- Home
- Business
- सोना-चांदी बेकाबू! गोल्ड हर घंटे 62 रुपए और चांदी ₹222 महंगी- 29 दिन की रेट हिस्ट्री चौंकाएगी
सोना-चांदी बेकाबू! गोल्ड हर घंटे 62 रुपए और चांदी ₹222 महंगी- 29 दिन की रेट हिस्ट्री चौंकाएगी
Sona-Chandi Price: सोने और चांदी के दाम अब सिर्फ बढ़ नहीं रहे, हर दिन नया लेवल बना रहे हैं। जनवरी के सिर्फ 29 दिनों में ऐसी तेजी आई है, जो पहले कम ही देखने को मिली। हालात ये हैं कि पिछले 24 घंटे में ही दोनों ने नया रिकॉर्ड बना दिया है।

सोने के दाम में रिकॉर्ड तेजी
सोने की कीमतें इस महीने लगातार बढ़ रही हैं। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,33,195 रुपए में बिक रहा था, जबकि 29 जनवरी 2026 को यह बढ़कर 1,76,121 रुपए तक पहुंच गया। पिछले 29 दिनों में सोने की कीमत में 42,926 रुपए का इजाफा हुआ है। इस हिसाब से सोना हर घंटे 61.78 रुपए यानी लगभग 62 रुपए बढ़ रहा है।
चांदी का भाव भी आसमान पर चढ़ा
चांदी ने इस जनवरी में असली तेजी दिखाई है। साल की शुरुआत में यानी 31 दिसंबर 2025 को एक किलो चांदी की कीमत 2,30,420 रुपए थी, जो 29 जनवरी तक बढ़कर 3,85,933 रुपए पर पहुंच गई। यानी सिर्फ 29 दिनों में चांदी में 1,55,513 रुपए का इजाफा हुआ। इस हिसाब से हर घंटे करीब 222 रुपए चांदी बढ़ी है।
भारत में लोगों के पास कितना सोना है?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में परिवारों के पास कुल 5 ट्रिलियन डॉलर यानी ₹450 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत का सोना पड़ा है, जो देश की जीडीपी 4.1 ट्रिलियन डॉलर यानी (370 लाख करोड़ रुपए) से भी ज्यादा है। मॉर्गन स्टेनली की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय घरों में कुल जमा सोना करीब 34,600 टन है।
सोने की कीमत क्यों बढ़ रही है?
- दुनियाभर में चल रही टेंशन और ट्रंप के टैरिफ विवाद के अलावा ग्रीनलैंड को हथियाने की जिद।
- रुपए का रिकॉर्ड लेवल पर नीचे जाना भी इसकी एक वजह है। आज 29 जनवरी को रुपया डॉलर की तुलना में 91.10 रुपए पर है।
- भारत में RBI समेत दुनिया भर के केंद्रीय बैंक अपने विदेशी मुद्रा भंडार में सोने का स्टॉक बढ़ा रहे हैं। जिसकी वजह से रेट भाग रहे हैं।
सोना-चांदी खरीदते समय क्या ध्यान रखें?
सोना और चांदी खरीदते समय सबसे जरूरी है कि आप सर्टिफाइड और सही रेट वाला मेटल ही खरीदें। BIS हॉलमार्क वाला सोना लेना सबसे सुरक्षित है और इससे आपको कैरेट और प्योरिटी का भरोसा रहता है। इसके अलावा रोजाना या हफ्ते के रेट्स को क्रॉस चेक करना भी जरूरी है ताकि आप ज्यादा पैसे न चुकाएं। शहर और ज्वेलर्स के हिसाब से रेट्स अलग हो सकते हैं, इसलिए खरीदारी से पहले सही जानकारी लेना बेहद जरूरी है।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।

