Raksha Bandhan Travel: रक्षाबंधन पर कार से बहन के घर जा रहे हैं? हाईवे या सड़क पर आने से पहले 4 नियम जरूर जान लें, वरना बाद में भारी परेशानी हो सकती है।

Raksha Bandhan Travel Tips: रक्षाबंधन पर राखी बंधवाने बहन के घर जाने की तैयारी कर रहे हैं। कोई अपनी कार से 50 किलोमीटर तो कोई 500 किलोमीटर दूर जा रहा है। लेकिन हाईवे पर एक छोटी-सी लापरवाही आपकी जेब हल्की और परेशानी बढ़ा सकती है। राखी वाले दिन एक्सप्रेस-वे और हाईवे पर पुलिस की चेकिंग आम दिनों से दोगुनी तेज रहती है। अगर आप चाहते हैं कि आपका सफर बिना किसी रुकावट और भारी जुर्माने के पूरा हो, तो घर से निकलने से पहले सिर्फ 2 मिनट निकालकर ये 4 चीजें जरूर चेक कर लें।

फास्टैग का बैलेंस और KYC स्टेटस

हाईवे पर निकलने से पहले सबसे पहले अपने FASTag का बैलेंस चेक कर लें। अगर बैलेंस कम है तो समय रहते रिचार्ज कर लें। टोल प्लाजा पर पहुंचने के बाद अगर फास्टैग में पर्याप्त बैलेंस नहीं मिला तो आपको वहां रुकना पड़ सकता है। कई मामलों में नियमों के तहत एक्स्ट्रा चार्ज भी देना पड़ सकता है। इसलिए बहन के घर जाने से पहले एक बार मोबाइल से फास्टैग बैलेंस जरूर देख लें। इससे टोल प्लाजा पर बेवजह रुकना नहीं पड़ेगा।

FASTag को लेकर इन बातों का रखें ध्यान

  • FASTag एक्टिव है या नहीं चेक करें।
  • बैलेंस जरूरत के हिसाब से रखें।
  • जिस बैंक या ऐप से FASTag जुड़ा है, उसका अकाउंट भी चेक कर लें।
  • रिचार्ज के बाद पेमेंट अपडेट हुआ या नहीं, इसकी पुष्टि कर लें।

स्पीड लिमिट और लेन ड्राइविंग के नियम

  • त्योहार के चक्कर में हाईवे पर खाली सड़क देखकर ओवरस्पीडिंग न करें। एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे पर हाई-टेक स्पीड कैमरे लगे होते हैं, जो पलक झपकते ही ऑनलाइन चालान काट देते हैं।
  • ड्राइविंग करते समय हमेशा मिडिल या लेफ्ट लेन में ड्राइव करें। राइट लेन ब्लॉक करने पर लेन वॉयलेशन का चालान हो सकता है।

जरूरी डॉक्यूमेंट्स की वैलिडिटी

लंबी यात्रा से पहले कार के जरूरी डॉक्यूमेंट भी चेक कर लें। अगर रास्ते में ट्रैफिक पुलिस की चेकिंग होती है और आपके पास जरूरी कागज नहीं हैं तो परेशानी हो सकती है। मोबाइल में डिजिलॉकर (DigiLocker) या mParivahan जैसे वैध डिजिटल माध्यम में जरूरी दस्तावेज रख सकते हैं। घर से निकलने से पहले ड्राइविंग लाइसेंस RC (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट), वैलिड इंश्योरेंस और PUC सर्टिफिकेट जरूर लख लें। अगर इनकी वैलिडिटी खत्म हो गई है, तो पहले उसे अपडेट करा लें।

बैक सीट बेल्ट और सीट क्षमता

त्योहार पर पूरी फैमिली साथ जाती है, लेकिन गाड़ी में क्षमता से ज्यादा लोग न बैठाएं। अब कार की पिछली सीट पर बैठने वालों के लिए भी सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य है। ड्राइविंग करते समय भी सीट बेल्ट जरूर लगाएं। ओवरलोडिंग से भी बचें। 5 सीटर कार में 6 लोग बैठाने पर ट्रैफिक पुलिस गाड़ी रोककर चालान कर सकती है।

डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी और सड़क सुरक्षा जागरूकता के उद्देश्य से लिखा गया है। अलग-अलग राज्यों, नेशनल हाईवेज और एक्सप्रेस-वे पर ट्रैफिक नियम, जुर्माने के रेट्स और स्पीड लिमिट स्थानीय प्रशासन और मोटर वाहन अधिनियम (Motor Vehicles Act) के अनुसार अलग हो सकती हैं। सफर शुरू करने से पहले आधिकारिक दिशानिर्देशों और वैध दस्तावेजों की पुष्टि जरूर कर लें।