Flex Credit Card rewards: गूगल पे ने अपने ग्राहकों को त्योहारों का शानदार गिफ्ट दिया है। कंपनी एक्स्ट्रा रिवॉर्ड्स के साथ कई नई सुविधाएं दे रही है। आइए जानते हैं कि किन ग्राहकों को इसका फायदा मिलेगा।
Google Pay Rewards Program: त्योहारों का सीजन शुरू हो गया है। ऐसे में बैंक और डिजिटल पेमेंट कंपनियां ग्राहकों को नए-नए ऑफर्स दे रही हैं। इसी कड़ी में अब गूगल पे (Google Pay) ने अपने फ्लेक्स क्रेडिट कार्ड (Flex Credit Card) रिवॉर्ड प्रोग्राम में बड़े बदलाव का ऐलान किया है।
एक्सिस बैंक (Axis Bank) और एसबीआई कार्ड (SBI Card) के साथ मिलकर पेश किए गए फ्लेक्स क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड सिस्टम में ये बदलाव किए गए हैं। नए फायदे 16 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे। इससे यूपीआई (UPI) पेमेंट करने वालों और रोजमर्रा के खर्चों के लिए क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों को एक्स्ट्रा रिवॉर्ड मिलेंगे।
UPI पेमेंट पर मिलेगा ज्यादा रिवॉर्ड
फ्लेक्स क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वाले गूगल वन (Google One) मेंबर्स अगर एक रिवॉर्ड साइकिल में 15,000 रुपये से ज्यादा खर्च करते हैं, तो उन्हें एक्स्ट्रा फायदे मिलेंगे। गूगल वन मेंबर वाले कार्डधारकों को उनके खर्च पर 3.2 प्रतिशत तक का रिवॉर्ड मिलेगा। वहीं, जो लोग गूगल वन के मेंबर नहीं हैं, उन्हें इसी खर्च की लिमिट पार करने पर 1.6 प्रतिशत का रिवॉर्ड दिया जाएगा। ये रिवॉर्ड स्टार्स के रूप में मिलेंगे, जहां एक स्टार की कीमत 1 रुपये के बराबर होगी।
खाने-पीने और राशन की खरीदारी पर एक्स्ट्रा फायदा
गूगल वन मेंबर्स को खाने-पीने और राशन की खरीदारी पर भी अलग से फायदे मिलेंगे। हर रिवॉर्ड साइकिल में प्रमुख फूड और ग्रोसरी ऐप्स पर 5,000 रुपये तक के खर्च पर 5 प्रतिशत का एक्स्ट्रा रिवॉर्ड मिलेगा। इसके अलावा, बिजली जैसे यूटिलिटी बिल, ओटीटी सब्सक्रिप्शन और मोबाइल रिचार्ज जैसी सेवाओं पर 3,000 रुपये तक के खर्च पर 15 प्रतिशत का एक्स्ट्रा रिवॉर्ड दिया जाएगा। हालांकि, ग्राहकों को इन फायदों से जुड़ी शर्तें और नियम जरूर चेक कर लेने चाहिए।
रेफर करने पर कितना मिलेगा?
फ्लेक्स कार्ड यूजर्स के लिए एक और अच्छी खबर है। अगर आप अपने दोस्तों या परिवार के सदस्यों को इस प्रोग्राम के लिए रेफर करते हैं, तो आपको 1,000 रुपये का रिवॉर्ड मिल सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, सफल रेफरल की कोई लिमिट नहीं है, यानी आप जितने चाहें उतने लोगों को रेफर कर सकते हैं। बस इसके लिए लागू शर्तों का ध्यान रखें।
नए फ्लेक्स कार्ड लेने वाले ग्राहकों के लिए वेलकम रिवॉर्ड भी बढ़ा दिया गया है। कार्ड मिलने के शुरुआती 60 दिनों के अंदर, चुने गए कार्ड वेरिएंट के हिसाब से ग्राहक 2,500 रुपये तक के वेलकम बेनिफिट्स का फायदा उठा सकते हैं।






