Jewar Airport vs Delhi Airport:  जेवर एयरपोर्ट आपके लिए IGI दिल्ली एयरपोर्ट से बेहतर साबित होगा या नहीं? क्या IGI दिल्ली एयरपोर्ट के बजाय जेवर एयरपोर्ट से फर करने से नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम या आगरा से सफर करने वालों का समय और खर्च बचेगा? टिकट बुक करने से पहले क्या आपको दोनों एयरपोर्ट का यह फर्क जान लेना चाहिए?

Jewar Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट यानी जेवर एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू हो चुकी हैं। 15 जून 2026, सोमवार को जेवर एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए पहली फ्लाइट रवाना हुई। वहीं जुलाई महीने से 16 शहरों के लिए रेगुलर उड़ान शुरू हो जाएंगी। इस बीच दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लाखों यात्रियों के मन में एक नया सवाल है कि फ्लाइट तो एक ही शहर की पकड़नी है, लेकिन एयरपोर्ट कौन सा चुनें? दिल्ली का इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) या फिर नोएडा का जेवर एयरपोर्ट? अब तक ज्यादातर लोगों के पास सिर्फ IGI एयरपोर्ट का विकल्प था, लेकिन जेवर एयरपोर्ट शुरू होने के बाद तस्वीर बदल सकती है। ऐसे में फैसला सिर्फ फ्लाइट के किराए से नहीं, बल्कि घर से एयरपोर्ट तक पहुंचने में लगने वाले समय और खर्च से भी होगा। जानिए दिल्ली- NCR के किस इलाके के लिए कौन सा एयरपोर्ट होगा सही?

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

नोएडा और ग्रेटर नोएडा वालों के लिए जेवर बन सकता है पहली पसंद

अगर आप नोएडा, ग्रेटर नोएडा, एक्सटेंशन या यमुना एक्सप्रेसवे के आसपास रहते हैं तो जेवर एयरपोर्ट आपके लिए ज्यादा सुविधाजनक साबित हो सकता है। इन इलाकों से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने में अक्सर ट्रैफिक के कारण काफी समय लग जाता है, जबकि जेवर तक पहुंचना अपेक्षाकृत आसान रहेगा। यानी फ्लाइट पकड़ने के लिए घर से कई घंटे पहले निकलने की मजबूरी कम हो सकती है।

गाजियाबाद के लोगों को करना होगा हिसाब

गाजियाबाद एक ऐसा इलाका है जहां दोनों एयरपोर्ट लगभग प्रतिस्पर्धा में रहेंगे। शहर के किस हिस्से में आप रहते हैं, उसी के आधार पर फैसला बदल सकता है। पूर्वी गाजियाबाद और एनएच-9 के आसपास रहने वालों के लिए जेवर एयरपोर्ट कई बार बेहतर विकल्प बन सकता है, जबकि दिल्ली की ओर वाले हिस्सों के लिए IGI अब भी सुविधाजनक रहेगा।

गुरुग्राम और पश्चिमी दिल्ली के लिए अभी भी IGI आगे

गुरुग्राम, द्वारका, जनकपुरी, पश्चिम विहार और पश्चिमी दिल्ली के अधिकांश इलाकों से IGI एयरपोर्ट काफी नजदीक पड़ता है। ऐसे यात्रियों के लिए सिर्फ एयरपोर्ट बदलने के लिए लंबा सफर तय करना शायद फायदे का सौदा न हो। जब तक जेवर से सस्ती या ज्यादा सुविधाजनक उड़ानें नहीं मिलतीं, तब तक इन इलाकों के यात्रियों का झुकाव IGI की ओर रहने की संभावना है।

आगरा और आसपास के शहरों की तस्वीर बदल सकती है

आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस और बुलंदशहर जैसे शहरों के लिए जेवर एयरपोर्ट एक बड़ा विकल्प बन सकता है। इन शहरों के यात्रियों को अक्सर दिल्ली तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। जेवर उनके लिए समय और यात्रा खर्च दोनों कम कर सकता है।

आखिर फैसला कैसे करें?

यात्रियों को सिर्फ टिकट का किराया नहीं देखना चाहिए। घर से एयरपोर्ट तक पहुंचने में लगने वाला समय, टैक्सी का खर्च, टोल, पार्किंग और ट्रैफिक, इन सभी बातों को जोड़कर ही सही फैसला लिया जा सकता है। संभव है कि कई मामलों में फ्लाइट दिल्ली से सस्ती हो, लेकिन एयरपोर्ट तक पहुंचने का खर्च ज्यादा पड़ जाए। वहीं कुछ यात्रियों के लिए जेवर एयरपोर्ट कुल यात्रा को आसान और किफायती बना सकता है।