Tesla Roadster Unique Features: टेस्ला रोडस्टर में 10 रॉकेट इंजन लगने की बात कही जा रही है। ये कार छत पर उल्टी दौड़ सकती है, लेकिन सिर्फ एक सीटर है। जानें 3 अनोखी बातें।
Tesla Flying Car Features: कार अगर सड़क पर दौड़ने के साथ हवा में भी स्टंट करने लगे, तो आप क्या कहेंगे? एलन मस्क (Elon Musk) की कंपनी टेस्ला ने अपनी नई रोडस्टर (Roadster) के ऐसे फीचर्स दिखाए हैं, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया है। इस कार को खास रैंप पर उल्टी दिशा में चलते, हवा में छलांग लगाते और फिर सुरक्षित लैंड करते दिखाया गया। कंपनी का दावा है कि यह इलेक्ट्रिक कार सिर्फ 0.81 सेकेंड में 0 से 100 kmph की रफ्तार पकड़ सकती है। इसमें SpaceX की तकनीक से बने रॉकेट थ्रस्टर्स भी दिए जाएंगे। लेकिन इस कार के कुछ फीचर्स ऐसे हैं, जो इसे आम कारों से बिल्कुल अलग बनाते हैं। आइए जानते हैं टेस्ला रोडस्टर की 3 सबसे हैरान करने वाली खासियतें...
कार के अंदर रॉकेट के 10 इंजन
किसी भी स्पोर्ट्स कार में आपने पेट्रोल या पावरफुल इलेक्ट्रिक मोटर के बारे में सुना होगा, लेकिन इस कार के टॉप मॉडल (Rocket Variant) में 10 कोल्ड-गैस रॉकेट थ्रस्टर्स लगाए गए हैं। ये वही टेक्नोलॉजी है जो एलन मस्क की रॉकेट कंपनी SpaceX अपने अंतरिक्ष यानों में इस्तेमाल करती है। कार में लगे कंप्रेसर हवा को बहुत भारी दबाव (Compressed Gas) के साथ स्टोर करते हैं। जब ड्राइवर को हवा में छलांग लगानी होती है या अचानक कार मोड़नी होती है, तो ये 10 थ्रस्टर्स रॉकेट की तरह गैस छोड़ते हैं, जिससे कार हवा में उछलकर कलाबाजियां (Airborne Barrel Roll) खा सकती है।
छत पर उल्टी दौड़ने वाली तकनीक
जमीन पर दौड़ने वाली गाड़ियां तो सबने देखी हैं, लेकिन टेस्ला रोडस्टर ट्रैक पर छत से लटककर उल्टी भी चल सकती है। इसके लिए कार के नीचे एक बहुत ताकतवर पंखा (Suction System) लगाया गया है। यह सिस्टम कार के नीचे ऐसा वैक्यूम बनाता है जिससे 2G का डाउनफोर्स पैदा होता है। आसान शब्दों में कहें तो यह कार को सड़क से किसी चुंबक की तरह चिपका कर रखता है। डेमो के दौरान कार को एक बड़े कर्व वाले रैंप पर उल्टा दौड़ते हुए दिखाया गया और वह नीचे नहीं गिरी।
करोड़ों की कार, लेकिन सीट सिर्फ एक
आमतौर पर जब कोई इंसान करोड़ों रुपये खर्च करके सुपरकार खरीदता है, तो वह अपने दोस्त या परिवार को साथ बैठाकर राइड पर ले जाना चाहता है। लेकिन टेस्ला के सबसे खतरनाक 'Rocket' मॉडल में आपको यह सुख नहीं मिलेगा। इस टॉप मॉडल को कंपनी ने सिंगल-सीटर बनाया है। यानी इसमें सिर्फ ड्राइवर बैठेगा, बगल में या पीछे किसी के बैठने की जगह नहीं है। वजह यह है कि कार के बाकी हिस्से में रॉकेट थ्रस्टर्स, कंप्रेसर और गैस टैंक का पूरा तामझाम भरा हुआ है। और सबसे बड़ा झटका यह है कि इस मॉडल को आप पैसे देकर सीधे बुक भी नहीं कर सकते हैं। यह 'Invite-Only' है, यानी जब टेस्ला खुद आपको चुनेगी और न्योता भेजेगी, तभी आप इसे खरीद पाएंगे।








