
भोपाल। मध्य प्रदेश में सड़क और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर सरकार तेजी से काम कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में सड़कों का नेटवर्क लगातार मजबूत किया जा रहा है, जिससे आम लोगों का सफर आसान हो और विकास की रफ्तार बढ़े। अब बदलते समय की जरूरतों को देखते हुए फोरलेन सड़कों का निर्माण प्राथमिकता से किया जा रहा है। विदिशा समेत प्रदेश के सभी जिलों को इन सड़क परियोजनाओं का लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव यह बात मुख्यमंत्री निवास पर गंजबासौदा क्षेत्र से आए नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के अभिनंदन कार्यक्रम में कही। विदिशा जिले में तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी मिलने पर क्षेत्र के लोगों ने उनका आभार जताया। गंजबासौदा विधायक हरिसिंह रघुवंशी के नेतृत्व में पहुंचे जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने विशाल पुष्पहार और पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि विदिशा जिले और आसपास के क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनमें भोपाल-विदिशा मार्ग का निर्माण 1,757 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। वहीं, मेलहुआ-बीना-खिमलासा-मालथोन मार्ग पर 3,272 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा अहमदपुर-विदिशा मार्ग का निर्माण 112 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल विदिशा बल्कि आसपास के जिलों को भी बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। भोपाल और विदिशा को मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के रूप में साथ विकसित करने की दिशा में भी ये सड़कें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी भोपाल का सीहोर, रायसेन, राजगढ़ और नर्मदापुरम जिलों से जुड़ाव भी इन परियोजनाओं के माध्यम से और मजबूत होगा। इसका सबसे ज्यादा फायदा विदिशा जिले को मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क नेटवर्क बनने से जिले के विकास को नई गति मिलेगी और आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होगा।
उन्होंने कहा कि जिस तरह इंदौर और उज्जैन जुड़वा शहरों के रूप में एक-दूसरे के विकास में सहयोगी बन रहे हैं, उसी तरह भोपाल के साथ विदिशा का संबंध भी और मजबूत होगा। नई सड़क परियोजनाएं दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान बनाने के साथ विकास के नए रास्ते खोलेंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बेहतर सड़कों का फायदा समाज के हर वर्ग को मिलेगा। खासकर किसानों के लिए अपनी उपज को मंडियों और बाजारों तक पहुंचाना पहले के मुकाबले आसान होगा। इससे कृषि उपज के परिवहन में लगने वाला समय कम होगा और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर बनेगी।
विद्यार्थियों को भी इन परियोजनाओं से विशेष लाभ होगा। बेहतर सड़क संपर्क होने से उन्हें शिक्षा संस्थानों तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा आम नागरिकों के लिए भी यात्रा अधिक सुगम होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुनियादी सुविधाओं में लगातार हो रहा विस्तार सीधे तौर पर लोगों के जीवन को आसान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने समाज के हर वर्ग के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। युवाओं को रोजगार देने के लिए लगभग एक लाख पदों पर नियुक्तियों की पहल की गई है। इसके साथ ही अगले दो वर्षों में दो लाख भर्तियां करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकारी विभागों में बड़े पैमाने पर पदोन्नतियां भी की गई हैं।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाई जा रही है। चिकित्सकों के स्थायी पदों पर नियुक्तियां की जा रही हैं, ताकि लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकें। इसके अलावा प्रदेश में फूड पार्क शुरू करने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के बेहतर अवसर देने के लिए लोकसेवा आयोग की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित करने की व्यवस्था की गई है। वहीं, ग्रामीण विकास और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए वृंदावन ग्राम और गीता भवन जैसी पहल शुरू की गई हैं।
सरकार खेती और किसानी को प्रोत्साहित करने के लिए भी लगातार फैसले ले रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई जा रही हैं। सरकार और समाज मिलकर पर्व-त्योहारों को भी पूरे उत्साह के साथ मना रहे हैं। इन सभी पहलों का आम जनता ने स्वागत किया है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।