
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर (बैडमिंटन और टेबल टेनिस) प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य शुभारंभ हुआ। गोमतीनगर स्थित बाबू बनारसी दास यूपी बैडमिंटन एकेडमी में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बैडमिंटन कोर्ट पर खिलाड़ियों के साथ खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया।
उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता 9 मई से 13 मई तक आयोजित की जा रही है। इसमें देशभर की पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में यूपी पुलिस, गुजरात पुलिस, कर्नाटक पुलिस, उड़ीसा पुलिस और छत्तीसगढ़ पुलिस सहित कई राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं। आयोजन में करीब 1400 खिलाड़ी शामिल हुए हैं। प्रतियोगिता के दौरान बैडमिंटन और टेबल टेनिस दोनों खेलों के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतियोगिता की स्मारिका का भी विमोचन किया। खिलाड़ियों को शपथ दिलाने की जिम्मेदारी कपिल चौधरी ने निभाई। इस मौके पर उत्तर प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई, जिसे सभी ने सराहा।
कार्यक्रम में 35वीं वाहिनी पीएसी के बैंड ने मधुर धुनें प्रस्तुत कीं, जिससे पूरा परिसर उत्साह और ऊर्जा से भर गया। खिलाड़ियों और दर्शकों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति का आनंद लिया।
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्तर प्रदेश सरकार और यूपी पुलिस द्वारा की गई व्यवस्थाओं की खुलकर तारीफ की। कर्नाटक police के खिलाड़ी काली कृष्णा ने कहा कि उत्तर प्रदेश एक अच्छा प्रदेश है और यहां का माहौल बेहद सकारात्मक है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी प्रशंसा की और कहा कि यहां की व्यवस्थाएं शानदार हैं।
उड़ीसा पुलिस के खिलाड़ी देवेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी टीम के नौ खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन इंतजाम किए गए हैं और सभी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। देवेंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा, 'योगी जी इज ग्रेट'।
छत्तीसगढ़ पुलिस के खिलाड़ी राजेश मणि सिंह बैडमिंटन के सिंगल, डबल और मिक्स मुकाबलों में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हर बार उन्हें बेहतरीन अनुभव मिलता है और खिलाड़ियों के रहने व खाने की व्यवस्थाएं काफी अच्छी हैं।
गुजरात पुलिस के खिलाड़ी रियाज सरवैया टेबल टेनिस के मेंस सिंगल और डबल मुकाबलों में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि गुजरात से 36 खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे हैं। रियाज ने कहा कि लखनऊ एक बेहद खूबसूरत शहर है और यहां का अनुभव उनके लिए यादगार रहा।
उन्होंने यूपी पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों के लिए जिस स्तर का आयोजन किया गया है, वह काबिले तारीफ है। साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खिलाड़ियों को प्रमोशन और डायरेक्ट भर्ती जैसे अवसर देकर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।