June 2026 New Rules: आखिर 1 जून से कौन-कौन से बड़े नियम बदलने वाले हैं? क्या LPG सिलेंडर महंगा हो सकता है? ATM से पैसे निकालने पर ज्यादा चार्ज लगेगा? UPI, PAN और रेलवे से जुड़े बदलाव आपकी जेब पर कितना असर डालेंगे?
New Rules From 1 June 2026: जून शुरू होने वाला है और इसके साथ आपकी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई नियम बदल सकते हैं। गैस सिलेंडर से लेकर ATM, UPI, बैंक, PAN कार्ड और रेलवे तक कई बड़े अपडेट सामने आ सकते हैं। इन बदलावों का असर सीधे आपकी जेब पर पड़ सकता है। अगर आपने पहले से तैयारी नहीं की, तो अगले महीने ज्यादा खर्च या परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए अभी से जान लीजिए नए महीने की पहली तारीख से क्या-क्या बदलने वाला है।

LPG सिलेंडर के दाम फिर बदल सकते हैं
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां गैस सिलेंडर के नए रेट जारी करती हैं। ऐसे में जून की शुरुआत में भी LPG की कीमतों में बदलाव देखने को मिल सकता है। पिछले महीने कमर्शियल सिलेंडर महंगा हुआ था। 19 किलो वाला सिलेंडर करीब ₹993 महंगा होकर नई दिल्ली में ₹3,071.50 पर पहुंच गया था, जिसका असर होटल और छोटे कारोबारियों पर पड़ा। अब लोगों की नजर घरेलू सिलेंडर के नए रेट्स पर है। अगर आप गैस बुक करवाने वाले हैं, तो नए रेट जरूर चेक कर लें।
ATM से पैसे निकालना पड़ सकता है महंगा
कुछ बैंक ATM नियमों में बदलाव कर सकते हैं। फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट, कैश निकालने की फीस और डेली लिमिट में बदलाव होने की संभावना है। अगर आप बार-बार ATM इस्तेमाल करते हैं, तो बैंक का नया नोटिफिकेशन जरूर पढ़ लें। नहीं तो अतिरिक्त चार्ज देना पड़ सकता है।
UPI पेमेंट में दिखेगा नया बदलाव
ऑनलाइन पेमेंट करने वालों के लिए भी नया अपडेट आ सकता है। अब तक जब आप किसी को QR कोड या मोबाइल नंबर से पैसे भेजते थे, तो स्क्रीन पर वह नाम दिखता था जो यूजर ने खुद लिख रखा होता था। लेकिन नए नियम के तहत अब स्क्रीन पर वही नाम दिखाई देगा जो उस व्यक्ति के बैंक अकाउंट में रजिस्टर्ड (Verified) है। इस बदलाव का मकसद फर्जी पेमेंट और धोखाधड़ी को कम करना है। यानी अब गलत नंबर पर पैसा भेजने का खतरा थोड़ा कम हो सकता है।
PAN कार्ड के नियम बदल सकते हैं
जून में पैन से जुड़े कई नए नियम लागू हो सकते हैं। कुछ जगहों पर PAN की जरूरत कम हो सकती है, जबकि बड़े लेनदेन में नियम और सख्त किए जा सकते हैं। इनकम टैक्स विभाग ने पैन कार्ड से जुड़े नियमों को काफी हद तक बदल दिया है, जो जून में भी पूरी तरह लागू रहेंगे। अब कुछ छोटे-मोटे ट्रांजैक्शंस के लिए पैन कार्ड की अनिवार्यता को खत्म या आसान किया गया है। जैसे प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री में पैन की लिमिट ₹10 लाख से बढ़ाकर सीधे ₹20 लाख कर दी गई है। लेकिन ध्यान रहे, अगर आप ₹45 लाख से ऊपर की कोई प्रॉपर्टी डील, गिफ्ट डीड या कोई बड़ा एग्रीमेंट कर रहे हैं, तो पैन कार्ड देना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, साल में ₹10 लाख से ज्यादा कैश निकालने पर भी कड़ी नजर रहेगी। अगर आपके पास पैन कार्ड नहीं है, तो अब पुराने फॉर्म-60 की जगह बिल्कुल नया फॉर्म-97 भरना होगा।
FD और बैंक ब्याज दरों में बदलाव संभव
कई बैंक जून में FD और सेविंग अकाउंट की ब्याज दरें बदल सकते हैं। इसका असर उन लोगों पर ज्यादा पड़ेगा जिन्होंने बैंक में पैसा जमा किया हुआ है। अगर आप FD करवाने का सोच रहे हैं, तो अलग-अलग बैंकों के नए रेट जरूर तुलना करें।
रेलवे यात्रियों को हो सकती है परेशानी
जून के महीने में अगर आप कहीं ट्रेन से यात्रा करने का प्लान बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। भारतीय रेलवे ट्रैक को अपग्रेड करने के लिए एक बड़ा मेगा ब्लॉक लेने जा रहा है। इसके चलते जून में करीब 77 ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि कई सुपरफास्ट और दूरंतो एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट बदल दिए गए हैं। इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा जाने वाली ट्रेनों पर पड़ेगा। इसलिए स्टेशन के लिए निकलने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या IRCTC ऐप पर अपनी ट्रेन का करंट स्टेटस एक बार जरूर चेक कर लें।
सोलर पैनल वालों के लिए भी बड़ा अपडेट
अगर आप अपने घर की छत पर सरकारी सब्सिडी के साथ सोलर पैनल लगवाने की सोच रहे थे, तो आपके लिए नया अपडेट है। 1 जून से सरकार ALMM (Approved List of Models and Manufacturers) के नए नियमों को सख्ती से लागू कर रही है। इसके तहत सरकारी स्कीम और सब्सिडी वाले प्रोजेक्ट्स में सिर्फ उन्हीं सोलर पैनल्स का इस्तेमाल होगा जो सरकार की अप्रूव्ड लिस्ट में शामिल हैं। नियमों में कोई ढील नहीं दी जाएगी। जानकारों का कहना है कि इससे शुरुआत में सोलर पैनल लगवाना थोड़ा महंगा जरूर हो सकता है, लेकिन आपको मिलने वाले सामान की क्वालिटी बेहद शानदार और टिकाऊ होगी।


