Tata Steel Share Crash: टाटा स्टील का शेयर सोमवार, 23 नवंबर को करीब 8% टूट गया। जानें APL Apollo डील क्यों बनी गिरावट की वजह और क्या है इसका नया टारगेट प्राइस।

Tata Steel Share Price Target: शेयर बाजार में सोमवार, 23 नवंबर 2026 को टाटा स्टील के निवेशकों को बड़ा झटका लगा। कारोबारी सत्र के दौरान कंपनी के शेयर में जबरदस्त बिकवाली देखने को मिली और ये करीब 8 फीसदी (7.92%) तक टूटकर ₹163.75 के निचले स्तर पर आ गया। अगर आपके पोर्टफोलियो में भी टाटा स्टील का शेयर है, तो घबराने से पहले इसके पीछे की असली वजह समझना बहुत जरूरी है। दरअसल, कंपनी की एक बड़ी डील और एक विदेशी ब्रोकरेज फर्म की रिपोर्ट ने निवेशकों का मूड बिगाड़ दिया है।

आखिर क्यों धड़ाम हुआ टाटा स्टील का शेयर?

1. ₹32,266 करोड़ की मेगा डील बाजार को नहीं आई रास

टाटा स्टील ने एपीएल अपोलो ट्यूब्स (APL Apollo Tubes) के साथ एक बड़े समझौते का ऐलान किया है। टाटा स्टील अपनी सब्सिडियरी 'टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड' की पूरी हिस्सेदारी बेचेगी और अपना स्टील ट्यूब्स बिजनेस एपीएल अपोलो को सौंपेगी, जिसकी कुल कीमत ₹28,000 करोड़ (₹280 अरब) तय हुई है। इसके साथ ही टाटा स्टील ₹2,100 प्रति शेयर के भाव पर एपीएल अपोलो में प्रमोटर की 26.6% हिस्सेदारी ₹15,510 करोड़ में खरीदेगी। इसके अलावा ₹2,301.40 प्रति शेयर के हिसाब से 26% अतिरिक्त हिस्सेदारी के लिए ओपन ऑफर लाएगी, जिस पर करीब ₹16,756 करोड़ खर्च होंगे।

इससे क्यों डर रहे निवेशक?

इस पूरी खरीद पर टाटा स्टील का कुल खर्च ₹32,266 करोड़ तक जा सकता है। हालांकि कंपनी का मकसद 2035 तक 15.5 MTPA की क्षमता वाला बड़ा बिजनेस खड़ा करना है, लेकिन निवेशकों को चिंता है कि इतना बड़ा खर्च कंपनी के मुनाफे और कर्ज पर दबाव डाल सकता है। इसी वजह से APL Apollo Tubes का शेयर भी 15.56% तक लुढ़क गया। (यह डील वित्त वर्ष 2027 तक पूरी होने की उम्मीद है।)

विदेशी ब्रोकरेज ने घटाया टारगेट प्राइस

ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस मॉर्गन स्टेनली (Morgan Stanley) ने भारतीय स्टील शेयरों को लेकर सतर्क रुख अपनाया है। ब्रोकरेज ने टाटा स्टील की रेटिंग को 'Overweight' से घटाकर 'Equal Weight' कर दिया है और इसका टारगेट प्राइस ₹50 घटाकर ₹235 से सीधे ₹185 कर दिया है।

बाकी मेटल शेयरों का हाल

सोमवार को एनएसई (NSE) पर टाटा स्टील ₹163.90 (-7.92%) पर ट्रेड करता दिखा। इसके अलावा JSW Steel (1.97%), SAIL (2.22%), NMDC (2.32%), Hindalco (1.94%) और Vedanta (1.22%) के शेयरों में भी गिरावट रही।

डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। इसे किसी शेयर को खरीदने या बचेने की सलाह न माना जाए। शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले अपने सेबी रजिस्टर्ड वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।