Instagram Se Paise Kaise Kamaye: इंस्टाग्राम से पैसे कमाने के लिए लाखों फॉलोअर्स की जरूरत नहीं है। जानिए वो तरीका, जिससे कम फॉलोअर्स वाले भी ₹50K तक कमा रहे हैं।

Instagram Earning Tips: जब भी इंटरनेट पर 'इंस्टाग्राम से पैसे कैसे कमाएं' सर्च करेंगे, तो हर कोई एक ही घिसी-पिटी सलाह देता है, 'पहले 10,000 फॉलोअर्स बनाओ, फिर रील्स वायरल करो, तब जाकर कोई ब्रांड आपको भाव देगा।' लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। आज के टाइम में यह तरीका बहुत लंबा और थका देने वाला है। आज ज्यादातर लोग फॉलोअर्स बढ़ाने में अपना पूरा समय लगा देते हैं और पैसा कैसे आता है, वो समझ ही नहीं पाते हैं। इस आर्टिकल में हम वही बात बेहद आसान तरीके से समझेंगे...

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

क्या इंस्टाग्राम पर पैसे कमाने के लिए लाखों फॉलोअर्स चाहिए?

ज्यादातर लोग यही सोचते हैं कि पैसे कमाने के लिए लाखों फॉलोअर्स चाहिए। यह बात पूरी तरह गलत है। आज इंस्टाग्राम का तरीका बदल गया है। पहले सिर्फ फॉलोअर्स को ही आपकी पोस्ट दिखती थी, लेकिन अब इंस्टाग्राम का एक्सप्लोर पेज (Explore Page) और रील्स (Reels) उन लोगों तक भी आपकी पोस्ट पहुंचा देता है, जो आपको फॉलो नहीं करते हैं। मतलब अगर आपकी एक रील अच्छी है, तो वो हजारों नए लोगों तक पहुंच सकती है, चाहे आपके फॉलोअर्स कम ही क्यों न हों। यही वजह है कि आज कम फॉलोअर्स वाले छोटे क्रिएटर भी अच्छी कमाई कर पाते हैं, क्योंकि उनके फॉलोअर्स कम होने के बावजूद उनसे जुड़े हुए ज्यादा होते हैं और भरोसा भी ज्यादा होता है।

इंस्टाग्राम से कमाने का सही तरीका क्या है?

जिस तरीके की बात हम कर रहे हैं, वह एफिलिएट मार्केटिंग (Affiliate Marketing) है। नाम सुनकर मुश्किल लग सकता है, लेकिन इसे समझना बहुत आसान है। मान लीजिए आपको कोई प्रोडक्ट पसंद है, जैसे कोई स्किनकेयर क्रीम, कोई किचन गैजेट या कोई मोबाइल एक्सेसरी। आप उस कंपनी के एफिलिएट प्रोग्राम (Affiliate Program) में जुड़ जाते हैं। ज्यादातर फ्री होते हैं। कंपनी आपको एक खास लिंक देती है। आप उस लिंक को अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट, रील या स्टोरी में डाल देते हैं। जब भी कोई आपके दिए हुए लिंक से वो प्रोडक्ट खरीदता है, तो आपको उसका एक हिस्सा कमीशन के रूप में मिल जाता है। आपको खुद कोई प्रोडक्ट बनाने की जरूरत नहीं, कोई स्टॉक रखने की जरूरत नहीं और किसी को डिलीवर करने की भी जरूरत नहीं है।

इंस्टाग्राम पर एफिलिएट मार्केटिंग कैसे काम करती है?

स्टेप 1: अपना अकाउंट सही करें

इंस्टाग्राम पर अपना अकाउंट क्रिएटर या बिजनेस अकाउंट में बदल लें। यह बिल्कुल फ्री है और सेटिंग्स में कुछ ही मिनट में हो जाता है। इससे आपको अपनी पोस्ट का परफॉर्मेंस देखने का ऑप्शन भी मिल जाता है।

स्टेप 2: एक टॉपिक चुनें

हर चीज के बारे में पोस्ट करने से बेहतर है एक टॉपिक पर टिके रहना, जैसे फिटनेस, खाना बनाना, स्किनकेयर या मोबाइल-गैजेट्स। जब आप एक ही टॉपिक पर लगातार पोस्ट करते हैं, तो इंस्टाग्राम समझ जाता है कि आपकी पोस्ट किसे दिखानी है और सही लोग आपको ढूंढ पाते हैं।

स्टेप 3: एफिलिएट प्रोग्राम से जुड़ें

Amazon Associates जैसे प्रोग्राम से शुरुआत करना सबसे आसान है। इसमें लगभग हर तरह का प्रोडक्ट मिल जाता है। इसके अलावा कई ब्रांड्स सीधे भी एफिलिएट प्रोग्राम चलाते हैं, जिनसे आप जुड़ सकते हैं।

स्टेप 4: सही तरीके से लिंक शेयर करें

यहीं सबसे ज्यादा गलती होती है। बस लिंक डाल देना काफी नहीं है। सबसे ज्यादा कमाई वहां होती है, जहां आप प्रोडक्ट को असल जिंदगी में इस्तेमाल करते हुए दिखाते हैं, जैसे 'मैं हफ्तेभर से ये क्रीम लगा रही हूं, फर्क खुद देखिए' वाला अंदाज। दिखावे वाली बिक्री वाली बात कोई पसंद नहीं करता, लेकिन असली एक्सपीरिएंस हर कोई सुनना चाहता है।

कम फॉलोअर्स वाले लोग ज्यादा क्यों कमाते हैं?

यह सुनकर अजीब लगेगा, लेकिन यह सच है, जिनके फॉलोअर्स कम होते हैं, उनकी बिक्री अक्सर बड़े अकाउंट से ज्यादा अच्छी होती है। जब आपके 5,000-10,000 फॉलोअर्स होते हैं, तो वो लोग सच में आपकी बात सुनते हैं, आपकी स्टोरीज देखते हैं और आप पर भरोसा करते हैं, लेकिन जब किसी के 5 लाख फॉलोअर्स होते हैं, तो ज्यादातर लोग बस स्क्रॉल करके आगे निकल जाते हैं, असली जुड़ाव कम होता है। इसीलिए बहुत-सी कंपनियां अब बड़े सेलिब्रिटी इन्फ्लुएंसर की जगह छोटे, भरोसेमंद क्रिएटर के साथ काम करना पसंद करती हैं, क्योंकि उनकी बिक्री ज्यादा कंफर्म होती है।

कमाई कितनी हो सकती है?

हर किसी की कमाई एक जैसी नहीं होगी। यह आपके टॉपिक, आपके पोस्ट करने की कंसिस्टेंसी और आपके फॉलोअर्स के भरोसे पर निर्भर करता है। लेकिन एक अंदाजा देने के लिए कुछ हजार सही फॉलोअर्स वाले लोग भी हर महीने ₹15,000 से ₹50,000 तक कमा पा रहे हैं, सिर्फ इसलिए कि उनका कंटेंट सही टॉपिक पर है और उनके फॉलोअर्स उनकी बात सुनते हैं। यह रातों-रात नहीं होता है। इसमें थोड़ा समय और कंसिस्टेंसी लगती है, लेकिन यह तरीका बिना ज्यादा फॉलोअर्स के भी काम करता है।

ध्यान रखने वाली जरूरी बात

जब भी आप किसी प्रोडक्ट का प्रचार करें और उससे कमीशन कमा रहे हों, तो अपने फॉलोअर्स को यह साफ-साफ बताना जरूरी है। पोस्ट में #ad या #affiliate जैसा टैग लगाना न सिर्फ ईमानदारी है, बल्कि यह नियमों के हिसाब से भी जरूरी है। जो भरोसा आपके फॉलोअर्स आप पर करते हैं, वही आपकी सबसे बड़ी कमाई है। एक बार वो टूट गया, तो किसी भी लिंक से कमाई होना मुश्किल हो जाता है।

डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है, इसे कमाई की गारंटी न समझें। Instagram या किसी भी Affiliate Program से होने वाली कमाई हर व्यक्ति के Content, Niche, Followers की Engagement और मेहनत पर निर्भर करती है। किसी को भी एक जैसा रिजल्ट मिलना तय नहीं है। कोई भी Affiliate Program जॉइन करने से पहले उसके Terms & Conditions और Commission Structure ध्यान से पढ़ें। साथ ही, Affiliate Content पोस्ट करते समय ASCI गाइडलाइंस के अनुसार #ad या #affiliate जैसा डिस्क्लोजर लगाना भी जरूरी है।