RBI Note Refund Rules: बारिश में अगर आपका ₹500 का नोट गल या फट जाए तो घबराएं नहीं। RBI के नियम से आपका पूरा पैसा वापस मिल सकता है। जानिए आपको क्या करना चाहिए...
Torn Note Exchange Rule: देश के ज्यादातर राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है। मान लीजिए आप कहीं गए हैं और अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। आप भीगते-भागते घर पहुंचे, राहत की सांस ली, लेकिन जैसे ही जेब में हाथ डाला...दिल बैठ गया। जेब में रखा ₹500 का करारा नोट पानी से गलकर या फट चुका है। अब पहला ख्याल आता है, '₹500 पानी में गए! अब इसे कोई नहीं लेगा।' अगर आपको भी ऐसा लगता है, तो टेंशन लेने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। देश के केंद्रीय बैंक यानी रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) का एक ऐसा नियम है, जिसके तहत बैंक को न सिर्फ आपका वो गला-फटा नोट लेना पड़ेगा, बल्कि उसके बदले आपको पूरे पैसे भी देने होंगे। आइए जानते हैं ऐसे समय आपको क्या करना है...

नोट को लेकर RBI का नियम क्या कहता है?
RBI के नियमों (RBI Note Refund Rules) के मुताबिक, कोई भी बैंक ऐसे नोटों को लेने से मना नहीं कर सकता, जो गंदे हो गए हैं, फट गए हैं या पानी में भीगने की वजह से गल गए हैं। चाहे सरकारी बैंक हो या प्राइवेट, हर बैंक की शाखा (Branch) पर यह नियम लागू होता है। आपको बस अपने नजदीकी बैंक में जाना है, भले ही आपका वहां आपका खाता (Account) हो या न हो।
कौन-सा नोट कब बदल सकते हैं, कब मिलेंगे पूरे पैसे?
बैंक में नोट बदलने का एक पैमाना होता है। बैंक अधिकारी यह देखते हैं कि आपके फटे या गले हुए नोट का कितना हिस्सा सुरक्षित बचा है। ₹500 के नोट की बात करें, तो अगर आपके ₹500 के नोट का 80% या उससे ज्यादा हिस्सा सही-सलामत है, तो बैंक आपको बदले में पूरे ₹500 का नया नोट देगा। अगर नोट ज्यादा खराब हो चुका है और उसका सिर्फ 40% से 80% तक का हिस्सा ही बचा है, तो आपको नोट की कुल कीमत का आधा यानी ₹250 वापस मिलेगा।
फटे-गले नोट का कब एक भी रुपया नहीं मिलेगा?
अगर आपके पास जो ₹500 का नोट है, उसका हिस्सा 40% से भी कम बचा है या नोट बिल्कुल राख या लुगदी बन चुका है, जिसे पहचान पाना भी मुश्किल हो, तो फिर बैंक उसे स्वीकार नहीं करेगा और आपको एक भी रुपया नहीं मिलेगा।
बैंक में नोट कैसे बदलें? स्टेप-बाय-स्टेप तरीका
- अगर नोट भीगकर फट गया है, तो उसके टुकड़ों को फेंकने की गलती न करें। उन्हें सुखाकर एक साथ संभाल कर रख लें, क्योंकि बैंक में पूरा नोट दिखाना जरूरी होता है।
- इसके बाद अपने घर के पास मौजूद किसी भी कमर्शियल बैंक की ब्रांच में जाएं। इसके लिए उसी बैंक में जाना जरूरी नहीं है, जहां आपका अकाउंट है।
- बैंक के कैश काउंटर पर जाकर अधिकारी को नोट दिखाएं। वे नोट की स्थिति और उसके साइज को चेक करेंगे।
- अगर नोट नियमों के दायरे में सही पाया जाता है, तो बैंक अधिकारी तुरंत आपको नया नोट दे देगा या वो पैसे आपके खाते में ट्रांसफर कर दिए जाएंगे।
क्या नोट बदलने की फीस भी लगती है, कितने नोट बदल सकते हैं?
- बैंक में कटे-फटे या गले हुए नोट बदलने के लिए आपसे एक भी रुपया कमीशन या फीस के रूप में नहीं लिया जा सकता। यह सर्विस बिल्कुल मुफ्त है।
- अगर आप एक बार में 20 से ज्यादा नोट या कुल कीमत ₹5,000 से ज्यादा को बदलने जाते हैं, तो बैंक उन्हें तुरंत बदलने के बजाय रख सकता है और पैसे बाद में आपके खाते में क्रेडिट किए जा सकते हैं।
- अगर नोट बुरी तरह जल गया है या आपस में चिपक गया है, तो लोकल बैंक उसे नहीं बदल पाते। ऐसे नोटों को सीधे RBI के इश्यू ऑफिस (Issue Office) में भेजना पड़ता है।
अगर बैंक नोट बदलने से मना करें, तो क्या करें?
अगर कोई बैंक अधिकारी आपका जायज यानी सही नोट बदलने से मना करता है, तो आप उस बैंक के मैनेजर से सीधे शिकायत कर सकते हैं। नियम उल्लंघन पर बैंक के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ जागरूकता और सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों (Informational Purposes) के लिए है। बारिश में भीगे, गले या कटे-फटे नोटों को बदलने के नियम भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की आधिकारिक गाइडलाइंस पर आधारित हैं। नोट बदलने या उसके बदले मिलने वाली राशि का अंतिम फैसला नोट की वास्तविक स्थिति को देखने के बाद संबंधित बैंक अधिकारी द्वारा ही लिया जाता है। किसी भी विवाद या असमंजस की स्थिति में RBI के आधिकारिक नियमों को ही अंतिम माना जाए।


