Salary Management Tips: सैलरी आते ही पैसे खत्म हो जाते हैं, तो जापान का काकेबो (Kakeibo) मेथड आपके काम आ सकता है। इस तरीके में कमाई और रोजाना के खर्चों का हिसाब रखकर बचत का लक्ष्य तय किया जाता है। जानें कैसे डायरी और पेन की मदद से आप हर महीने हजारों रुपये बचा सकते हैं।
Japanese Money Saving Method: बढ़ती महंगाई और रोजमर्रा के खर्चों के बीच सैलरी से बचत करना कई लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। महीने की शुरुआत में खाते में पैसे आते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों में किराया, बिल, राशन और दूसरे खर्चों के बाद बैलेंस कम होने लगता है। महीने के आखिर तक कई लोगों को उधार लेने की नौबत आ जाती है। अगली सैलरी आने पर पुराने उधार चुकाने पड़ते हैं और बचत का लक्ष्य फिर अधूरा रह जाता है।
अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो जापान का काकेबो (Kakeibo) मेथड आपके काम आ सकता है। यह बजट बनाने का एक आसान तरीका है, जिसमें कमाई, खर्च और बचत का हिसाब लिखकर रखा जाता है। इसकी मदद से आप समझ सकते हैं कि पैसा कहां खर्च हो रहा है और किन खर्चों में कटौती करके हर महीने कुछ रकम बचाई जा सकती है।
क्या है जापान का काकेबो मेथड?
काकेबो एक जापानी बजट बनाने की पद्धति है, जिसकी शुरुआत साल 1904 में जापानी पत्रकार हानी मोटोको ने की थी। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को अपने पैसों के प्रति जागरूक बनाना और सोच-समझकर खर्च करने की आदत डालना है।
इस तरीके को अपनाने के लिए किसी महंगे ऐप या खास उपकरण की जरूरत नहीं होती। आप एक डायरी और पेन से अपनी कमाई, खर्च और बचत का पूरा हिसाब रख सकते हैं। चाहें तो मोबाइल के नोट्स में भी इसे लिख सकते हैं। इसकी सबसे खास बात यह है कि आप केवल खर्चों का हिसाब नहीं रखते, बल्कि यह भी समझने की कोशिश करते हैं कि कौन-सा खर्च जरूरी था और किससे बचा जा सकता था।
1. सबसे पहले अपनी कुल कमाई का हिसाब लगाएं
महीने की शुरुआत में अपनी सैलरी और कमाई के दूसरे स्रोतों से मिलने वाली रकम लिखें। इसके बाद किराया, ईएमआई, राशन, बिजली-पानी के बिल, दवाइयों और अन्य जरूरी खर्चों की सूची बनाएं। इससे आपको पता चलेगा कि जरूरी खर्चों के बाद आपके पास कितनी रकम बचती है और आप कितना पैसा बचत के लिए अलग रख सकते हैं।
2. सैलरी आते ही बचत का लक्ष्य तय करें
काकेबो मेथड में बचत को महीने के आखिर में बची हुई रकम पर नहीं छोड़ना चाहिए। सैलरी मिलते ही अपनी आर्थिक स्थिति के हिसाब से बचत का लक्ष्य तय करें। उदाहरण के लिए, अगर आपकी मासिक सैलरी 30,000 रुपये है, तो आप शुरुआत में 3,000 रुपये बचाने का लक्ष्य रख सकते हैं। अगर खर्चों की गुंजाइश हो, तो इसे बढ़ाकर 5,000 रुपये भी कर सकते हैं।
बचत की रकम को अलग बैंक खाते में रखना मददगार हो सकता है। इससे रोजमर्रा के खर्चों में उस पैसे के इस्तेमाल की संभावना कम हो जाती है।
3. छोटे से छोटे खर्च को भी लिखें
कई बार बड़ी खरीदारी के बजाय रोजाना के छोटे खर्च बजट बिगाड़ देते हैं। चाय-कॉफी, ऑनलाइन खाना मंगाना, कैब, फिल्म देखना या अचानक की गई खरीदारी जैसी चीजों पर खर्च हुई रकम भी लिखें।
महीने के आखिर में इस सूची को देखने से पता चलेगा कि पैसा किन चीजों पर ज्यादा खर्च हो रहा है। इसके बाद आप उन खर्चों में कटौती कर सकते हैं, जो जरूरी नहीं हैं।
4. खर्चों को चार श्रेणियों में बांटें
- अपने खर्चों को चार हिस्सों में बांटना आसान रहेगा।
- जरूरी खर्च: किराया, राशन, बिजली का बिल, दवाइयां और यात्रा।
- मनपसंद चीजों पर खर्च: कपड़े, गैजेट और दूसरी गैर-जरूरी खरीदारी।
- मनोरंजन: फिल्म, बाहर खाना और घूमना-फिरना।
- अचानक होने वाले खर्च: मरम्मत, आपातकालीन जरूरत या अन्य अप्रत्याशित खर्च।
- इस तरह खर्चों को अलग-अलग रखने से समझ आएगा कि किस मद में ज्यादा पैसा जा रहा है और कहां बजट को बेहतर बनाया जा सकता है।
5. महीने के आखिर में अपने बजट की समीक्षा करें
काकेबो मेथड में खर्च लिखने के साथ-साथ उसकी समीक्षा करना भी जरूरी है। हर सप्ताह या महीने के आखिर में देखें कि आपने कितनी रकम खर्च की और बचत का लक्ष्य पूरा हुआ या नहीं। अगर ऑनलाइन शॉपिंग या बाहर खाने पर बजट से ज्यादा खर्च हो रहा है, तो अगले महीने के लिए उसकी सीमा तय करें।
हर महीने थोड़ी बचत से सालभर में जुड़ सकती है बड़ी रकम
अगर आप हर महीने 5,000 रुपये बचाते हैं, तो एक साल में 60,000 रुपये जमा हो सकते हैं। वहीं, हर महीने 10,000 रुपये बचाने पर सालभर में 1,20,000 रुपये की रकम जुटाई जा सकती है। हालांकि, वास्तविक बचत आपकी कमाई, जरूरी खर्चों और आर्थिक जिम्मेदारियों पर निर्भर करेगी।
काकेबो मेथड का मकसद हर खर्च को रोकना नहीं, बल्कि पैसे का बेहतर इस्तेमाल करना है। नियमित रूप से हिसाब रखने और सोच-समझकर खर्च करने की आदत से आप महीने के आखिर में पैसों की कमी से बचने और अपनी बचत बढ़ाने की दिशा में कदम उठा सकते हैं।







