
Mecca Emergency Alert: सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का में मंगलवार को अचानक इमरजेंसी अलर्ट जारी होने से लोगों के बीच चिंता बढ़ गई। सऊदी सिविल डिफेंस ने मक्का, जेद्दा और ताइफ में संभावित खतरे की चेतावनी जारी की और लोगों से तुरंत सुरक्षित जगह पर जाने को कहा। आधुनिक इतिहास में यह पहला मौका माना जा रहा है जब इस्लाम के सबसे पवित्र स्थल मक्का के लिए हवाई हमले का ऐसा इमरजेंसी अलर्ट घोषित हुआ। हालांकि, करीब तीन घंटे बाद सऊदी सिविल डिफेंस ने बताया कि मक्का में खतरा टल गया है।
सऊदी अरब के जनरल डायरेक्टोरेट ऑफ सऊदी सिविल डिफेंस ने मंगलवार को दोपहर 2:48 बजे (IST) लोगों को अलर्ट किया। लोगों को सलाह दी गई कि वे खुले और भीड़ वाले इलाकों से दूर रहें और तुरंत किसी सुरक्षित जगह या घर के अंदर शेल्टर लें। साथ ही सरकारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा गया। हालांकि, उस समय अलर्ट जारी करने की वजह के बारे में सऊदी अधिकारियों ने कोई साफ जानकारी नहीं दी।
A warning has been issued by the National Early Warning Platform in the Jeddah Governorate to alert of a potential danger. Please follow the instructions below: pic.twitter.com/Iz98UOKXb4
— الدفاع المدني السعودي (@SaudiDCD) September 15, 2026
ये चेतावनी सिर्फ मक्का तक सीमित नहीं थी। जेद्दा और ताइफ के गवर्नरेट में भी इसी तरह के अलर्ट जारी किए गए। इस घटनाक्रम के बीच रिपोर्ट्स में सामने आया कि ईरान समर्थित हूती मिलिशिया की ओर से सऊदी अरब के पश्चिमी तट की तरफ बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गई थीं। एक दिन पहले भी यमन स्थित हूतियों ने सऊदी अरब के एयरबेस और शहरों को निशाना बनाकर मिसाइल हमले किए थे।
अलर्ट जारी होने के करीब तीन घंटे बाद सऊदी सिविल डिफेंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि मक्का शहर में खतरा टल गया है। हालांकि, इसके बाद भी लोगों को सावधानी बरतने को कहा गया। सिविल डिफेंस ने लोगों से भीड़ जमा नहीं करने और स्थिति की तस्वीरें या वीडियो बनाने से बचने की अपील की। इमरजेंसी की स्थिति में लोगों को 911 पर संपर्क करने की सलाह दी गई।
Alert: The danger has passed in Mecca City. For your safety, continue following #CivilDefense instructions and avoid gathering and filming. In case of emergency, call (911). pic.twitter.com/bjRMKf7vr6
— الدفاع المدني السعودي (@SaudiDCD) September 15, 2026
इजरायली अखबार Hayom की रिपोर्ट के मुताबिक, हूतियों ने सऊदी अरब के पश्चिमी तट की ओर मिसाइलों की एक बौछार की थी। रिपोर्ट में दावा किया गया कि इसी के बाद अलर्ट जारी हुए। मक्का शहर लाल सागर के तट से करीब 70 किलोमीटर अंदर स्थित है। यह इलाका सऊदी अरब के पश्चिमी हिस्से में आता है। Hayom ने ये भी रिपोर्ट किया कि सऊदी एयर फोर्स ने यमन में ताइज के पास हूती ठिकानों पर हमला किया।
मक्का में अलर्ट से ठीक एक दिन पहले यमन स्थित हूतियों ने सऊदी अरब पर बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन हमलों की एक सीरीज शुरू की थी। इन हमलों में सऊदी अरब के दक्षिणी हिस्से में 13 लोग घायल हुए थे। इसके बाद मंगलवार को सऊदी अरब के कई हिस्सों में सुरक्षा अलर्ट जारी होने से तनाव और बढ़ गया। Times of Israel की रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार सुबह सऊदी अरब के कम से कम छह शहरों में सिविल डिफेंस की ओर से अलर्ट मिले। इनमें जेद्दा, अबहा, जाजान, अलउला और ताइफ शामिल थे। लाल सागर के तट पर मौजूद देश के मुख्य तेल निर्यात टर्मिनल यानबू में भी अलर्ट की जानकारी सामने आई।
मक्का इस्लाम के सबसे पवित्र शहरों में से एक है। यहां इस्लाम के दो सबसे पवित्र धार्मिक स्थलों में से एक मौजूद है। इसी वजह से मक्का में हवाई खतरे से जुड़ा इमरजेंसी अलर्ट सामने आना बेहद अहम माना जा रहा है। मंगलवार का अलर्ट भले ही करीब तीन घंटे बाद हटा दिया गया, लेकिन इस घटना ने यह सवाल जरूर खड़ा किया है कि क्षेत्र में चल रहा तनाव अब कितने बड़े इलाके तक पहुंच रहा है।
इस घटनाक्रम के दौरान सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान मिस्र के दौरे पर हैं। Arab News के मुताबिक वह मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से मुलाकात कर सकते हैं। दोनों नेताओं के बीच सऊदी अरब और मिस्र के आपसी हित से जुड़े मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है।
इस बीच हूतियों ने पिछले सप्ताह दावा किया था कि उन्होंने यमन के पश्चिमी तट पर कब्जा कर लिया है। इसका मकसद रणनीतिक रूप से बेहद अहम बाब अल-मंदब जलडमरूमध्य पर अपनी पकड़ मजबूत करना बताया गया। हूतियों के कब्जे में मयून द्वीप भी है, जो बाब अल-मंदब के बीच में स्थित है। मयून पर पकड़ मजबूत होने के बाद हूती लड़ाके अफ्रीका में मौजूद अमेरिका के प्रमुख सैन्य बेस कैंप लेमोनियर से 130 किलोमीटर से भी कम दूरी पर बताए जा रहे हैं।
सोमवार यानी 14 सितंबर को ईरान समर्थित हूतियों ने दक्षिणी लाल सागर में ग्रेटर हनिश और लेसर हनिश द्वीपों पर भी कब्जा करने का दावा किया। इन इलाकों पर पकड़ से लाल सागर के एक और अहम समुद्री रास्ते में हूतियों की स्थिति मजबूत हो सकती है। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब ईरान युद्ध का असर पूरे क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। बाब अल-मंदब को रणनीतिक रूप से अहम समुद्री रास्ता माना जाता है। यह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का एक अहम वैकल्पिक रास्ता भी है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।