त्योहारी सीजन में AC, LED TV, वॉशिंग मशीन और फ्रिज महंगे हो सकते हैं। कंपनियां कच्चे माल, लॉजिस्टिक्स और करेंसी लागत बढ़ने का बोझ ग्राहकों पर डालेंगी।

Festive Season Price Hike: त्योहारी सीजन में खरीदारी इस बार ग्राहकों के लिए महंगी हो सकती है। 1 अक्टूबर से एयर कंडीशनर (AC), LED TV, वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर और घर के दूसरे बड़े उपकरणों की कीमतों में 5-8% तक बढ़ोतरी हो सकती है। बड़ी कंपनियां उत्पादन और लॉजिस्टिक्स की बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालने की तैयारी कर रही हैं।

कच्चे माल और ढुलाई की बढ़ी लागत बनी वजह

कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हो रही है, जब कंपनियां वेस्ट एशिया में जारी संकट के बीच कच्चे माल की बढ़ती कीमत, महंगी ढुलाई और करेंसी में उतार-चढ़ाव जैसी चुनौतियों का सामना कर रही हैं। इंडस्ट्री के अधिकारियों के हवाले से PTI ने बताया कि AC की कीमतों में 5-8% तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, कुछ कंपनियां वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर और LED TV की कीमतों में भी 3-4% तक इजाफा कर रही हैं।

त्योहारी मांग पर पड़ सकता है असर

कीमत बढ़ने से त्योहारी सीजन में इलेक्ट्रॉनिक सामान की मांग प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इंडस्ट्री से जुड़े कुछ लोगों का मानना है कि इसका असर सीमित रह सकता है। इसकी एक वजह यह है कि डीलरों और डिस्ट्रीब्यूटर्स ने अगस्त और सितंबर में प्री-बाइंग स्कीम के तहत पुरानी कीमतों पर पहले ही काफी स्टॉक जमा कर लिया है। ऐसे में ग्राहकों को कुछ समय तक पुराने दाम पर सामान मिलने की संभावना बनी रह सकती है।

इन कंपनियों ने बढ़ाई कीमतें

रिपोर्ट के मुताबिक, ब्लू स्टार, गोदरेज अप्लायंस, हायर, डाइकिन और सुपर प्लास्ट्रोनिक्स जैसी कंपनियों ने अलग-अलग कैटेगरी में 4-10% तक कीमत बढ़ाने की घोषणा या पुष्टि की है। वहीं, पैनासोनिक ने कहा है कि वह कीमत बढ़ाने का कोई भी फैसला लेने से पहले मौजूदा स्थिति का आकलन कर रही है।

Blue Star ने AC और डीप फ्रीजर के दाम बढ़ाए

PTI के मुताबिक, ब्लू स्टार के मैनेजिंग डायरेक्टर बी. त्यागराजन ने बताया कि कच्चे माल की लागत बढ़ने के कारण AC और डीप फ्रीजर की कीमतें पहले ही 5-8% तक बढ़ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि युद्ध की वजह से सभी कमोडिटी की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है। उनके मुताबिक, कॉपर, स्टील और प्लास्टिक सभी महंगे हो गए हैं।

Haier ने कहा- कीमत नहीं बढ़ाई तो होगा नुकसान

हायर इंडिया के प्रेसिडेंट एनएस सतीश ने कहा कि अगर कंपनी कीमतें नहीं बढ़ाती है तो उसे नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कीमत बढ़ाने पर बिक्री पर कुछ असर पड़ सकता है, लेकिन कंपनी के पास इसके अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है।

Daikin ने 8-10% तक बढ़ाए दाम

डाइकिन एयरकंडीशनिंग इंडिया के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर कंवलजीत जावा ने बताया कि कंपनी ने 16 सितंबर से कीमतों में 8-10% तक की बढ़ोतरी कर दी है। PTI की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा कि कॉपर की कीमतों में करीब 25-35% तक बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही डॉलर मजबूत हो रहा है और कमोडिटी की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। उनके मुताबिक, इन परिस्थितियों के कारण कंपनियों पर लागत का भारी दबाव बना हुआ है।