केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने बिना नाम लिए आरजेडी के भाइयों पर भी दिल्ली के एक पुराने मामले में छेड़छाड़ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के बहाने कांग्रेस ओछी राजनीति और अपना अस्तित्व तलाश रही है। 

नई दिल्ली/पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के बहाने बीजेपी ने कांग्रेस और आरजेडी के खिलाफ बड़ा मोर्चा खोल दिया है। बिहार की मासूम बच्ची के साथ रेप के मामले को उठाते हुए केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने बिना नाम लिए आरजेडी के भाइयों पर भी दिल्ली के एक पुराने मामले में छेड़छाड़ का आरोप लगाया। सीतारमण ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर कांग्रेसी राज्यों में महिलाओं और मासूम बच्चियों के मामले की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के बहाने कांग्रेस ओछी राजनीति और अपना अस्तित्व तलाश रही है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पंजाब के होशियारपुर में बिहार के एक मजदूर की 6 साल की मासूम बेटी के साथ रेप का मामला सामने आया है। बच्ची की हत्या कर दी गई है। तीन दिन पहले अधजली लाश मिली है। इसी मामले को लेकर सीतारमण ने कहा- "इस विषय पर कांग्रेस पार्टी की चुप्पी दुखद है। रेप को राजनीति से जोड़ना नहीं चाहिए। महिला की सुरक्षा सभी की ज़िम्मेदारी है। रेप के मामले में राजनीति करना गलत है। जहां आपकी सरकार नहीं है वहां के रेप मामलों के खिलाफ आप भाई-बहन की जोड़ी गाड़ी में बैठकर हंसते खेलते प्रोटेस्ट करने जाएंगे। लेकिन आप होशियारपुर के ऊपर एक भी बात नहीं बोलेंगे।" 

Scroll to load tweet…

राहुल को नहीं दिखाई देता कांग्रेसी राज्यों में रेप 
उन्होंने कहा- "हर विषय में ट्वीट करने के लिए कूद पड़ने वाले राहुल गांधी जी इसके ऊपर एक भी ट्वीट नहीं किया। तीन दिन हो गए। और कल बिहार में तेजस्वी के साथ आप भी कैम्पेन करने गए थे। आरजेडी नेता तेजस्वी ने राहुल से नहीं पूछा? राजस्थान में या कहीं और जहां कांग्रेस राज में ऐसे दुष्कर्म होते हैं वो उनको दिखाई नहीं देते। राजनीतिक रोटी सेंकने के लिए बीजेपी की सरकार जहां है वहां ढूंढ-ढूंढकर जाने वाले नेता आज होशियारपुर के रास्ते नहीं देख पा रहे।"

आरजेडी के दोनों भाइयों पर लगा था छेड़छाड़ का आरोप 
सीता रमण ने कहा- "कांग्रेस का अस्तित्व खत्म हो चुका है। महिला सुरक्षा के विषय में राजनीति के जरिए अस्तित्व खोजने वाली कांग्रेस को याद दिलाना चाहती हूं कि 2008 में आरजेडी के दोनों भाइयों पर दिल्ली में छेड़छाड़ का आरोप लगा था। इसीलिए उनके मन में सम्मान नहीं है। इसलिए कांग्रेस भी आरजेडी भी बिहार के चुनाव में खड़े होकर इस विषय पर बात नहीं कर सकती। बीजेपी इस परिवार को न्याय दिलाने के लिए उनके साथ खड़े होकर संघर्ष करेगी। समय पर न्याय दिलवाएंगे।" 

निर्मला सीतारमण ने यह भी कहा कि महिलाओं के साथ अत्याचार के मामलों पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। यह सबकी ज़िम्मेदारी है कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। यह भी सुनिश्चित हो कि महिलाओं को समय पर न्याय मिले।