बिहार में महिलाओं से अपराध का ग्राफ फिर बढ़ने लगा है। पटना में सातवीं की छात्रा से गैंगरेप के बाद अररिया में एक विवाहिता की बेरहमी की हत्या कर शव को गेहूं के खेत में फेंक दिया गया। स्थानीय ग्रामीण महिला से गैंगरेप किए जाने की आशंका जता रहे है। 

अररिया। जिले के नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के बढेपारा पंचायत में गोरवा नदी के पास गेहूं के खेत से एक महिला का शव बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में महिला की पहचान बढेपारा पंचायत के पंजकरट्टा गांव निवासी अनंत यादव की पत्नी गुंजन देवी के रूप में की गई है। शव देखकर महिला के साथ हुई दरिंदगी का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। स्थानीय लोग व जांच में शामिल पुलिस भी प्रथम दृष्टया महिला के साथ दुष्कर्म की आशंका जता रहे हैं। महिला के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पति से अनबन के बाद घर से निकली थी महिला
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को किसी बात को लेकर महिला का उसके पति से विवाद हो गया था। जिसके बाद वह घर से पैसा निकालने के लिए निकली। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। ग्रामीणों ने बताया कि गुंजन की शादी तीन साल पहले अनंत यादव के साथ हुई थी। उसे दो वर्ष की पुत्री भी है। बताया जा रहा है कि अनंत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। गुरुवार को वह मजदूरी करने के लिए फारबिसगंज गया था। जबकि उसकी पत्नी दोपहर में ही पड़ोस के लोगों को बैंक से राशि निकासी करने की बात कह कर पर्स लेकर निकली थी। 

24 घंटों में मामले का होगा खुलासाःएसडीपीओ
रात में पति घर लौटा तो अपनी पत्नी को नहीं देखा। उसने आस-पास में खोजबीन की। जब वह नहीं मिली तो वह सो गया। सुबह भी उसने खोजबीन शुरू की। इसी बीच उसे पंजरकट्टा बिंदुल चौक के पास गेहूं के खेत में शव मिलने की सूचना मिली। जहां जाकर देखने पर उसने शव की शिनाख्त की। मामले की जांच में फारबिसगंज एसडीपीओ मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंची। वहां की स्थिति देखने के बाद पुलिस टीम महिला के घर बढ़ेपारा पहुंची। देर शाम तक पति एवं अन्य लोगों से घटना की छानबीन की जा रही थी। एसडीपीओ ने बताया कि 24 घंटे के अंदर मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।