India GDP 7.8 Percent: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत की अर्थव्यवस्था पर सवाल उठाने वालों को करारा जवाब दिया है। उन्होंने मूडीज और JCR की रेटिंग के साथ 7.8% GDP ग्रोथ का जिक्र किया। शाह ने कहा कि 2047 तक भारत दुनिया की नंबर वन अर्थव्यवस्था बन जाएगा। साथ ही उन्होंने यूपी में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग की भी तारीफ की।

Amit Shah GDP Statement: अमित शाह ने कहा कि कुछ लोग भारत के GDP आंकड़ों पर सवाल उठाते हैं और उन्हें गलत साबित करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर आर्थिक और भू-राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था ने अपनी विकास गति बनाए रखी है। शाह ने अपने भाषण में Moody’s के भारत की FY27 ग्रोथ के अनुमान को 6% से बढ़ाकर 7% किए जाने का भी उल्लेख किया।

भारत की वास्तविक GDP वृद्धि अप्रैल-जून तिमाही में 7.8% रही। वहीं, Moody’s Ratings ने सितंबर में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि का अनुमान 7% किया, जो उसके पिछले 6% अनुमान से अधिक है।

JCR ने BBB+ से बढ़ाकर A- की रेटिंग की

शाह ने जापान क्रेडिट रेटिंग एजेंसी यानी JCR के हालिया फैसले का भी जिक्र किया। JCR ने 2 सितंबर को भारत की विदेशी मुद्रा और स्थानीय मुद्रा वाली दीर्घकालिक सॉवरेन रेटिंग को एक पायदान बढ़ाकर A- कर दिया। इससे पहले भारत की रेटिंग BBB+ थी और आउटलुक Stable रखा गया है।

JCR ने रेटिंग बढ़ाने के पीछे भारत की मजबूत आर्थिक वृद्धि, निजी खपत, सार्वजनिक निवेश और वित्तीय प्रणाली में सुधार जैसे कारकों का उल्लेख किया था।

‘डेड इकॉनमी’ वाली टिप्पणी पर भी निशाना

अमित शाह ने उन आलोचनाओं पर भी प्रतिक्रिया दी, जिनमें भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘डेड’ बताया गया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की सोच ही ‘मरी हुई’ है, उन्हें देश की अर्थव्यवस्था में ऊर्जा और बदलाव दिखाई नहीं दे सकता।

शाह ने अपने भाषण में यह भी कहा कि सरकार ने कई देशों के साथ व्यापार समझौते किए हैं, जिससे भारतीय उद्योगों के लिए निर्यात के अवसर बढ़े हैं। उन्होंने वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत की आर्थिक वृद्धि जारी रहने की बात कही।

2047 तक भारत को बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य

शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि भारत आजादी के 100वें वर्ष तक हर क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करेगा। उन्होंने वैश्विक परिस्थितियों के बीच भारत की आर्थिक क्षमता और विकास की गति पर भरोसा जताया।

डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग पर भी फोकस

अपने संबोधन में अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में रक्षा उत्पादन और डिफेंस कॉरिडोर को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि झांसी, चित्रकूट, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़ और कानपुर जैसे छह नोड्स में रक्षा क्षेत्र से जुड़े निवेश और उत्पादन गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।

शाह ने ब्रह्मोस मिसाइल और अमेठी में AK-203 असॉल्ट राइफल के उत्पादन का उदाहरण देते हुए स्वदेशी रक्षा विनिर्माण में बदलाव की बात कही। उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश के बढ़ते औद्योगिक और विनिर्माण आधार से जोड़कर पेश किया।

UP International Trade Show में क्या खास?

UP International Trade Show 2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के India Expo Centre & Mart में किया जा रहा है। चौथे संस्करण में उत्तर प्रदेश के उद्योग, MSME, कृषि, हस्तशिल्प, रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, पर्यटन और अन्य क्षेत्रों के उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने पर जोर है। आयोजन में 2,400 से ज्यादा प्रदर्शकों और 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।