धरती, जल और आसमान पर तिरंगा ही तिरंगा, भोपाल में दिखा देशभक्ति का अद्भुत नजारा

Published : Aug 13, 2026, 03:21 PM IST
Boat Tiranga Yatra Bhopal

सार

भोपाल में CM मोहन यादव ने विशाल नौका तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। स्वतंत्रता दिवस के इस आयोजन में फ्लोटिंग तिरंगा और खिलाड़ियों के करतब आकर्षण रहे। CM ने प्रदेश में UCC लागू करने का भी जिक्र किया।

भोपाल। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार, 13 अगस्त को देशभक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। प्रसिद्ध बोट क्लब पर ‘मेरा रंग दे बसंती चोला’ जैसे देशभक्ति गीतों के बीच चारों ओर तिरंगा नजर आया। धरती से लेकर जल और आसमान तक तिरंगे के रंगों में रंगा दिखाई दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विशाल नौका तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया और खुद भी नौका में सवार होकर देशभक्ति का संदेश दिया।

बोट क्लब पर दिखा तिरंगे का अद्भुत नजारा

स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को खास बनाने के लिए बोट क्लब पर भव्य आयोजन किया गया। यहां बड़ी संख्या में लोग तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। वहीं युवा खिलाड़ियों ने कयाकिंग और कैनोइंग के जरिए शानदार करतब दिखाकर लोगों को रोमांचित कर दिया। खिलाड़ियों ने कैनो सलालम शो के माध्यम से तिरंगे को सलामी दी।

इस दौरान बोट क्लब पर तालाब के बीच देश में पहली बार फ्लोटिंग तिरंगा भी बनाया गया। पानी के बीच लहराता विशाल तिरंगा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।

CM मोहन यादव ने नौका में सवार होकर दिया देशसेवा का संदेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नौका तिरंगा यात्रा का शुभारंभ करने के साथ खुद भी नौका में सवार होकर यात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद रहे।

सीएम यादव ने आयोजन को अद्भुत बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लोकतंत्र और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत ने दुनिया के सामने अपनी अलग पहचान बनाई है और देश अपनी क्षमता व सामर्थ्य के साथ समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

‘भारत दुनिया का सबसे युवा देश’

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अलग-अलग राज्य जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश आज अपनी ताकत और सामर्थ्य के दम पर दुनिया में नई पहचान बना रहा है।

उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश की उपलब्धियों और तीनों सेनाओं के पराक्रम का भी उल्लेख किया। सीएम ने कहा कि आज भारत ने अभूतपूर्व सामर्थ्य हासिल किया है, जिस पर हर देशवासी को गर्व है।

UCC को लेकर CM यादव का बड़ा बयान

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू होने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की प्रसन्नता है कि प्रदेश UCC लागू करने वाले बड़े राज्यों में शामिल होने जा रहा है।

सीएम ने कहा कि समान नागरिक संहिता से राज्य में समानता की भावना मजबूत होगी और धर्म के आधार पर लोगों के बीच कानून का अंतर नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि हिंदू, मुस्लिम, पारसी और ईसाई समेत सभी के लिए समान कानून की व्यवस्था होगी।

खिलाड़ियों ने दिखाई संकल्प और साहस की मिसाल

नौका तिरंगा यात्रा में कयाकिंग और कैनोइंग खिलाड़ियों के प्रदर्शन की मुख्यमंत्री ने जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का प्रदर्शन उनकी संकल्प शक्ति और कौशल को दर्शाता है।

सीएम यादव ने कहा कि खिलाड़ी मुश्किल परिस्थितियों में भी अपनी क्षमता का प्रदर्शन करते हैं। लहरों से संघर्ष करते हुए उनका साहस और संकल्प देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि भोपाल में जल के माध्यम से निकाली गई यह तिरंगा यात्रा प्रदेश के लिए एक अद्भुत और यादगार आयोजन है।

‘चारों तरफ तिरंगा ही तिरंगा दिखाई दे रहा’

मुख्यमंत्री ने कहा कि बोट क्लब पर चारों ओर तिरंगा ही तिरंगा नजर आ रहा है। उन्होंने देश की समृद्धि और सामर्थ्य की कामना करते हुए कहा कि भारत को और शक्तिशाली व सक्षम बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को आगे बढ़ाने और अमृतकाल के लक्ष्य की ओर मजबूती से बढ़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने नौका तिरंगा यात्रा के आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को बधाई भी दी।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Yuva Sansad 2026: यूथ पार्लियामेंट में CM मोहन यादव का विजन, युवा बनें रोजगारदाता
Weather Update 13 August 2026: दिल्ली-NCR से यूपी-एमपी तक बारिश का अलर्ट, महाराष्ट्र में भारी बारिश