
Lucknow Auto Stand: राजधानी लखनऊ की सड़कों पर चल रहे अवैध ऑटो-टेंपो स्टैंड और यातायात जाम की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। नगर निगम सदन ने मंगलवार को आखिरकार 83 ऑटो-टेंपो स्टैंड बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास कर दिया। यह मामला करीब ढाई साल से अटका हुआ था। अब मंजूरी मिलने के बाद माना जा रहा है कि जल्द ही शहर में तय जगहों पर ऑटो-टेंपो स्टैंड शुरू हो जाएंगे। साथ ही स्ट्रीट पार्किंग का प्रस्ताव भी पास किया गया है।
लखनऊ में फिलहाल करीब 6200 ऑटो-टेंपो चलते हैं, लेकिन इनके लिए कोई तय स्टैंड नहीं है। इस वजह से अलग-अलग जगह अवैध स्टैंड बन गए थे, जहां चालकों से अवैध वसूली की जाती थी। इस मुद्दे पर लगातार आवाज उठती रही और एनबीटी ने सिलसिलेवार रिपोर्ट भी प्रकाशित की थी।
यह भी पढ़ें: कानपुर में घुटनों तक पानी, बिठूर के घरों में घुसा बाढ़ का सैलाब, आगरा तक असर
इस समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की एक संयुक्त कमिटी बनाई गई थी। इस कमिटी ने शहरभर में सर्वे कर 83 जगहों को स्टैंड के लिए चिन्हित किया।
पिछले साल चारबाग, दुबग्गा, पॉलिटेक्निक चौराहा, चिनहट तिराहा और टेढ़ी पुलिया चौराहे पर ट्रायल के तौर पर ऑटो-टेंपो स्टैंड शुरू किए गए थे। इन स्टैंड से 534 ऑटो-टेंपो चलते थे। तय शर्तों के अनुसार प्रत्येक ऑटो-टेंपो से 2000 रुपये सालाना शुल्क और रोजाना 20 रुपये वसूले जाते थे। हालांकि, छह महीने बाद ट्रायल बंद हो गया क्योंकि नगर निगम सदन की अंतिम मंजूरी नहीं मिल पाई थी।
अब मेयर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में नगर निगम सदन ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। ऐसे में उम्मीद है कि बहुत जल्द इन स्टैंड्स के संचालन के लिए टेंडर जारी कर दिए जाएंगे।
लखनऊ शहर को जाम मुक्त बनाने और यातायात को व्यवस्थित करने के लिए यह निर्णय अहम माना जा रहा है। स्टैंड तय होने से न केवल चालकों को सुविधा मिलेगी बल्कि यात्रियों को भी सुरक्षित और सुगम यात्रा का विकल्प मिलेगा।
यह भी पढ़ें: झांसी में चौंकाने वाली घटना: गांववाले बोले - “नागों का शिकार” है सीताराम, 14वीं बार भी सांप ने डसा
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।