पंजाब के 'जुग्नू' की कहानी : कभी कॉमेडी शो में देखा था मंत्री बनने का सपना, आज मुख्यमंत्री पद की लेंगे शपथ

भगवंत मान का जन्म साल 1973 में संगरूर जिले के सतोज गांव में हुआ था और वह पेशे से कॉमेडियन, एक्टर और फिर राजनेता बन गए। मान जट्ट सिख समुदाय से आते हैं। मान ने पंजाब के संगरूर में स्थित एसयूएस कॉलेज से बीकॉम किया और वाणिज्य के क्षेत्र में ग्रेजुएशन किया। लेकिन, उनका मन नौकरी या बिजनेस की बजाय कुछ हटकर करने का था।

Asianet News Hindi | Published : Mar 16, 2022 3:22 AM IST / Updated: Mar 16 2022, 09:31 AM IST

चंडीगढ़ : पंजाब को आज नया मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है। आम आदमी पार्टी (AAP) के भगवंत मान (Bhagwant Mann) आज राज्य के 25वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह होशियारपुर जिले में शहीद-ए-आजम भगत सिंह (Bhagat Singh) के पैतृक गांव खटकड़कलां में होने जा रहा है। दोपहर करीब 12:30 बजे राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित मान को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस समारोह में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उनके साथ पार्टी के कई दिग्गज नेता भी इस समारोह का हिस्सा बनेंगे। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कभी कॉमेडियन रहे भगवंत मान सीधे सीएम की कुर्सी तक कैसे पहुंचे? आइए जानते हैं भगवंत मान के बचपन से यहां तक का सफर... 

सतोज गांव में जुग्नू का जन्म
भगवंत मान का जन्म साल 1973 में संगरूर जिले के सतोज गांव में हुआ था और वह पेशे से कॉमेडियन, एक्टर और फिर राजनेता बन गए। मान जट्ट सिख समुदाय से आते हैं। मान ने पंजाब के संगरूर में स्थित एसयूएस कॉलेज से बीकॉम किया और वाणिज्य के क्षेत्र में ग्रेजुएशन किया। लेकिन, उनका मन नौकरी या बिजनेस की बजाय कुछ हटकर करने का था। राजनीति में आने से पहले मान फेमस कॉमेडियन भी रहे। उन्होंने तमाम कॉमेडी शोज किए और अपने चुटकुलों से करोड़ों दिलों पर राज किया। भगवंत मान अपने घरवालों के लिए अभी भी एक जुगनू ही हैं। मान के घर का नाम जुगनू है। घरवालों का मानना था कि उनका ये बच्चा एक जुगनू है जो अंधेरे में रोशनी की किरण दिखाता है। यह बात सटीक भी बैठती है। घरवाले मान को एक जुनूनी और मेहनती शख्स भी बताते हैं।

कभी कॉमेडी शो में देखा था मंत्री बनने का सपना
पंजाब में विधानसभा चुनाव (Punjab Chunav 2022) में आप की जीत के साथ ही पंजाब के नए मुख्यमंत्री भगवंत मान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो एक पुराने कॉमेडी शो का है जिसमें मान को एक छात्र की भूमिका में नजर आ रहे हैं। वीडियो में, वह किसी दिन विधायक या मंत्री बनने की इच्छा व्यक्त कर रहे हैं। इस वीडियो को आईपीएस अधिकारी रूपिन शर्मा ने ट्विटर पर शेयर किया। इसमें भगवंत मान को एक छात्र के रूप में दिखाया गया है, जिसके शिक्षक उससे पूछते हैं कि वह बड़ा होकर क्या बनना चाहता है। तो वे पंजाबी में जवाब देते हुए कहते हैं कि "अगर मुझे शिक्षा मिल जाए, तो मैं एक अधिकारी बन सकता हूं। यदि नहीं, तो मैं विधायक या मंत्री बन सकता हूं"। इसके बाद कहा जाने लगा कि शायद भगवंत मान ने अपना भविष्य देख लिया था। लेकिन इसका अंदाजा भगवंत मान को भी नहीं था कि वे एक दिन पंजाब के मुख्यमंत्री बनेंगे। 

इसे भी पढ़ें-भगवंत मान की ताजपोशी : शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पैतृक गांव में शपथ ग्रहण समारोह, एक लाख लोग बनेंगे गवाह

कार्यकर्ताओं का मान बनते गए भगवंत

मान ने राजनीति की शुरुआत मनप्रीत सिंह बादल की पार्टी पंजाब पीपल्स पार्टी से की थी। वह 2012 में लहरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे, लेकिन हार गए। इसके बाद मनप्रीत कांग्रेस में शामिल हो गए और भगवंत मान 2014 में आम आदमी पार्टी में आ गए। यहां आने के बाद मान ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। पार्टी कार्यकर्ताओं समेत नेतृत्व में अच्छी पैठ बना ली। मान के बारे में कहा जाता है कि वे अपनी शैली को लेकर पहचाने जाते हैं। उनकी साफ छवि और भाषण का अंदाज ही ताकत है। हालांकि आलोचक उन्हें अनुभवहीन बताते हैं और उन पर शराब की लत के आरोप भी लगते हैं। मान फिलहाल, पंजाब में आप के सबसे बड़े चेहरे हैं और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। वे संगरूर से दो बार लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं और लोकसभा में पार्टी के एक मात्र सांसद हैं।

इसे भी पढ़ें-भगवंत मान की अपील- पंजाबी शपथ ग्रहण में खटकड़कलां कलां गांव आए, मगर महिलाओं और पुरुषों के लिए रखीं ये शर्तें

शराब पीने के कारण चर्चा में रहे

भगवंत मान शराब पीने के कारण काफी चर्चा में रहे हैं। मान ने जनवरी 2020 में बरनाला रैली में बताया था कि उन्होंने शराब ना पीने का संकल्प लिया है। उन्होंने मंच पर अपनी माताजी और पंजाब की जनता के सामने वादा किया था कि अपना तन, मन, धन पंजाब की सेवा के लिए लगाएंगे। अब CM फेस घोषित किए जाने के बाद ये तय नहीं है कि वह कहां से चुनाव लड़ेंगे।

2015 में पत्नी और बच्चों से इसलिए अलग हुए
भगवंत मान की शादी इंद्रप्रीत कौर से हुई थी। हालांकि 2015 में दोनों अलग हो गए। दोनों के दो बच्चे हैं। एक इंटरव्यू में भगवंत मान ने खुद बताया था कि वह राजनीति के चक्कर में अपने परिवार को समय नहीं दे पाते थे। बच्चों से भी बात नहीं कर पाते थे। यही वजह रही कि पत्नी के साथ लगातार विवाद होता गया और वे आपसी सहमति से अलग हो गए। मान के एक बेटा और एक बेटी हैं, जो विदेश में रहते  हैं।

हास्य कलाकार जो 45 हजार वोटों से जीता
भगवंत मान ने पंजाब की धुरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और 45 हजार से अधिक वोटों से उन्होंने जीत हासिल की। अब वे मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने पेशेवर हास्य कलाकार से अपना सफर शुरू किया। जुगून करेक्टर से वह राजनीति पर खूब व्यंग्य करते थे। बाद में उनका रूझान राजनीति में हो गया था। हालांकि वह अपना पहला विधानसभा चुनाव हार गए थे।

इसे भी पढ़ें-पंजाब में AAP का विजय जुलूस : सड़कों पर इंकलाब के नारे, केजरीवाल-भगवंत मान पर फूलों की बारिश, देखें Photos

इसे भी पढ़ें-गोल्डन टेंपल में माथा टेका, जलियांवाला बाग में शहीदों को नमन, रोड-शो से पहले केजरीवाल-भगवंत मान की तस्वीरें

Read more Articles on
Share this article
click me!