EPF Scheme 2026: पीएफ के नए नियम से हाथ में ज्यादा सैलरी आ सकती है, लेकिन क्या ये फायदेमंद है या इससे बड़ा नुकसान होने वाला है? जानिए क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
PF New Rules: महीने की सैलरी स्लिप में अगर अचानक 1,000-2,000 रुपए ज्यादा दिखने लगें, तो आपका पहला रिएक्शन क्या होगा? आप खुश हो जाएंगे, है ना? लेकिन क्या आप जानते हैं कि ये खुशी आपके बुढ़ापे पर भारी पड़ सकती है। EPFO ने PF से जुड़ा एक बड़ा नियम बदल दिया है। जिसका असर आपकी आज की सैलरी और आने वाले कल की बचत दोनों पर पड़ने वाला है। सबसे बड़ी बात कि फैसला अब आपके हाथ में है और गलत फैसला बहुत महंगा पड़ सकता है। आइए समझते हैं पूरा मामला और ईपीएफओ का नया नियम...

EPFO नियम में क्या बदल गया है?
29 जून 2026 से सरकार ने एक नई पीएफ स्कीम लागू कर दी है, जिसने 1952 से चली आ रही पुरानी व्यवस्था की जगह ले ली है। देश के करीब 8 करोड़ नौकरी करने वाले लोगों पर इसका असर पड़ेगा। पहले आपकी बेसिक सैलरी का 12% हिस्सा हर महीने PF खाते में जाता था, चाहे आपकी बेसिक सैलरी कितनी भी हो। कंपनी भी उतना ही पैसा जोड़ती थी। अब नए नियम में अनिवार्य रूप से सिर्फ 15,000 रुपए की सैलरी तक ही 12% कटेगा, यानी ज्यादा से ज्यादा 1,800 रुपए ही कटेगा। भले आपकी बेसिक सैलरी 50,000 हो, 80,000 हो या 1 लाख, कानूनी तौर पर सिर्फ 1,800 रुपए ही कटना जरूरी है। बाकी पैसा अब आपकी मर्जी की बात है।
EPFO के नए नियम से सैलरी बढ़ेगी या PF की बचत घटेगी?
फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स कहते हैं कि इससे दोनों हो सकता है और यही असली पेच है। अगर आपकी कंपनी और आप दोनों राजी हों, तो जो एक्स्ट्रा पैसा पहले पीएफ में जाता था, वो अब सीधा आपके हाथ में आ सकता है। मतलब महीने की इन-हैंड सैलरी में इजाफा हो ससकता है। लेकिन पहले जो पैसा हर महीने रिटायरमेंट के लिए जमा होता था, अब वो आपके हाथ में आएगा और खर्च होने का पूरा चांस है और यहीं से रिस्क शुरू होता है।
ज्यादा सैलरी के लालच में फंसे तो क्या नुकसान होगा?
फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स बताते हैं कि मान लीजिए एक 30 साल के कर्मचारी की बेसिक सैलरी 40,000 रुपए है। पहले उसके PF खाते में हर महीने 4,800 रुपए जाते थे (12% के हिसाब से, कंपनी का हिस्सा अलग)। अब अगर वो सिर्फ अनिवार्य 1,800 रुपए ही जमा करवाता है, तो हर महीने करीब 3,000 रुपए कम PF में जमा होंगे। ये फर्क सिर्फ एक महीने का नहीं, अगले 25-30 साल तक हर महीने का है। PF पर करीब 8.25% का ब्याज मिलता है और ये ब्याज हर साल कंपाउंड होता है यानी ब्याज पर भी ब्याज बनता है। जितना कम पैसा जमा होगा, उतना ही ज्यादा नुकसान रिटायरमेंट के वक्त दिखेगा। मतलब आज के 3,000 रुपए ज्यादा हाथ में लेना, 30 साल बाद लाखों रुपए के नुकसान में बदल सकता है।
क्या कंपनी जबरदस्ती कम पैसा जमा करेगी?
नए नियम के अनुसार, कंपनी अपनी मर्जी से आपका PF योगदान कम नहीं कर सकती। इसके लिए आपकी सहमति जरूरी है। एक्सपर्ट्स चेतावनी देते हुए कहते हैं कि, जब कंपनी की तरफ से 'ज्यादा इन-हैंड सैलरी' का ऑफर आएगा, तो बहुत से कर्मचारी बिना सोचे-समझे हां कर देंगे, सिर्फ इसलिए कि आज ज्यादा पैसा दिख रहा है। यहां जरा सी समझदारी आपको लॉन्ग टर्म और रिटायरमेंट के समय फायदा करा सकती है।
EPFO ने और क्या बदलाव किए हैं?
पीएफ क्लेम में देरी अब महंगी पड़ेगी
PF निकासी, पेंशन या बीमा का दावा अब 20 दिन के अंदर निपटाना अनिवार्य है। बिना ठोस वजह देरी हुई तो जिम्मेदार अफसर को अपनी सैलरी से 12% सालाना पेनल्टी ब्याज भरना होगा। यानी अब आपकी शिकायत को हल्के में लेना अफसरों को भारी पड़ेगा।
PF से अब ज्यादा पैसा निकालने की सुविधा
जरूरत पड़ने पर अब आप अपने और कंपनी के योगदान को मिलाकर काफी बड़ा हिस्सा निकाल सकते हैं। बस एक शर्त है कि खाते में हमेशा कुछ मिनिमम अमाउंट बचाकर रखना होगा, ताकि रिटायरमेंट के वक्त हाथ पूरी तरह खाली न रहे।
हाई सैलरी वाले फ्रेशर्स के लिए अलग नियम
अगर किसी की पहली नौकरी में ही सैलरी तय लिमिट से ज्यादा है, तो वो शुरुआत से PF के दायरे में आना जरूरी नहीं। ये उन युवाओं के लिए बड़ा फैसला है जो अभी करियर शुरू कर रहे हैं।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है, किसी तरह का वित्तीय सलाह नहीं। PF योगदान से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपनी कंपनी के HR या वित्तीय सलाहकार से जरूर सलाह लें।


