अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के ईरान पर तनाव रोकने के ऐलान से ठीक पहले, एक अनजान ट्रेडर ने बड़ा दांव खेला। उसने 12,600 करोड़ के शेयर खरीदे और सिर्फ 20 मिनट में 840 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया। इस घटना से शक है कि ट्रेडर को फैसले की जानकारी पहले से थी।
वॉशिंगटन: शेयर बाजार का खेल बड़ा निराला है। दुनिया में होने वाली बड़ी घटनाओं का इस पर सीधा असर पड़ता है। जैसे कहीं युद्ध या भूकंप जैसी आपदा आए तो मार्केट धड़ाम से नीचे गिर जाता है। वहीं, सरकार के कुछ बड़े फैसलों से बाजार में उछाल भी आ जाता है। ऐसा ही कुछ अमेरिका में हुआ, जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक ऐलान ने किसी अनजान शख्स या संस्था को सिर्फ 20 मिनट में 840 करोड़ रुपये का मालिक बना दिया।
सिर्फ 20 मिनट में 840 करोड़ का मुनाफा
यह हैरान करने वाला मामला तब सामने आया जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ चल रहे तनाव पर 5 दिन के लिए ब्रेक लगाने का ऐलान किया। इस ऐलान के कुछ ही मिनट पहले, किसी अनजान शख्स या ग्रुप ने अमेरिकी शेयर बाजार में बड़ा दांव खेला और सिर्फ 20 मिनट के अंदर 840 करोड़ रुपये का मोटा मुनाफा कमा लिया। अब इस पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या उस ट्रेडर को ट्रंप के ऐलान की भनक पहले ही लग गई थी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप ने जंग रोकने का ऐलान अमेरिकी समय के मुताबिक सोमवार सुबह 7 बजकर 5 मिनट पर किया। लेकिन इससे ठीक 15 मिनट पहले, एक अनजान ट्रेडर ने करीब 12,600 करोड़ रुपये के S&P 500 फ्यूचर्स शेयर खरीद लिए। आमतौर पर सुबह के इस वक्त बाजार में इतनी बड़ी हलचल नहीं होती, लेकिन फिर भी यह बड़ी खरीदारी हुई।
जैसे ही 7 बजकर 5 मिनट पर ट्रंप का ऐलान आया, शेयर बाजार में तेजी आ गई। सिर्फ 5 मिनट के अंदर, यानी 7 बजकर 10 मिनट तक, बाजार चढ़ चुका था। ट्रंप के ऐलान से पहले सटीक कैलकुलेशन के साथ पैसा लगाने वाले उस 'मिस्ट्री ट्रेडर' को अपने निवेश पर 840 करोड़ रुपये का सीधा फायदा हुआ। इस पूरी टाइमिंग को देखकर शक गहरा गया है कि ट्रेडर को ट्रंप के फैसले की जानकारी पहले से थी।


