Jewar Airport Business Opportunities: क्या जेवर एयरपोर्ट सिर्फ हवाई यात्रा को आसान बनाएगा या आसपास रहने वालों की कमाई भी बढ़ाएगा? क्या टैक्सी, पीजी, फूड और लॉजिस्टिक्स जैसे कारोबारों में नए मौके बन सकते हैं? क्या स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलने वाले हैं?
Business Opportunities Near Jewar Airport: जेवर एयरपोर्ट को लेकर चर्चा अक्सर रनवे, टर्मिनल और उड़ानों की होती है। लेकिन यमुना एक्सप्रेसवे, ग्रेटर नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़ और आसपास के हजारों परिवारों के मन में एक और सवाल है कि इस एयरपोर्ट से आम लोगों को कमाई का क्या मौका मिलेगा? हकीकत यह है कि किसी बड़े एयरपोर्ट का असर सिर्फ हवाई यात्रा तक सीमित नहीं रहता। उसके आसपास होटल, ट्रांसपोर्ट, खान-पान, लॉजिस्टिक्स और कई छोटे-बड़े कारोबार खड़े होते हैं। यही वजह है कि जेवर एयरपोर्ट के आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी नए अवसर पैदा हो सकते हैं। जानिए नोएडा इंटरनेशन एयरपोर्ट यानी जेवर एयरपोर्ट के आसपास रहने वालों के लिए 7 बेस्ट बिजनेस आइडिया।

टैक्सी और एयरपोर्ट पिक-अप सर्विस
हर एयरपोर्ट के साथ सबसे पहले ट्रांसपोर्ट की मांग बढ़ती है। यात्रियों को एयरपोर्ट से नोएडा, दिल्ली, आगरा और आसपास के शहरों तक पहुंचाने के लिए टैक्सी और कैब सेवाओं की जरूरत होगी। जिन लोगों के पास वाहन हैं, उनके लिए यह एक बड़ा अवसर बन सकता है।
पीजी और होमस्टे का बढ़ेगा बाजार
एयरपोर्ट के निर्माण, संचालन और उससे जुड़े प्रोजेक्ट्स में काम करने वाले हजारों लोग क्षेत्र में आएंगे। ऐसे में किराए के कमरे, पीजी और छोटे होमस्टे की मांग बढ़ सकती है। ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में रहने वाले परिवार भी इससे अतिरिक्त आय कमा सकते हैं।
फूड और चाय-नाश्ते का कारोबार
जहां लोगों की आवाजाही बढ़ती है, वहां खाने-पीने का बाजार भी बढ़ता है। एयरपोर्ट के आसपास ढाबे, रेस्तरां, कैफे, स्नैक पॉइंट और फूड डिलीवरी जैसी सेवाओं की जरूरत बढ़ सकती है।
वेयरहाउस और लॉजिस्टिक्स से जुड़े मौके
एयरपोर्ट के आसपास अक्सर माल ढुलाई और स्टोरेज का नेटवर्क विकसित होता है। इससे ट्रक ऑपरेटर, लोडिंग-अनलोडिंग कर्मचारी और छोटे सप्लाई कारोबारियों के लिए नए अवसर बन सकते हैं।
ट्रैवल और टिकटिंग सर्विस
आज भी कई लोग फ्लाइट बुकिंग, होटल बुकिंग और यात्रा सलाह के लिए स्थानीय एजेंटों की मदद लेते हैं। एयरपोर्ट शुरू होने के बाद ट्रैवल सर्विस का काम बढ़ सकता है।
स्थानीय युवाओं के लिए नौकरी के अवसर
सिक्योरिटी, हाउसकीपिंग, कस्टमर सर्विस, टेक्निकल हेल्प और ग्राउंड स्टाफ जैसी कई सेवाओं में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं। इसके लिए समय रहते स्किल ट्रेनिंग लेना फायदेमंद रहेगा।
छोटे दुकानदारों के लिए नया बाजार
दैनिक जरूरत का सामान, मोबाइल एक्सेसरीज, मेडिकल स्टोर, स्टेशनरी और अन्य छोटी दुकानें भी बढ़ती आबादी और आवाजाही का लाभ उठा सकती हैं।
सिर्फ एयरपोर्ट नहीं, पूरे इलाके की अर्थव्यवस्था पर असर
जेवर एयरपोर्ट को केवल एक परिवहन परियोजना के रूप में देखना सही नहीं होगा। इसका असर आसपास के बाजार, रोजगार और छोटे कारोबारों पर भी पड़ सकता है। जो लोग समय रहते बदलती जरूरतों को समझेंगे, उनके लिए यह एयरपोर्ट सिर्फ यात्रा का साधन नहीं बल्कि कमाई का नया अवसर भी बन सकता है।


