
Who is Dr Akash Agarwal: सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल MLC चुनाव के दौरान अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगाए और इस्लाम कबूल करने की बात कही। कौन हैं आकाश अग्रवाल, कितनी है संपत्ति और क्या है उनकी शैक्षणिक योग्यता?
उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के दौरान आगरा के सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल का एक बयान चर्चा में आ गया। मतदान के दिन उन्होंने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए और मीडिया से बातचीत के दौरान भावुक हो गए। भाजपा पर बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगाने के साथ उन्होंने शाही जामा मस्जिद जाकर इस्लाम कबूल करने की बात भी कही। इस घटनाक्रम के बाद उनकी शैक्षणिक योग्यता, संपत्ति और राजनीतिक भूमिका को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है।
डॉ. आकाश अग्रवाल आगरा खंड की विधान परिषद शिक्षक निर्वाचन सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हैं। चुनावी हलफनामे में दर्ज जानकारी के मुताबिक, उनकी उम्र 37 वर्ष है और उनके पिता का नाम जय प्रकाश है। आकाश अग्रवाल ने 2011 में सिंघानिया विश्वविद्यालय से पीएचडी की। इसके अलावा, उन्होंने 2006 में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा से एलएलबी और 2003 में जेआरएन राजस्थान विद्यापीठ से एमएससी (कॉमर्स) की डिग्री हासिल की है।