
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 और 35 ए खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्र को संबोधित किया। अपने संबोधन में मोदी ने लद्दाख में होने वाले एक पौधे का जिक्र करते हुए उसकी खूबियां बताई। मोदी ने कहा- ''लद्दाख में सोलो नाम का एक पौधा पाया जाता है। जानकारों का मानना है कि हाई एल्टीट्यूड पर रहने वालों के लिए संजीवनी का काम करता है। ऐसी अद्भुत चीज दुनियाभर में बिकनी चाहिए कि नहीं। कौन हिंदुस्तानी नहीं चाहेगा। मैंने एक ही नाम लिया है। ऐसे अनगिनत पौधे और हर्बल प्रोडक्ट जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बिखरे पड़े हैं। इसका लाभ वहां के लोगों और किसानों को मिलेगा। मैं देश के उद्यमियों, एक्सपोर्ट, फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र से जुड़े लोगों से आग्रह करूंगा कि कश्मीर के प्रोडक्ट को दुनिया में पहुंचाने के लिए आगे आएं।
प्रधानमंत्री के संबोधन की 10 अहम बातें...
1- घाटी में राजस्व घाटा बहुत ज्यादा है। ये चिंता का विषय है। सरकार ये सुनिश्चित करेगी कि इसके प्रभाव को कम किया जाए। केंद्र सरकार ने 370 हटाने के साथ ही अभी कुछ समय के लिए जम्मू कश्मीर को सीधे केंद्र सरकार के शासन में रखने का फैसला बहुत सोच समझकर लिया है।
2- जबसे घाटी में गवर्नर रूल लगा है, वहां का प्रशासन सीधे केंद्र के संपर्क में है। इससे बीते कुछ समय में वहां डेवलपमेंट का प्रभाव जमीन पर दिखाई देने लगा है। जो योजनाएं कागजों पर थीं, उन्हें जमीन पर उतारा जा रहा है।
3- घाटी के कई लोगों को लोकसभा में वोट का अधिकार था, लेकिन वो विधानसभा, नगर पालिका और पंचायतों में वोट नहीं डाल सकते थे। ये लोग बंटवारे के वक्त पाकिस्तान से भारत आए थे। क्या इन लोगों के साथ ऐसे ही अन्याय चलने देते। आपका जनप्रतिनिधि अब आपके द्वारा ही चुना जाएगा। आपके बीच से ही आएगा।
4- दशकों के परिवारवाद ने जम्मू-कश्मीर के लोगों को नेतृत्व का मौका ही नहीं दिया। अब हम भरोसा दिलाते हैं कि सभी को आगे आने और नेतृत्व का मौका मिलेगा।
5- एक जमाना था जब बॉलीवुड फिल्मों के लिए कश्मीर पसंदीदा जगह थी। अब यहां स्थितियां सामान्य होंगी तो देश ही नहीं दुनियाभर के लोग यहां शूटिंग के लिए आएंगे। इससे रोजगार पैदा होगा। मैं हिंदी, तेलुगु और तमिल फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों से आग्रह करूंगा कि इस बारे में जरूर सोचें।
6- पीएम ने कहा- जो टेक्नोलॉजी की दुनिया से जुड़े लोग हैं, उनसे भी आग्रह है कि इस बात को प्राथमिकता दें कि यहां कैसे तकनीक का विकास किया जाए। यहां के नौजवान ओजस्वी हैं, तेजस्वी हैं उन्हें अवसर मिलने की जरूरत है।
7- देश में बेटियों को जो हक मिलते हैं, वो यहां नहीं मिलते थे। देश के अन्य राज्यों में सफाई कर्मचारियों के लिए सफाई कर्मचारी एक्ट लागू है। लेकिन घाटी के कर्मचारी इससे वंचित थे। पर अब ऐसा नहीं होगा।
8- दलितों पर अत्याचार रोकने के लिए देश में सख्त कानून है। लेकिन घाटी में ऐसा नहीं था। अन्य राज्यों में माइनोरिटी एक्ट लागू है, लेकिन यहां ऐसा नहीं था। अब लोगों के साथ ऐसा अन्याय नहीं होगा।
9- देश के अन्य राज्यों में चुनाव लड़ते समय अनुसूचित जाति के भाई बहनों को आरक्षण का लाभ मिलता था, लेकिन घाटी में ऐसा नहीं था। ये व्यवस्था भी अब हटेगी और वो आरक्षण का लाभ ले सकेंगे।
10- लद्दाख में स्पिरिचुअल, एडवेंचर और इको टूरिज्म का सबसे बड़ा केंद्र बनने की क्षमता है। सोलर पावर में भी लद्दाख सबसे बड़ा केंद्र बन सकता है। वहां के सामर्थ्य का उचित इस्तेमाल होगा। बिना भेदभाव विकास के नए अवसर बनेंगे। लद्दाख को इनोवेशन, शिक्षा, अस्पताल, इन्फ्रास्ट्रक्चर मिलेगा।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.