दिवालिया हो चुकी जेट एयरवेज की योजना अपने नीदरलैंड के कारोबार को केएलएम रॉयल डच एयरलाइंस को बेचने की है

नई दिल्ली: दिवालिया हो चुकी जेट एयरवेज की योजना अपने नीदरलैंड के कारोबार को केएलएम रॉयल डच एयरलाइंस को बेचने की है। उल्लेखनीय है कि जेट एयरवेज ने नकदी संकट के चलते पिछले साल अप्रैल में अपना परिचालन बंद कर दिया था। अभी कंपनी दिवाला प्रक्रिया के तहत है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

शेयर बाजार को दी जानकारी में कंपनी ने शुक्रवार को बताया कि वर्तमान में कंपनी का कामकाज संभाल रहे ऋणशोधन समाधानकर्ता विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। वह हितधारकों के लिए कंपनी के समाधान और अधिकतम मूल्य को सुनिश्चित करने की दिशा में ऐसा कर रहे हैं।

ऋणदाताओं की समिति से मिली मंजूरी 

कंपनी ने जानकारी दी कि नीदरलैंड में अलग से परिसमापन की प्रक्रिया जारी है और समाधानकर्ता ने वहां की स्थानीय अदालत द्वारा नियुक्त डच न्यासी के साथ प्रक्रिया में सहयोग करने की सहमति दी है।

कंपनी ने बताया कि डच न्यासी और कंपनी ने कोनिंकलिज्के लुचवार्ट मात्शापिज (केएलएम) के साथ 13 जनवरी 2020 को एक सशर्त खरीद-फरोख्त समझौता किया है। यह समझौता कंपनी की नीदरलैंड में कारोबारी गतिविधियों के प्रस्तावित समाधान के लिए किया गया है। इसे ऋणदाताओं की समिति से मंजूरी मिल चुकी है।

केएलएम नीदरलैंड की प्रमुख विमानन कंपनी है।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(फाइल फोटो)