Monthly Earning Ideas: सिर्फ 1,000 रुपए से भी निवेश की शुरुआत की जा सकती है। जानिए कैसे छोटे निवेश को बड़े फंड और रेगुलर कमाई में बदल सकते हैं।

Monthly Income from Rs 1000: अगर आपके पास सिर्फ 1,000 रुपए हैं और आप सोच रहे हैं कि क्या इससे हर महीने कमाई शुरू हो सकती है, तो जवाब है- हां, लेकिन सही तरीका चुनना जरूरी है। एक हजार रुपए से रातोंरात अमीर नहीं बना जा सकता, लेकिन अगर लगातार निवेश किया जाए और सही जगह पैसा लगाया जाए, तो समय के साथ अच्छी कमाई का सोर्स जरूर बन सकता है। आज के समय में SIP, म्यूचुअल फंड, शेयर मार्केट, ETF और कुछ सरकारी योजनाओं की मदद से छोटे निवेश से भी शुरुआत की जा सकती है। आइए जाने हैं कि 1,000 रुपए से हर महीने कमाई का प्लान कैसे बनाया जा सकता है...

1,000 रुपए से हर महीने इनकम कैसे संभव है?

फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स के अनुसार, सिर्फ एक बार 1,000 रुपए निवेश करके हर महीने बड़ी कमाई की उम्मीद नहीं की जा सकती है, लेकिन अगर आप हर महीने 1,000 रुपए निवेश करते हैं और लंबे समय तक इसे जारी रखते हैं, तो एक अच्छा फंड तैयार हो सकता है। बाद में उसी फंड से रेगुलर विड्रॉल या डिविडेंड जैसी कमाई की जा सकती है।

1,000 रुपए से हर महीने कमाने के क्या-क्या तरीके हैं?

SIP से करें शुरुआत

अगर आप निवेश में नए हैं, तो SIP सबसे आसान ऑप्शन माना जाता है। हर महीने 1,000 रुपए से शुरुआत कर सकते हैं। इसका फायदा ये है कि बाजार ऊपर-नीचे होने पर भी निवेश जारी रहता है। लंबे समय में कंपाउंडिंग का फायदा मिलता है। कई म्यूचुअल फंड 100 या 500 रुपए से भी SIP शुरू करने की सुविधा देते हैं। अगर 10-15 साल तक नियमित निवेश किया जाए, तो छोटी रकम भी बड़ा फंड बन सकती है।

शेयर बाजार में निवेश

अगर आपको शेयर बाजार की थोड़ी जानकारी है, तो अच्छी कंपनियों के शेयर खरीद सकते हैं। ध्यान रखें कि शेयर बाजार में मुनाफे के साथ जोखिम भी होता है, इसलिए सिर्फ ट्रेंड देखकर पैसा लगाने से बचना चाहिए और हमेशा मजबूत कंपनियों पर फोकस करना चाहिए।

ETF में निवेश

ETF यानी एक्सचेंज ट्रेडेड फंड उन लोगों के लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है, जो कम खर्च में बाजार में निवेश करना चाहते हैं। इसकी शुरुआत आप काफी कम पैसों में कर सकते हैं। इसे खरीदना और बेचना आसान है। इसमें बाजार के प्रदर्शन के साथ रिटर्न मिलता है।

सरकारी योजनाओं में निवेश

अगर आपका टारगेट सेफ सेफ निवेश यानी बिना रिस्क निवेश है,तो कुछ सरकारी योजनाएं भी बेहतर विकल्प हो सकती हैं। जैसे, पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF), नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) या बच्चियों के लिए सुकन्या समृद्धि योजना। इन योजनाओं में जोखिम कम होता है, लेकिन रिटर्न भी लॉन्ग टर्म में मिलता है।

क्या डिविडेंड से हर महीने कमाई हो सकती है?

कुछ कंपनियां निवेशकों को डिविडेंड देती हैं। हालांकि, सभी कंपनियां हर महीने डिविडेंड नहीं देती हैं। अगर आपका बड़ा पोर्टफोलियो बन जाता है, तो अलग-अलग कंपनियों के डिविडेंड से समय-समय पर इनकम मिल सकती है, लेकिन 1,000 रुपए के शुरुआती निवेश से रेगुलर मंथली डिविडेंड की उम्मीद करना सही नहीं होगा।

1,000 रुपए को बड़ा बनाने का आसान फॉर्मूला

  • जितना जल्दी निवेश शुरू करेंगे, उतना ज्यादा फायदा मिल सकता है।
  • निवेस बीच में बंद न करें।
  • लॉन्ग टर्म का नजरिया रखें।
  • सिर्फ सोशल मीडिया देखकर निवेश न करें।
  • 1,000 रुपए पूरे एक ही शेयर में न लगाएं।
  • जल्दी अमीर बनने वाले दावों से बचें।
  • बिना रिसर्च के निवेश न करें।
  • जरूरत का इमरजेंसी फंड अलग रखें।

डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की सलाह जरूर लें।