कुमार सानू ने एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि बॉलीवुड में नेपोटिज्म दूसरी जगहों से कहीं ज्यादा है। इतना ही नहीं, सानू को लगता है कि सुशांत राजपूत की मौत के बाद बॉलीवुड में जो क्रांति की आवाज उठी है, उससे आने वाली पीढ़ियों को भी बराबरी से काम मिल सकेगा।  

मुंबई। बॉलीवुड में नेपोटिज्म को लेकर मचे घमासान के बीच अब 90 के दशक के पॉपुलर सिंगर कुमार सानू का रिएक्शन भी आ गया है। कुमार सानू ने एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि बॉलीवुड में नेपोटिज्म दूसरी जगहों से कहीं ज्यादा है। इतना ही नहीं, सानू को लगता है कि सुशांत राजपूत की मौत के बाद बॉलीवुड में जो क्रांति की आवाज उठी है, उससे आने वाली पीढ़ियों को भी बराबरी से काम मिल सकेगा। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred
View post on Instagram

कुमार सानू ने वीडियो शेयर करते हुए कहा, मुझे अभी तक यह विश्वास नहीं हो रहा कि सुशांत सिंह ने सुसाइड कर लिया। क्या है कि जहां तक मैंने सुना है तो वे बहुत ही पॉजिटिव इंसान थे, बहुत बढ़िया एक्टर थे। बहुत कम समय में उन्होंने इतना अच्छा काम किया। बहुत सारी हिट फिल्में दीं। अपनी एक अच्छी जगह बना ली थी उन्होंने। 

बिहार से आए हुए ऐसे कितने टैलेंट हमारी इंडस्ट्री ने देखे। जैसे शत्रुघ्न सिन्हा साहब, मनोज बाजपेयी साहब, शेखर सुमन जी, उदित नारायण जी। और भी कई और आखिर में सुशांत सिंह राजपूत। उम्र में वह मेरे बच्चे की तरह हैं और इस छोटी उम्र में उसने बहुत ही अच्छा काम किया। काश सुशांत ने ऐसा कदम नहीं उठाया होता। 

कुमार सानू ने आगे कहा- सुशांत सिंह की डेथ से एक अलग ही क्रांति अभी दिखाई दे रही है। नेपोटिज्म सब जगह होता है। हमारे बॉलीवुड में थोड़ा ज्यादा है। ये आप लोग हैं, जो हमें बनाते हैं। कौन किसको बनाएगा? कौन किसको इंडस्ट्री से निकाल देगा? ये हमारे फिल्म बनाने वाले या ऊपर के लोग तय नहीं कर सकते। ये आपके हाथ में है। आप ये बोल सकते हो कि किसे रखना है और किसे गिराना है। सारे आर्टिस्ट्स को आप ही बनाते हो।

वीडियो में कुमार सानू ने मुंबई आने वाले स्ट्रगलर्स को भी सलाह दी है। वो कहते हैं- जो लोग बाहर से बॉम्बे आते हैं स्ट्रगल करने के लिए। फिर चाहे फिल्म इंडस्ट्री हो या म्यूजिक इंडस्ट्री, उनको मैं एक ही सलाह दूंगा कि मुंबई पहुंचते ही पहले आप एक जॉब पकड़ लो। उसके बाद स्ट्रगल करो। मैंने भी ऐसा ही किया था। मैंने भी एक जॉब पकड़ा। उसके बाद स्ट्रगल किया। इससे आपको रहने खाने की टेंशन नहीं होती। आपको किसी के सामने झुकना नहीं पड़ेगा। अपने टैलेंट को आप भरपूर दिखा पाएंगे। 

कुमार सानू ने आखिर में कहा- मुझे उम्मीद है कि सुशांत सिंह की वजह से आने वाली पीढ़ी को बराबरी से काम मिलेगा। ये मैं कहूंगा कि आज सुशांत सिंह मर के भी अमर हो गया। उनकी आत्मा को भगवान शांति दे। बस यही कह सकता हूं।