मुंबई के बिजनेसमैन अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि कैसे 18 साल की उम्र में 7 दिनों तक सिर्फ रोटी और पानी पर गुजारा करना पड़ा। वो कहते हैं कि उस अनुभव ने उन्हें इतना मजबूत बना दिया कि अब बिजनेस में कोई भी झटका उन्हें तोड़ नहीं पाता।
हर इंसान की ज़िंदगी में एक मुश्किल दौर आता है। ये पैसों की तंगी हो सकती है या कोई और परेशानी। मुंबई के एक बिजनेसमैन, अभिषेक अग्रवाल ने लिंक्डइन पर अपनी ऐसी ही एक कहानी शेयर की है। अभिषेक का मानना है कि पैसों की भारी तंगी का अनुभव आपको भविष्य की मुश्किलों के लिए तैयार करता है। उनका तो ये भी कहना है कि हर किसी को ज़िंदगी में एक बार गरीबी और भूख का सामना जरूर करना चाहिए।
अभिषेक ने बताया कि जब वो 18 साल के थे, तो उन्हें पैसों की बहुत बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ा था। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि कैसे वो सात दिनों तक सिर्फ पानी और रोटी खाकर जिंदा रहे। वो लिखते हैं कि उन सात दिनों की भूख से ज़्यादा तकलीफदेह उस वक्त की लाचारी थी।
लेकिन, उस अनुभव से मिला सबक बहुत बड़ा था। अभिषेक कहते हैं कि अब जब भी बिजनेस में कोई बड़ा झटका लगता है, पैसे का नुकसान होता है या लोग रिजेक्ट करते हैं, तो वो पुरानी याद उन्हें टूटने से बचा लेती है। उन्होंने यह भी साफ किया कि वो गरीबी को महान नहीं बता रहे, लेकिन ऐसे हालात से गुजरने पर जो हिम्मत मिलती है, वो अनमोल है।
उनकी ये पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गई। कई लोगों ने इस पर कमेंट्स किए। एक यूजर ने लिखा, 'बहुत अच्छी बात लिखी। कभी-कभी सबसे मुश्किल पल हमें वो सबक सिखाते हैं जो कामयाबी भी नहीं सिखा पाती। ये हमें बताते हैं कि हम अपनी सोच से कहीं ज़्यादा मजबूत हैं।'
एक और शख्स ने अपना अनुभव शेयर करते हुए लिखा, 'मास्टर्स के बाद मैंने भी बहुत गरीबी और भूख झेली है। मैं उस लाचारी से बाहर निकला। इसलिए आज मुझे यकीन है कि मैं किसी भी मुश्किल को पार कर सकता हूं।'
