
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की एक हल्की-फुल्की मुलाकात अब भारत की सियासत में नया मुद्दा बन गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए ‘Melodi’ वीडियो को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने कहा कि जब देश आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है, तब प्रधानमंत्री विदेश में “टॉफी बांटने और रील बनाने” में व्यस्त हैं।
यह पूरा विवाद उस वीडियो के बाद शुरू हुआ, जिसे इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी उन्हें ‘Melody’ टॉफी गिफ्ट करते नजर आ रहे हैं। दोनों नेताओं के बीच हल्की मुस्कान और मजाकिया अंदाज में “Melodi” बोलने का यह पल कुछ ही घंटों में इंटरनेट पर वायरल हो गया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी परेशान हैं, लेकिन प्रधानमंत्री हंसते हुए रील बना रहे हैं और बीजेपी ताली बजा रही है। राहुल गांधी ने इसे “नेतृत्व नहीं, नौटंकी” करार दिया। कांग्रेस नेताओं और विपक्षी दलों ने भी इस वीडियो को लेकर सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें: कहीं प्रसाद बांटते दिखे अखिलेश, कहीं मंदिर में दिखे राहुल... क्या है बड़ा चुनावी संकेत?
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने वीडियो शेयर करते हुए दिखाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें ‘Melody’ नाम की टॉफी गिफ्ट की। वीडियो में मेलोनी कहती हैं कि उन्हें बहुत अच्छा गिफ्ट मिला है। इसके बाद दोनों नेता “Melodi” बोलते हुए हंसते नजर आते हैं। दरअसल, ‘Melodi’ शब्द मोदी और मेलोनी के नामों को जोड़कर बनाया गया है। सोशल मीडिया पर यह हैशटैग पिछले कुछ वर्षों से काफी लोकप्रिय रहा है।
‘Melodi’ हैशटैग पहली बार 2023 में चर्चा में आया था। दुबई में आयोजित COP-28 सम्मेलन के दौरान जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए #Melodi लिखा था। इसके बाद दोनों नेताओं की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे। कई सोशल मीडिया यूजर्स इसे भारत-इटली की दोस्ती का प्रतीक मानते हैं, जबकि विपक्ष इसे प्रधानमंत्री की “इमेज पॉलिटिक्स” से जोड़कर देखता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों पांच देशों की यात्रा पर हैं। 15 से 20 मई तक चले इस दौरे में उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली का दौरा किया। रोम पहुंचने पर उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, तकनीक और रणनीतिक साझेदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। मुलाकात के बाद दोनों नेता एक ही गाड़ी में बैठकर रोम के ऐतिहासिक कोलेसियम पहुंचे। इसे प्रधानमंत्री मोदी की “कार डिप्लोमेसी” का हिस्सा माना जा रहा है, जहां वह वैश्विक नेताओं के साथ सहज रिश्तों का संदेश देते हैं।
‘Melodi’ वीडियो पर सोशल मीडिया भी दो हिस्सों में बंटा नजर आया। एक वर्ग ने इसे दो नेताओं के बीच दोस्ताना रिश्ते और सहज कूटनीति का उदाहरण बताया। वहीं, दूसरे वर्ग ने इसे गंभीर आर्थिक और सामाजिक मुद्दों से ध्यान भटकाने वाला कंटेंट करार दिया। हालांकि राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आज के दौर में वैश्विक नेताओं की सार्वजनिक छवि और डिजिटल कूटनीति भी अंतरराष्ट्रीय संबंधों का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। ऐसे में इस तरह के हल्के पलों का राजनीतिक असर भी तेजी से दिखाई देता है।
यह भी पढ़ें: रोम में दिखी मोदी-मेलोनी की ऐसी बॉन्डिंग, तस्वीरें देख लोग रह गए हैरान
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।