Airport Process for Beginners: पहली बार फ्लाइट सफर करने जा रहे हैं और मन में डर या कंफ्यूजन है? आखिर एयरपोर्ट के गेट पर घुसने से लेकर प्लेन की सीट पर बैठने तक क्या-क्या करना होता है? बोर्डिंग पास, चेक-इन और सिक्योरिटी चेक का पूरा प्रॉसेस आखिर कैसे काम करता है? पहली एयर जर्नी में लोग कौन-कौन सी गलतियां कर बैठते हैं, जिनसे फ्लाइट तक छूट सकती है?
First Time Flight Travel Guide: फ्लाइट में पहली बार बैठने का एक्साइटमेंट अलग ही होता है। टिकट बुक होने के बाद ही मन में कई तरह के सवाल उठने लगते हैं। एक्साइटमेंट के साथ-साथ थोड़ा डर और कंफ्यूजन भी होता है। कैब से उतरने के बाद क्या करना होगा? बोर्डिंग पास कहां मिलेगा? सिक्योरिटी चेक में क्या-क्या बाहर निकालना होता है? बैग कैसे अंदर तक जाएगा? अगर आपके मन में भी ऐसे ही सवाल तैर रहे हैं, तो घबराइए मत। इस आर्टिकल में हम आपको एयरपोर्ट के अंदर एंट्री से लेकर फ्लाइट की सीट पर बैठने तक का स्टेप-बाय-स्टेप आसान प्रॉसेस बताने जा रहे हैं, ताकि आपका पहला हवाई सफर एकदम टेंशन-फ्री और शानदार रहे।

एयरपोर्ट पहुंचने से पहले ही कर लें ये 3 जरूरी काम
वेब चेक-इन (Web Check-In)
फ्लाइट के डिपार्चर (उड़ान भरने) से 48 घंटे पहले वेब चेक-इन शुरू हो जाता है। एयरलाइन की ऐप या वेबसाइट पर जाकर अपनी सीट चुनें और डिजिटल बोर्डिंग पास डाउनलोड कर लें। इससे एयरपोर्ट पर लंबी लाइनों से बच जाएंगे।
टाइमिंग (Timing)
डोमेस्टिक फ्लाइट के लिए कम से कम 2 से 2.5 घंटे पहले और इंटरनेशनल फ्लाइट के लिए कम से कम 3 से 4 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचें।
डॉक्यूमेंट्स (Documents)
अपने फोन में टिकट की सॉफ्ट कॉपी (PDF) रखें और एक वैलिड ओरिजिनल आईडी प्रूफ (आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या पासपोर्ट) अपने पास तैयार रखें।
एयरपोर्ट पर एंट्री से टेक-ऑफ तक स्टेप-बाय-स्टेप प्रॉसेस
1.गेट पर एंट्री और आईडी वेरिफिकेशन
एयरपोर्ट के एंट्री गेट पर CISF जवान खड़े होते हैं। वहां आपको अपने फोन में फ्लाइट टिकट और ओरिजिनल आईडी प्रूफ दिखाना होगा। मैच होने के बाद ही आपको अंदर एंट्री मिलेगी। इस प्रक्रिया में 2-5 मिनट का समय लग सकता है।
2.चेक-इन काउंटर और बैगेज ड्रॉप (Baggage Drop)
अंदर जाने के बाद अपनी एयरलाइन (IndiGo, Air India, SpiceJet या अन्य) का काउंटर ढूंढें। अगर आपके पास बड़ा सूटकेस (Check-in Baggage) है, तो उसे यहां जमा करें। काउंटर स्टाफ उसका वजन करेगा और उस पर एक टैग लगाकर उसे फ्लाइट के केबिन के लिए भेज देगा। यहीं से आपको आपका फिजिकल बोर्डिंग पास भी मिल जाएगा। अगर आपने वेब चेक-इन पहले ही कर लिया है और सिर्फ हैंड बैग है, तो आप सीधे अगले स्टेप पर जा सकते हैं। इस प्रक्रिया में 15-30 मिनट का समय लग सकता है।
3.सिक्योरिटी जांच (Security Check)
यह सबसे अहम स्टेप है। यहां आपको अपने हैंड बैग या बैकपैक को एक ट्रे में रखना होता है। ध्यान रहे, अपने लैपटॉप, टैबलेट, पावर बैंक, चार्जर और मोबाइल को बैग से निकालकर अलग ट्रे में रखें। जेब में मौजूद चाबी, सिक्का, वॉलेट और बेल्ट भी ट्रे में डाल दें। इसके बाद आपकी पर्सनल चेकिंग (फ्रिस्किंग) होगी। सिक्योरिटी क्लियरेंस (Security Clearance) मिलने के बाद अपना सारा सामान वापस बैग में रख लें। इसमें 15-20 मिनट लग सकते हैं।
4.बोर्डिंग गेट ढूंढें और आराम करें
सिक्योरिटी चेक पार करने के बाद अपने बोर्डिंग पास पर लिखे गेट नंबर को स्क्रीन पर चेक करें और उस गेट की तरफ बढ़ें। फ्लाइट उड़ने से करीब 45 मिनट पहले बोर्डिंग ओपन (Boarding Open) होती है। तब तक आप वेटिंग एरिया में बैठ सकते हैं या ड्यूटी-फ्री शॉप्स एक्सप्लोर कर सकते हैं।
5.फ्लाइट में एंट्री (Final Boarding)
जब एयरलाइन स्टाफ आपके गेट पर अनाउंसमेंट करे, तो लाइन में लग जाएं। वे आपका बोर्डिंग पास स्कैन करेंगे। इसके बाद आप एयरोब्रिज या बस के जरिए फ्लाइट तक पहुंचेंगे। फ्लाइट के अंदर एयरहोस्टेस को अपना पास दिखाकर अपनी सीट नंबर ढूंढें, हैंडबैग को ऊपर के केबिन (Overhead Bin) में रखें, सीट बेल्ट बांधें और अपने सफर को एन्जॉय करें।


