बेंगलुरु के एक स्टार्टअप फाउंडर ने विजय माल्या से उनका किंगफिशर टावर्स पेंटहाउस किराए पर मांगा। जन्मदिन पार्टी के लिए उन्होंने कोई भी कीमत देने की पेशकश की। यह करोड़ों का बंगला 10 साल से खाली और कानूनी मामलों में फंसा हुआ है।

बेंगलुरु: भगोड़े कारोबारी विजय माल्या का बेंगलुरु वाला मशहूर 'किंगफिशर टावर्स' का पेंटहाउस एक रात के लिए किराए पर मिलेगा क्या? ये सवाल बेंगलुरु के ही एक स्टार्टअप फाउंडर ने माल्या से खुलेआम पूछा है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, "मैं बहुत सीरियस हूं, आप कीमत बताएं, मैं कोई भी रकम चुकाने को तैयार हूं।" इस ट्वीट ने इंटरनेट पर सबका ध्यान खींच लिया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

प्रियम राज नाम के एक स्टार्टअप फाउंडर ने X (पहले ट्विटर) पर विजय माल्या को टैग करते हुए यह दिलचस्प ऑफर दिया। उन्होंने लिखा, "डियर विजय माल्या, मैं बेंगलुरु का एक बिजनेसमैन हूं। 23 मार्च को मेरा जन्मदिन है। मैं वहां ऐसी शानदार पार्टी देना चाहता हूं, जैसी बेंगलुरु शहर ने पहले कभी नहीं देखी हो और उन 'गुड टाइम्स' के दिनों को फिर से याद करना चाहता हूं। बेंगलुरु को अब उस एनर्जी की जरूरत है।"

इतना ही नहीं, उन्होंने आगे लिखा, "क्या किंगफिशर विला (पेंटहाउस) एक रात के लिए किराए पर मिल सकता है? मैं मजाक नहीं कर रहा, बहुत सीरियस हूं। आप जो भी कीमत मांगेंगे, मैं दूंगा। अगर अब ये आपके पास नहीं है, तो प्लीज बताएं कि इसका मालिक कौन है।"

'मजाक में किया था ट्वीट', बोले बिजनेसमैन!

जैसे ही ये ट्वीट वायरल हुआ, प्रियम राज ने एक और पोस्ट में बताया कि यह बस एक मजाकिया ट्वीट था। उन्होंने कहा, "पिछली बार मैंने अपना बर्थडे किंगफिशर टावर के ठीक सामने वाले 'स्काई' (Skyee) होटल में मनाया था। तब मैंने इस बिल्डिंग को देखकर सोचा था कि यहां ऊपर पार्टी करने में कैसा लगेगा। अब जब ये ट्वीट खबर बन गया है, तो मैं सच में इस बारे में गंभीरता से सोच रहा हूं।"

Scroll to load tweet…

10 साल से खाली पड़ा है करोड़ों का बंगला!

प्रियम ने इस बात पर भी अफसोस जताया कि शहर के बीचों-बीच इतनी खूबसूरत प्रॉपर्टी बेकार पड़ी है। उन्होंने अपनी इच्छा जाहिर करते हुए लिखा, "आसमान में बना ये करोड़ों डॉलर का बंगला पिछले 10 साल से खाली पड़ा है। खूबसूरत चीजों का इस्तेमाल होना चाहिए। जिंदगी बहुत छोटी है, जब तक हम इस धरती पर हैं, एक अच्छी पार्टी तो बनती है।"

दिलचस्प बात यह है कि हाल ही में एक पॉडकास्ट में खुद विजय माल्या ने इस बारे में बात की थी। उन्होंने बताया था, “वो आलीशान पेंटहाउस अभी भी अधूरा है और कानूनी-वित्तीय पचड़ों (लिक्विडेशन) में फंसा हुआ है। इसी वजह से उसका काम बीच में ही रुका हुआ है।”