22 साल की उम्र में IPS बनकर सुर्खियां बटोरने वाली काम्या मिश्रा ने नौकरी छोड़ दी, लेकिन अब उनकी एक मुलाकात ने बिहार की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से मुलाकात के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या ‘लेडी सिंघम’ अब सियासत में नई पारी शुरू करने जा रही हैं?
बिहार की पूर्व IPS अधिकारी काम्या मिश्रा एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी कोई पुलिस कार्रवाई नहीं, बल्कि जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा से मुलाकात है। पटना में हुई इस मुलाकात के बाद काम्या मिश्रा के राजनीति में आने की अटकलें तेज हो गई हैं। चर्चा है कि वह नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के साथ अपनी नई पारी शुरू कर सकती हैं। हालांकि, अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
संजय झा से मुलाकात के बाद बढ़ी सियासी चर्चा
काम्या मिश्रा ने शुक्रवार को पटना स्थित संजय झा के आवास पर उनसे मुलाकात की। दोनों ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। काम्या ने इंस्टाग्राम पर तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्होंने संजय झा को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने बिहार को राष्ट्रीय मुख्यधारा में मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में संजय झा के प्रयासों को प्रेरणादायी बताया। संजय झा ने भी इसे दीपावली की शुभकामनाओं से जुड़ी शिष्टाचार मुलाकात बताया। इसके बावजूद उनकी मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
22 साल की उम्र में बनी थीं IPS अधिकारी
काम्या मिश्रा मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली हैं। वह 2019 बैच की बिहार कैडर की IPS अधिकारी रही हैं। उन्होंने महज 22 साल की उम्र में UPSC सिविल सेवा परीक्षा पास की थी। परीक्षा में उन्हें 172वीं रैंक मिली थी।
बिहार में पुलिस अधिकारी रहते हुए उनके सख्त और तेजतर्रार अंदाज की वजह से उन्हें ‘लेडी सिंघम’ कहा जाने लगा। दरभंगा में ग्रामीण एसपी रहते हुए उन्होंने कई अहम मामलों में काम किया। इनमें वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या का मामला भी शामिल था।
IPS की नौकरी छोड़ संभाल रही हैं पारिवारिक कारोबार
- अगस्त 2024 में काम्या मिश्रा ने दरभंगा ग्रामीण एसपी के पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वह लंबी छुट्टी पर चली गई थीं। उनका इस्तीफा 2025 में मंजूर हुआ। नौकरी छोड़ने के बाद उन्होंने अपने पिता के पारिवारिक कारोबार की जिम्मेदारी संभाली।
- काम्या फिलहाल जीएम आयरन एंड स्टील कंपनी में निदेशक की भूमिका निभा रही हैं। उनके परिवार का कारोबार आयरन और स्टील से जुड़ा है।
पति भी हैं IPS अधिकारी
काम्या मिश्रा के पति अवधेश कुमार दीक्षित भी 2019 बैच के IPS अधिकारी हैं। वह बिहार में भोजपुर जिले के एसपी के तौर पर तैनात हैं। पति की बिहार में पोस्टिंग के कारण काम्या का भी राज्य से जुड़ाव बना हुआ है।
अब संजय झा से उनकी मुलाकात ने नई चर्चा छेड़ दी है। क्या काम्या मिश्रा पुलिस सेवा के बाद राजनीति में कदम रखेंगी या यह सिर्फ एक शिष्टाचार मुलाकात थी? इसका जवाब आने वाले दिनों में ही मिल पाएगा।














