा में 1 मरीज मिला। राज्य में रविवार को 104 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
दिल्ली- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। यहां अब तक 1510 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने सोमवार को बताया कि यहां अब तक 43 कंटेनमेंट जोन तय किए जा चुके हैं। किसी भी इलाके में 3 या उससे ज्यादा संक्रमित मिलते ही उसे कंटनेमेंट जोन घोषित किया जा रहा है। जैन ने बताया कि रैपिड किट अभी तक नहीं आई हैं। राजधानी में रविवार को 85 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थीं। दिल्ली में सोमवार को 4 मरीजों ने दम तोड़ दिया। जिसके बाद यहां मौत का आंकड़ा 28 तक पहुंच गया है।