महिंद्रा थार 3-डोर फेसलिफ्ट जल्द नए अवतार में लॉन्च हो सकती है। नई ग्रिल, LED लाइट्स, डिजिटल कंसोल, 6 एयरबैग, 540 डिग्री कैमरा और ADAS जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है। जानें लॉन्च डेट, संभावित कीमत, इंजन और सभी बड़े बदलाव।
महिंद्रा की सबसे चर्चित SUVs में शामिल थार अब एक नए अवतार में आने की तैयारी कर रही है। स्कॉर्पियो-एन फेसलिफ्ट के बाद कंपनी अपनी लोकप्रिय 3-डोर थार को मिड-लाइफ अपडेट देने की दिशा में काम कर रही है। टेस्टिंग के दौरान कई बार नजर आ चुकी नई Mahindra Thar 3-Door Facelift की ताजा तस्वीरों ने इसके डिजाइन को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
सबसे बड़ा बदलाव इस बार SUV के फ्रंट हिस्से में देखने को मिल सकता है। हालांकि कंपनी ने अभी आधिकारिक तौर पर लॉन्च या फीचर्स की पुष्टि नहीं की है, लेकिन टेस्ट मॉडल और मीडिया रिपोर्ट्स से कई अहम बदलावों के संकेत मिले हैं।
नई 5-स्लॉट ग्रिल के साथ बदलेगा फ्रंट लुक
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई थार 3-डोर फेसलिफ्ट में फ्रंट ग्रिल का डिजाइन बदला जाएगा। इसे थार रॉक्स की डबल-स्टैक्ड 6-स्लैट ग्रिल से प्रेरित डिजाइन मिल सकता है। हालांकि हालिया टेस्ट मॉडल में दाईं तरफ छोटे ट्रिम पीस के साथ अलग 5-स्लॉट ग्रिल दिखाई दी है। SUV में नए 5-स्पोक अलॉय व्हील, बदली हुई व्हील आर्च क्लैडिंग और चारों तरफ LED लाइटिंग मिलने की संभावना है। नए बंपर और LED टेल लाइट्स भी अपडेट का हिस्सा हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें: लखनऊ में SI का Video हुआ Viral! युवक ने लगाए मारपीट और ₹15 हजार छीनने के आरोप, जानिए पूरा मामला
केबिन में मिल सकते हैं कई प्रीमियम फीचर्स
मौजूदा थार में 10.25 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto जैसे फीचर्स मिलते हैं। फेसलिफ्ट मॉडल में कंपनी इसे और आधुनिक बना सकती है। नई थार में डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, लेदरेट अपहोल्स्ट्री और इलेक्ट्रिक पावर स्टीयरिंग जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है। हालांकि इन फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि लॉन्च के समय ही होगी।
6 एयरबैग और ADAS से बढ़ सकती है सेफ्टी
सेफ्टी के मोर्चे पर भी नई थार में बड़ा अपडेट देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फेसलिफ्ट मॉडल में 6 एयरबैग, 540-डिग्री कैमरा, फ्रंट पार्किंग सेंसर और ADAS तकनीक शामिल की जा सकती है। मौजूदा मॉडल में ABS, EBD, ESP, TPMS, रिवर्स कैमरा और पार्किंग सेंसर जैसे फीचर्स मौजूद हैं।
इंजन में बदलाव की उम्मीद कम
नई Thar 3-Door Facelift में मौजूदा इंजन विकल्प बरकरार रहने की संभावना है। इसमें 1.5 लीटर डीजल, 2.2 लीटर डीजल और 2.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन शामिल हो सकते हैं। SUV में 6-स्पीड मैनुअल और चुनिंदा इंजन के साथ 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई थार को अक्टूबर-नवंबर 2026 के आसपास लॉन्च किया जा सकता है। इसकी कीमत मौजूदा मॉडल से थोड़ी अधिक हो सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि महिंद्रा अपनी इस आइकॉनिक ऑफ-रोड SUV में कितने बदलाव लेकर आती है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली के कूड़े के पहाड़ से मिली जमीन! 3 बड़े लैंडफिल से 95 एकड़ तक जमीन खाली
