8th CPC Salary Hike: 8वें वेतन आयोग के सामने कर्मचारी संगठन ने 73 मांगें रखी हैं। इनमें बेसिक पे में 50% DA मर्ज, सालाना इंक्रीमेंट दोगुना करने और OPS बहाल करने का प्रस्ताव है।
8th Pay Commission Latest Updates: देश के करोड़ों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजरें इस वक्त 8वें वेतन आयोग पर टिकी हैं। इसी बीच कर्मचारियों की सैलरी, पेंशन और भत्तों में बड़ा बदलाव करने की कवायद तेज हो गई है। रक्षा मंत्रालय से मान्यता प्राप्त बड़े कर्मचारी संगठन भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (BPMS) ने आयोग के सामने करीब 73 मांगों की एक नई लिस्ट रखी है। आयोग के साथ दूसरे दौर की बातचीत में 18 नवंबर 2026 को सौंपे गए इस ज्ञापन में सिविलियन डिफेंस कर्मियों समेत सभी केंद्रीय कर्मचारियों की जेब भरने वाले कई बड़े सुझाव दिए गए हैं। संगठन ने अपनी 73 मांगों में से जिन 13 सबसे अहम मुद्दों पर जोर दिया है, वे सीधे हर कर्मचारी के परिवार से जुड़े हैं। इससे पहले अप्रैल 2026 में भी संगठन ने अपनी बात रखी थी। अगर आयोग इन मांगों पर मुहर लगा देता है, तो कर्मचारियों की टेक-होम सैलरी से लेकर रिटायरमेंट तक की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।
8वें वेतन आयोग से की गईं 13 सबसे बड़ी मांगें
बेसिक पे में जुड़े 50% महंगाई भत्ता (DA)
संगठन का कहना है कि 8वें वेतन आयोग के तहत नई सैलरी और पेंशन तय करने से पहले मौजूदा 50% डीए को बेसिक पे और बेसिक पेंशन में मिला दिया जाए। इससे सैलरी का बेस काफी मजबूत हो जाएगा।
सालाना इंक्रीमेंट दोगुना हो
अभी कर्मचारियों को साल में सिर्फ 3% का इंक्रीमेंट मिलता है। बढ़ती महंगाई को देखते हुए इसे दोगुना यानी बेसिक पे का 6% करने की मांग की गई है, ताकि हर साल सैलरी में सम्मानजनक बढ़ोतरी हो।
महंगाई के हिसाब से तय हो न्यूनतम सैलरी
न्यूनतम बेसिक पे तय करते समय बाजार में खाने-पीने और जरूरी चीजों की असली कीमतों और एक परिवार के खर्च (ILC नॉर्म्स और एक्रॉयड फॉर्मूला) को आधार बनाया जाए।
सही फिटमेंट फैक्टर और सैलरी का अंतर
महंगाई की मार से बचाने के लिए एक मजबूत फिटमेंट फैक्टर लागू किया जाए। साथ ही सबसे निचले और सबसे ऊंचे पद की सैलरी का अनुपात 1:10 से ज्यादा न हो।
UPS-NPS बंद कर पुरानी पेंशन लौटे
रिटायरमेंट के बाद सुरक्षित भविष्य के लिए संगठन ने नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) और नई यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) दोनों को खत्म कर पुरानी पेंशन योजना (OPS) को फिर से लागू करने की मांग की है।
हर कर्मचारी को मिले बोनस का फायदा
एड-हॉक बोनस और प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) बिना किसी भेदभाव के ऊपर से नीचे तक सभी कर्मचारियों को मिले। इसकी गणना संबंधित पे-लेवल की न्यूनतम सैलरी पर हो और कम से कम 30 दिन की सैलरी व डीए के बराबर बोनस मिले।
₹30 हजार से बढ़कर ₹15 लाख हो बीमा कवर
सेंट्रल गवर्नमेंट एम्प्लॉइज ग्रुप इंश्योरेंस स्कीम (CGEGIS) के तहत मिलने वाला बीमा कवर अभी महज ₹30,000 है। कर्मचारी परिवारों की सुरक्षा के लिए इसे बढ़ाकर कम से कम ₹15 लाख करने का प्रस्ताव है।
डिपॉजिट लिंक्ड इंश्योरेंस ₹10 लाख हो
अगर किसी कर्मचारी की सेवा के दौरान मृत्यु हो जाती है, तो उसके परिवार को आर्थिक सहारा देने के लिए डिपॉजिट लिंक्ड इंश्योरेंस की राशि बढ़ाकर ₹10 लाख की जाए।
GPF और EPF की ब्याज दरें बराबर हों
कर्मचारियों की रिटायरमेंट बचत सुरक्षित रखने के लिए जनरल प्रोविडेंट फंड (GPF) पर मिलने वाला ब्याज किसी भी हाल में EPF की ब्याज दर से कम नहीं होना चाहिए।
बिना ब्याज वाला एडवांस फिर शुरू हो
सरकार ने पहले जो बिना ब्याज वाले एडवांस (Interest-free advances) बंद या सीमित कर दिए थे, उन्हें दोबारा शुरू किया जाए ताकि कर्मचारी अपनी जरूरी पारिवारिक जिम्मेदारियां पूरी कर सकें।
ज्यादा पढ़ाई करने पर मिलें 2 एक्स्ट्रा इंक्रीमेंट
अगर कोई कर्मचारी नौकरी के दौरान अपने काम से जुड़ी उच्च शिक्षा या प्रोफेशनल डिग्री हासिल करता है, तो उसे एकमुश्त रकम देने के बजाय नर्सिंग स्टाफ की तरह 2 अतिरिक्त इंक्रीमेंट दिए जाएं।
बच्चों की PG तक की पढ़ाई का खर्च उठाए सरकार
चिल्ड्रन एजुकेशन अलाउंस (CEA) का दायरा बढ़ाकर बच्चों की पोस्ट-ग्रेजुएशन (PG) तक की पढ़ाई के लिए लागू किया जाए, जिससे माता-पिता पर उच्च शिक्षा का बोझ कम हो।
हर LTC पर 20 दिन की छुट्टी कैश कराने की छूट
कर्मचारियों को हर बार लीव ट्रैवल कंसेशन (LTC) का लाभ लेते समय 20 दिनों की छुट्टी (Leave Encashment) कैश कराने की अनुमति दी जाए।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी और जागरूकता के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें दी गई सभी बातें भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (BPMS) द्वारा 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) को सौंपे गए मांग-पत्र पर आधारित हैं। ये सिर्फ कर्मचारी संगठन के प्रस्ताव हैं, जिन्हें अभी तक आयोग या केंद्र सरकार की ओर से कोई आधिकारिक मंजूरी नहीं मिली है। सैलरी, पेंशन या भत्तों में किसी भी तरह का बदलाव आयोग की अंतिम सिफारिशों और भारत सरकार के आधिकारिक नोटिफिकेशन के बाद ही मान्य होगा। किसी भी वित्तीय निर्णय या ताजा अपडेट के लिए संबंधित विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें।
















