
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ‘जनता दर्शन’ के माध्यम से प्रदेशवासियों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनने और उनका समाधान कराने की प्रक्रिया लगातार जारी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने सोमवार को भी जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया।
इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों से मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की, उनकी समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और सभी के प्रार्थना पत्र स्वीकार किए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामलों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।
जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान पीएसी के एक सिपाही ने अपनी समस्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखी। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए मामले के उचित और समयबद्ध निस्तारण का निर्देश दिया।
इसके अलावा शाहजहांपुर से आए एक किसान ने धान खरीद केंद्र पर लापरवाही की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार अन्नदाता किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है और किसी भी किसान को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
शाहजहांपुर के किसान की शिकायत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि सभी धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी केंद्र पर धान बेचने आए किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। शासन और प्रशासन के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि खरीद प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारु रूप से संचालित हो।
जनता दर्शन में प्रयागराज से आए कई फरियादियों ने भी अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। इस पर मुख्यमंत्री ने प्रयागराज के जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी मामलों का शीघ्र और निष्पक्ष निस्तारण कराया जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर जरूरतमंद की सेवा करना है। प्रदेश की जनता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के लिए सरकार पहले दिन से ही प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बीते साढ़े आठ वर्षों से सरकार जनता की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जनता दर्शन में आए सभी लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि हर समस्या का उचित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभिभावकों के साथ आए बच्चों से भी आत्मीयता से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनके नाम पूछे, उन्हें चॉकलेट दी और मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। सीएम योगी ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद भी दिया, जिससे वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान दिखाई दी।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।