नीतीश कुमार के जन्मदिन के मौके पर आयोजित जदयू के कार्यकर्ता सम्मेलन में दो लाख कार्यकर्ताओं के आने का दावा किया गया था। लेकिन मैदान में उम्मीद के अनुसार भीड़ नहीं जुटी। खाली पड़े गांधी मैदान की तस्वीर के साथ विपक्ष ने नीतीश कुमार पर तंज कसा है।  

पटना। ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित जदयू के कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी नेताओं की उम्मीद के अनुसार लोगों की भीड़ नहीं जुटी। पार्टी नेताओं की ओर से दो लाख कार्यकर्ता के आने का दावा किया जा रहा था, लेकिन गांधी मैदान का अधिकांश हिस्सा खाली ही रहा। पूरे मैदान को भरने की बात तो छोड़िए कार्यकर्ताओं के बैठने के लिए बिछाए गए ग्रीन कारपेट तक नहीं भर सके। चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं की इस बेरूखी से पार्टी के वरीय नेताओं में हलचल की स्थिति हो गई है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

तेज प्रताप यादव ने नीतीश कुमार पर कसा तंज
उल्लेखनीय हो कि इस कार्यकर्ता सम्मेलन के आयोजन और सफलता के लिए पार्टी के वरीय नेताओं के साथ-साथ मंत्री और विधायक भी जुटे थे। बकायदा सभी विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र से कार्यकर्ताओं को लेकर आने का निर्देश दिया गया था। लेकिन उसके बाद भी नीतीश की सभा में भीड़ का कम होना पार्टी के लिए चिंताजनक है। विपक्षी नेता तेज प्रताप यादव ने खाली पड़े गांधी मैदान की फोटो शेयर करते हुए नीतीश कुमार पर करारा तंज कसा है। 

Scroll to load tweet…

आधिकारिक संख्याबल की जानकारी नहीं
मालूम हो कि बिहार में अक्टूबर-नवंबर 2020 में विधानसभा चुनाव होना है। जिसके लिए सभी पार्टियां अपनी-अपनी तैयारी में जुट चुकी है। ऐसे में सत्तासीन पार्टी की रैली में कार्यकर्ताओं का टोटा कई संकेत करता है। जदयू की रैली से कुछ दिनों पहले गांधी मैदान में लेफ्ट नेता कन्हैया कुमार ने सभा की थी। कहा तो यहां तक जा रहा है कि जदयू के कार्यकर्ता सम्मेलन से ज्यादा भीड़ कन्हैया की सभा में थी। हालांकि दोनों ही पार्टियों की ओर से रैली में शामिल लोगों का कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं बताया गया है।