दिग्विजय के बयान पर पीएम बोले- कच्चाथीवु में कोई नहीं रहता तो क्या दे दोगे? ऐसी होती है देश सेवा

Published : Apr 11, 2024, 04:54 PM ISTUpdated : Apr 11, 2024, 04:57 PM IST
Narendra Modi Karauli rally

सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के करौली में रैली की। इस दौरान उन्होंने कच्चाथीवु द्वीप को लेकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, "कच्चाथीवु में कोई नहीं रहता है तो क्या दे दोगे?

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राजस्थान के करौली में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कच्चाथीवु को लेकर दिग्विजय सिंह के बयान को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला। दिग्विजय सिंह ने पूछा था कि कच्चाथीवु में कोई रहता है क्या? इसपर नरेंद्र मोदी ने कहा, रहता नहीं है तो क्या दे दोगे?

उन्होंने कहा, "यहां कांग्रेस सरकार के संरक्षण में पेपर लीक इंडस्ट्री खड़ी हो गई थी। मोदी ने आपको गारंटी दी थी बीजेपी सरकार आएगी, पेपर लीक माफिया जेल के भीतर दिखाई देंगे। मोदी की गारंटी पूरी हुई। आज राजस्थान ही नहीं पूरे देश में भ्रष्टाचारियों पर कड़ी कार्रवाई हो रही है। इसलिए इंडी अलायंस के लोग मोदी के खिलाफ एकजुट हो रहे हैं।"

नरेंद्र मोदी ने कहा, "भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए निकले सारे लोग कान खोलकर सुन लें, मोदी को कितनी भी धमकियां दें, भ्रष्टाचारियों को जेल जाना ही पड़ेगा। ये मोदी की गारंटी है। 60 साल सत्ता संभालने वाली कांग्रेस के पापों की लिस्ट काफी लंबी है। आज मैं कांग्रेस का एक महापाप बताता हूं। इसकी कोई माफी नहीं है। ये महापाप है राजस्थान के सम्मान के साथ खिलवाड़ का। कांग्रेस ने राजस्थान में वोट बैंक के लिए तुष्टिकरण का गंदा खेल खेला।"

कांग्रेस ने मंदिरों को गिराकर जमीनें कब्जा की

पीएम ने कहा, "कांग्रेस ने मंदिरों को गिराकर उनकी जमीनें कब्जा की। यहां राम नवमी की शोभा यात्रा पर पत्थर बरसाए जाते थे। जिस राजस्थान ने धौलपुर ने अयोध्या में 500 साल के इंतजार के बाद बन रहे भव्य राम मंदिर के लिए पत्थर भेजे उसी राम मंदिर पर कांग्रेस पार्टी के नेता कैसी-कैसी भाषा बोल रहे थे। इन लोगों ने राम लला की प्राण प्रतिष्ठा का बहिष्कार तक किया। इंडी गठबंधन में इनकी साथी पार्टी सनातन को नष्ट करने की बात करती है। ये कांग्रेस वाले उनके मौन समर्थन में खड़े रहते हैं। कांग्रेस का ये पाप माफी लायक है क्या?"

कांग्रेस के नेता पूछते हैं राजस्थान का कश्मीर से क्या नाता

पीएम ने कहा, "आप कांग्रेस नेताओं के बयानों से इनके मंसूबों का अंदाज लगा सकते हैं। कांग्रेस के शहजादे विदेश में कहते हैं भारत कोई राष्ट्र नहीं है। देश सर्जिकल स्ट्राइक करता है तो ये सेना से सबूत मांगते हैं। सेना के शौर्य को कांग्रेस के शहजादे उनकी दलाली बोलते हैं। टुकड़े-टुकड़े गैंग के पीछे सबसे पहले कांग्रेस खड़ी हो जाती है। कर्नाटक से कांग्रेस सांसद दक्षिण भारत को तोड़कर अलग करने की बात कर रहे हैं। अब तो कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक खुलेआम देश की एकता के सामने सवाल खड़े कर रहे हैं। ये विदेश की धरती पर जाकर कश्मीर का राग अलापते हैं, लेकिन जब मैं राजस्थान में कश्मीर की बात करता हूं तो ये पूछते हैं कि अगर कश्मीर से 370 हट गया तो राजस्थान का क्या वास्ता।"

यह भी पढ़ें- कच्चाथीवु द्वीप पर बयान दे दिग्विजय सिंह ने बढ़ाई कांग्रेस की परेशानी, PM से पूछा ये सवाल

उन्होंने कहा, "राजस्थान के बलिदानी वीर सैनिकों के घर जाकर पूछो। उनके गांव की मिट्टी बताएगी कि राजस्थान का कश्मीर से क्या वास्ता है। कश्मीर की धरती पर मेरे राजस्थान के अनेक वीर संतानों ने बलिदान दिए हैं। आप पूछते हैं क्या वास्ता है। इस मिट्टी की समाधियां बताएंगी राजस्थान का कश्मीर के क्या रिश्ता है। ये वही कांग्रेस है, जिसने तमिलनाडु के पास के एक द्वीप कच्चाथीवु को श्रीलंका को दे दिया था। अब इस देशविरोधी कुकृत्य को कांग्रेस बेशर्मी से जायज ठहरा रही है। कल ही कांग्रेस ने कहा है कि कच्चाथीवु पर कोई रहता है क्या? रहता नहीं है तो क्या दे दोगे? ऐसे होती है देशसेवा? ये है इनकी मानसिकता। इनके लिए देश का खाली हिस्सा सिर्फ जमीन का एक टुकड़ा है।"

यह भी पढ़ें- भीड़ से मोदी बोले, जिन्हें दिख नहीं रहा सुनकर दिल भर लें, जिनमें ज्यादा ऊर्जा है वो..., लगने लगे नारे

PREV

राजस्थान की राजनीति, बजट निर्णयों, पर्यटन, शिक्षा-रोजगार और मौसम से जुड़ी सबसे जरूरी खबरें पढ़ें। जयपुर से लेकर जोधपुर और उदयपुर तक की ज़मीनी रिपोर्ट्स और ताज़ा अपडेट्स पाने के लिए Rajasthan News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — तेज़ और विश्वसनीय राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Jaipur Weather Update: गुलाबी शहर जयपुर में बारिश-ओले का अलर्ट, फिर बढ़ेगी ठंड?
'अब कोई पुरुष जन्म नहीं लेना चाहेगा', मौत से पहले बता गया सबसे सीक्रेट सच