Digi Yatra International: अब एयरपोर्ट पर डोमेस्टिक उड़ान में ही नहीं, इंटरनेशनल उड़ानों के लिए भी ID दिखाने की जरूरत कम होगी। Digi Yatra जल्द ही ऐसा इंटरनेशनल एंट्री सिस्टम लाने जा रहा है, जिससे विदेश यात्रा ज्यादा आसान हो जाएगी। जानें इस नए बदलाव के बारे में।
Digi Yatra Airport Entry Without ID: भारत में एयरपोर्ट पर बिना टिकट दिखाए सिर्फ चेहरे से एंट्री देने वाला डिजी यात्रा (Digi Yatra) अब अगले बड़े बदलाव की तरफ बढ़ रहा है। अभी तक ये सुविधा सिर्फ घरेलू उड़ानों तक सीमित थी, लेकिन अब इसका दायरा इंटरनेशनल ट्रैवल और एयरपोर्ट के बाहर की सेवाओं तक फैलने वाला है। इसके लिए टेस्टिंग भी शुरू हो चुकी है। जानिए Digi Yatra कैसे विदेश यात्रा में भी काम आएगा और इसे किस तरह से वन-स्टॉप डिजिटल पहचान बनाने की तैयारी चल रही है।
अब विदेश यात्रा में भी काम आएगा Digi Yatra
डोमेस्टिक उड़ान से आगे अब Digi Yatra की सबसे बड़ी अगली छलांग इंटरनेशनल फ्लाइट्स को लेकर है। कंपनी ने बेंगलुरु-दोहा जैसे रूट पर इलेक्ट्रॉनिक पासपोर्ट के जरिए टेस्टिंग भी शुरू कर दी है। इसका मतलब ये है कि आने वाले समय में आप भारत से निकलते वक्त जो डिजिटल आईडी इस्तेमाल करेंगे, वही पहचान विदेश के एयरपोर्ट पर भी काम आ सकती है। हालांकि, अभी इसमें इमिग्रेशन शामिल नहीं है, क्योंकि इसके लिए अलग-अलग देशों की मंजूरी और नियम जरूरी होंगे।
छोटे शहरों के एयरपोर्ट तक भी Digi Yatra का विस्तार
अभी Digi Yatra देश के 38 एयरपोर्ट पर चालू है और बड़े शहरों यानी टियर-1 और टियर-2 में लगभग कवर हो चुका है। अब फोकस छोटे यानी टियर-3 शहरों के एयरपोर्ट पर है, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को यह सुविधा मिल सके।
आधार के बिना, डिजिटल पासपोर्ट से ऑनबोर्डिंग की तैयारी
फिलहाल Digi Yatra में रजिस्ट्रेशन के लिए आधार कार्ड जरूरी होता है, लेकिन अब इसमें बदलाव की तैयारी है। कंपनी इलेक्ट्रॉनिक पासपोर्ट के जरिए भी ऑनबोर्डिंग टेस्ट कर रही है। इसका फायदा यह होगा कि जिनके पास आधार नहीं है, वे भी जुड़ पाएंगे। इंटरनेशनल ट्रैवल के लिए पहचान और आसान हो जाएगी
Digi Yatra का भविष्य का प्लान: एक देश की ID, दूसरे देश में भी होगी मान्य
Digi Yatra का असली विजन एक ग्लोबल डिजिटल आईडी सिस्टम बनाना है। यानि अगर आपने भारत में अपनी पहचान शेयर की, तो वही डेटा दूसरे देश के एयरपोर्ट पर भी इस्तेमाल हो सकेगा। लेकिन इसके लिए इंटरनेशनल नियम, देशों के बीच समझौते और एक जैसे टेक्नोलॉजी स्टैंडर्ड जरूरी होंगे।
एयरपोर्ट से बाहर भी Digi Yatra के इस्तेमाल की तैयारी
Digi Yatra सिर्फ फ्लाइट तक सीमित नहीं रहना चाहता। आने वाले समय में इसका इस्तेमाल होटल चेक-इन, इवेंट एंट्री और दूसरी डिजिटल सेवाओं में भी हो सकता है। यानि एक तरह से यह आपकी वन-स्टॉप डिजिटल पहचान बन सकती है। इससे फायदा यह होगा की लोगों को लंबी लाइनों से छुटकारा मिलेगा, बार-बार ID दिखाने की जरूरत खत्म हो जाएगी। ट्रैवल और भी तेज और आसान होगी। यहां तक कि भविष्य में इंटरनेशनल यात्रा में भी झंझट कम हो जाएंगे।


