
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को बिहार के गया जिले के बोधगया से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शाजापुर जिले में हुए 'बलराम कृषि महोत्सव’ में सहभागिता की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले के किसानों से कृषि विकास एवं किसानों के कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव किसानों को कृषि क्षेत्र में हो रहे बदलावों, आधुनिक तकनीकों और नवाचारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से किसानों को नई जानकारियां प्राप्त करने, उन्नत कृषि पद्धतियों को समझने तथा खेती में नवीन तकनीकों के उपयोग के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलता है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने और अन्नदाताओं की खुशहाली सुनिश्चित करने का अपना संकल्प और प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि शाजापुर कृषि, नवाचार और विकास के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। जिले की पहचान प्याज, आलू, सोयाबीन जैसी फसलों के साथ-साथ कृषि आधारित उद्योगों और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सड़क और एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं से शाजापुर जिले के विकास को नई गति मिलेगी तथा किसानों और स्थानीय व्यापारियों के लिए बाजारों तक पहुंच आसान होगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए प्रदेश में सिंचाई विकास, बिजली, सोलर पम्प, अनाज भंडारण, खाद्य प्रसंस्करण और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा दे रही है।
सीएम ने कहा कि नई सड़कों एवं अन्य विकास कार्यों के लिए किसानों की जमीन अधिगृहित करने पर उन्हें उनकी भूमि का चार गुना मुआवजा देने, दिन में बिजली उपलब्ध कराने, सौलर पंपों उपयोग को प्रोत्साहित करने तथा कृषि उपज के समुचित मूल्य और फसल भंडारण की बेहतर व्यवस्था के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने किसानों से प्राकृतिक खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने कि अपील की। उन्होंने बताया कि शाजापुर जिले में प्राकृतिक खेती के लिए किसानों का चयन और कृषि सखियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
सीएम ने किसानों से खेती-किसानी के साथ ही पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, फूलों की खेती, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण जैसी गतिविधियों को अपनाकर आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सांची दुग्ध संघ को और भी मजबूत किया जा रहा है। गौशालाओं के संचालन के लिए प्रति गौमाता पर 40 रुपए प्रतिदिन की सहायता दी जा रही है। पशुपालन प्रोत्साहन के लिए श्रेष्ठ गौपालक प्रतियोगिताएं और पुरस्कार योजनाएं भी संचालित की जाएंगी। शाजापुर जिले में आलू और प्याज की प्रोसेसिंग, भंडारण तथा फूड पार्क की स्थापना से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने की दिशा में भी सरकार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा से शाजापुर जिले के गांव-गांव तक नागरिकों को आधुनिक संसाधनों से लैस, सस्ती, सुविधाजनक और सुरक्षित बस से आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ग्रामीण परिवारों के आवासों के पट्टे की नि:शुल्की रजिस्ट्री की सुविधा तथा किसानों को सौर ऊर्जा से बिजली उपलब्ध कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
सीएम ने गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बोनस सहित खरीदी और भावांतर भुगतान योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार निर्णय ले रही है। किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई का रकबा विस्तारित करने और कृषि क्षेत्र को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी तरीके से पालन कराया जा रहा है। उन्होंने शाजापुर जिले के किसानों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता और भागीदारी करने का आह्वान किया।
शाजापुर जिले में हुए बलराम कृषि महोत्सव के कार्यक्रम को राज्य सहकारी बैंक मर्यादित भोपाल (अपेक्स बैंक) के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और किसान देश की समृद्धि का आधार हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में कृषि, पशुपालन और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को सीधे आर्थिक सहायता मिल रही है। सरकार द्वारा किसान कल्याण वर्ष में किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और खेती को लाभकारी बनाने के लिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं।
स्थानीय विधायक अरुण भीमावद ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश के हर जिले में ‘भगवान बलराम कृषि महोत्सव’ आयोजित हो रहा है। कृषि प्रधान शाजापुर जिले में यह महोत्सव खेती को उन्नत बनाने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सरकार की किसान हितैषी सोच को दर्शाते हैं। सरकार का उद्देश्य खेती को लाभकारी बनाना और किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना है।
कार्यक्रम में कृषि प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसमें कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा अपने विभागीय स्टाल्स लगाये गये।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।