
लखनऊ। योगी सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों की तस्वीर तेजी से बदल रही है। जो सर्वोदय विद्यालय पहले कमजोर विकल्प माने जाते थे, अब वही छात्रों और अभिभावकों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं। सत्र 2026-27 के लिए इन विद्यालयों में प्रवेश को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला है।
सत्र 2026-27 के लिए 10,790 सीटों के मुकाबले 68,780 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो सीटों से लगभग 7 गुना अधिक हैं। यह आंकड़ा दर्शाता है कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था पर अभिभावकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई, बेहतर सुविधाएं और अनुशासित माहौल ने इन स्कूलों को खास बना दिया है।
उत्तर प्रदेश में कुल 103 सर्वोदय विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 70 बालकों और 33 बालिकाओं के लिए हैं। इन विद्यालयों में बेहतर शिक्षण व्यवस्था, आवासीय सुविधाएं और अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। यही कारण है कि ग्रामीण ही नहीं, शहरी क्षेत्रों के अभिभावक भी इन स्कूलों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
बालक वर्ग के लिए कुल 7,452 सीटें निर्धारित की गई हैं। इनमें कक्षा 6 में 4,661, कक्षा 7 में 920, कक्षा 8 में 924 और कक्षा 9 में 947 सीटें शामिल हैं। वहीं, बालिका वर्ग के लिए कुल 3,338 सीटें तय की गई हैं। इनमें कक्षा 6 में 2,310, कक्षा 7 में 294, कक्षा 8 में 358 और कक्षा 9 में 376 सीटें शामिल हैं।
बालक वर्ग में कुल 44,743 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसमें कक्षा 6 के लिए 22,088, कक्षा 7 के लिए 5,724, कक्षा 8 के लिए 5,530 और कक्षा 9 के लिए 11,401 आवेदन शामिल हैं। वहीं बालिका वर्ग में कुल 24,037 आवेदन प्राप्त हुए हैं। कक्षा 6 में 12,214, कक्षा 7 में 2,524, कक्षा 8 में 2,527 और कक्षा 9 में 6,772 आवेदन आए हैं।
दोनों वर्गों को मिलाकर कुल 68,780 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो दर्शाता है कि इन विद्यालयों में प्रवेश के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा है।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार, योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षा क्षेत्र में लगातार सुधार किए जा रहे हैं। विद्यालयों में आधुनिक संसाधन, बेहतर पढ़ाई और अनुशासन ने इन स्कूलों को अलग पहचान दी है।
सर्वोदय विद्यालय अब खासकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए एक बेहतर विकल्प बनकर उभरे हैं। यहां न केवल पढ़ाई का स्तर बेहतर है, बल्कि छात्रों के समग्र विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे उनका भविष्य मजबूत बन सके।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।