Fake Gold Alert: क्या आप सोने के गहनों पर '916', '750' और '585' जैसे नंबर का मतलब जानते हैं? यह एक तरह का कोड होता है, तो आपको गोल्ड खरीदते समय अलर्ट करता है। इनकी जानकारी से आप सही गोल्ड खरीद सकते हैं। आइए जानते हैं इन कोड्स का मतलब और सोना खरीदते समय किन 5 बातों का जरूर ध्यान रखना चाहिए।
Gold Buying Tips: एक तरफ पीएम मोदी ने 1 साल तक सोना न खरीदने की अपील की है, तो दूसरी तरफ गोल्ड की कीमतों में एक बार फिर तेजी आई है। IBJA के अनुसार, आज 12 मई को 24 कैरेट सोना करीब 1,600 रुपए महंगा होकर 1,51,950 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। आज जब सोने की कीमतें आसमान छू रही हैं, तो आपकी एक छोटी सी चूक आपको हजारों का चूना लगा सकती है। दरअसल, जब आप अपनी गोल्ड रिंग या चेन को गौर से देखते हैं, तो उस पर 916, 750 या 585 जैसे छोटे-छोटे नंबर लिखे होते हैं। बहुत से लोग सोचते हैं कि ये कोई डिजाइन या सीरियल नंबर है, लेकिन असल में ये नंबर ही बताते हैं कि आपका सोना कितना असली है। आइए जानते हैं इन नंबरों का मतलब और सोना खरीदने से पहले 5 बातें, जो जरूर जाननी चाहिए...

गोल्ड ज्वैलरी पर क्यों होते हैं ये नंबर?
999 का मतलब (24 कैरेट)
जब आप सोना खरीदने जाते हैं, तो सुनार कहता है, 'यह 22 कैरेट है' या 'यह 18 कैरेट है'। इन नंबरों का सीधा संबंध कैरेट यानी शुद्धता से होता है। 999 सबसे शुद्ध सोना है (99.9%), लेकिन यह इतना नरम होता है कि इससे गहने नहीं बन सकते। इसका इस्तेमाल सिर्फ सोने के सिक्के या बिस्किट बनाने में होता है।
916 का मतलब (22 कैरेट)
भारत में सबसे ज्यादा यही सोना बिकता है। इसका मतलब है कि इसमें 91.6% शुद्ध सोना है और बाकी हिस्सा चांदी या तांबा है ताकि गहने मजबूत रहें।
750 का मतलब (18 कैरेट)
इसमें 75% शुद्ध सोना होता है। अगर आप हीरे (Diamond) या कीमती पत्थरों वाले गहने खरीद रहे हैं, तो उस पर यही नंबर मिलेगा क्योंकि हीरा जड़ने के लिए सोना थोड़ा सख्त होना चाहिए।
585 का मतलब (14 कैरेट)
इसमें 58.5% सोना होता है। यह अक्सर डेली यूज या हल्के वजन वाले मॉडर्न गहनों में इस्तेमाल होता है।
सोना खरीदने से पहले ये 5 बातें जान लें
1. सिर्फ नंबर नहीं, 'लोगो' भी देखें
सिर्फ 916 लिखा होना काफी नहीं है। गहनों पर BIS (भारतीय मानक ब्यूरो) का तिकोना लोगो जरूर देखें। यह गारंटी है कि सोने की शुद्धता की जांच सरकारी लैब में हुई है।
2. HUID कोड है असली सुरक्षा
अब नए नियमों के मुताबिक, हर गहने पर 6 डिजिट का एक कोड (HUID) होता है। यह हर गहने का अपना 'आधार नंबर' जैसा है। इसे आप 'BIS Care' ऐप पर डालकर खुद चेक कर सकते हैं कि सोना असली है या नहीं।
3. डायमंड ज्वेलरी का अलग गणित
अक्सर लोग हीरे के गहने भी 22 कैरेट में ढूंढते हैं। ध्यान रखें, महंगे हीरे और पत्थर हमेशा 18 कैरेट (750) या 14 कैरेट (585) में ही सेट किए जाते हैं, ताकि वे गिरें नहीं।
4. बिल का हिसाब समझें
दुकानदार जो भाव बोर्ड पर लिखता है, वह सिर्फ सोने का होता है। आपके फाइनल बिल में मेकिंग चार्जेस (बनावट), वेस्टेज और GST भी जुड़ता है। इसलिए स्टैम्प देखने के साथ-साथ इन चार्जेस पर भी बात करें।
5. शुद्धता यानी ज्यादा पैसा
नंबर जितना बड़ा होगा (जैसे 916), सोने की कीमत उतनी ही ज्यादा होगी। जब आप पुराना सोना बेचने जाएंगे, तो यही नंबर तय करेगा कि आपको कितना पैसा वापस मिलेगा।


