आर्थिक तंगी से जूझ रहे पूर्व स्विगी डिलीवरी पार्टनर अजित कुमार, Pocket FM पर लेखक बनकर करोड़पति बन गए हैं। उनकी ऑडियो सीरीज़ "ब्रह्मोद" सुपरहिट हुई। यह शो 100 करोड़ रुपये से ज़्यादा कमाएगा, जिससे उन्हें भी करोड़ों मिलेंगे।

Pocket FM Success Story: एक लड़के की कहानी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है, जो कभी स्विगी (Swiggy) में डिलीवरी पार्टनर का काम करता था और आज करोड़ों का मालिक है। ये कहानी है फरीदाबाद के अजित कुमार की, जिन्होंने आर्थिक तंगी और मुश्किलों को हराकर एक सफल लेखक के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। परिवार का पेट पालने के लिए उन्होंने कभी स्विगी में डिलीवरी एजेंट का काम किया और साथ-साथ अपने भविष्य के लिए मेहनत करते रहे। आज नतीजा ये है कि वो एक करोड़पति हैं!

'शून्य से शिखर तक का सफर'

ये कहानी तब सामने आई जब इन्वेस्टर राहुल माथुर ने Pocket FM पर अजित का एक इंटरव्यू शेयर किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। अजित बताते हैं कि कोविड लॉकडाउन के बाद उनके परिवार की आर्थिक हालत बहुत खराब हो गई थी। इस वजह से उन्हें कॉलेज की पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी और नौकरी की तलाश शुरू कर दी। अजित कहते हैं कि एक वक्त तो ऐसा लगा जैसे सब कुछ खत्म हो गया है। परिवार पर आए आर्थिक संकट और कम आमदनी के कारण उन्होंने घर चलाने के लिए स्विगी में डिलीवरी का काम शुरू किया। इसके अलावा वो कभी मेहंदी लगाने तो कभी ब्राइडल मेकअप का भी काम कर लेते थे।

एक तरफ वो परिवार को संभालने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे थे, तो दूसरी तरफ अपने भविष्य के लिए नए मौकों की तलाश भी कर रहे थे। लेकिन एक एक्सीडेंट ने मानो सब कुछ रोक दिया। एक्सीडेंट के बाद अजित बिस्तर पर आ गए, जिससे घर पर कर्ज और बढ़ गया। तभी उन्होंने Pocket FM का एक विज्ञापन देखा, जिसमें स्क्रिप्ट राइटर की जरूरत थी। बस यहीं से उनकी जिंदगी ने एक नया मोड़ लिया। उन्होंने Pocket FM के लिए पहले विज्ञापन लिखे और फिर कहानियां लिखने लगे। उनकी पहली कहानी के लिए उन्हें 20,000 रुपये मिले। इसके बाद उनकी एक ऑडियो सीरीज़ प्लेटफॉर्म पर नंबर वन बन गई, जिससे उन्हें 52,000 रुपये की कमाई हुई। अजित बताते हैं कि इसके बाद उन्होंने 6।29 लाख रुपये की वो रकम भी कमाई, जिसने उनकी जिंदगी बदल दी।

YouTube वीडियो प्लेयर

'स्विगी एजेंट से कहानीकार तक'

इन्वेस्टर राहुल माथुर ने X (पहले ट्विटर) पर अजित कुमार के बारे में लिखते हुए उन्हें 'करोड़पति' बताया। उन्होंने लिखा, “फरीदाबाद का एक स्विगी डिलीवरी पार्टनर, Pocket FM पर लिखना शुरू करने के बाद करोड़पति बन गया है।” माथुर ने बताया कि अजित कुमार Pocket FM की एक बेहद सफल ऑडियो सीरीज़ “ब्रह्मोद: द डिस्ट्रॉयर” (Brahmyod: The Destroyer) के मुख्य लेखक हैं। इस सीरीज़ को 16।8 करोड़ बार सुना जा चुका है। उन्होंने बताया, “यह सीरीज़ 2026 में शुरू हुई थी। इसके प्ले 4।16 करोड़ से 4 गुना बढ़े और एपिसोड की संख्या 1300 से ज्यादा हो गई।” उन्होंने यह भी दावा किया, "जनवरी 2026 में, उन्हें जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में एक स्पीकर के तौर पर बुलाया गया। इस साल, उनका शो 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करेगा, जिससे वह खुद भी कई करोड़ रुपये कमाएंगे।"

'जिंदगी ने सिखाया सबसे बड़ा सबक'

अजित का मानना है कि उनकी सफलता सिर्फ किस्मत का खेल नहीं है, बल्कि इसके पीछे लगातार की गई मेहनत और गलतियों से सीखने की आदत है। वह कहते हैं कि जिंदगी ने उन्हें सबसे बड़ा सबक यही सिखाया है कि मुश्किलों में कभी उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए। उन्होंने बताया कि मुश्किल समय में भी नई स्किल्स सीखने और मौकों को पहचानने की कोशिश ने ही उनकी जिंदगी बदली।

अजित की कहानी वायरल होने के बाद लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि उनकी यात्रा यह संदेश देती है कि कोई भी काम छोटा नहीं होता और अगर आत्मविश्वास और मेहनत हो तो जिंदगी में बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। कम संसाधनों के बावजूद सफलता की ऊंचाई तक पहुंचने की उनकी कहानी युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन गई है।