Baghpat News: यूपी के बागपत में 80 साल के बलजोर सिंह ने जीते-जी अपनी तेरहवीं कराई। 900 लोगों को भोज कराया और नाती को पगड़ी सौंपी। जानिए आखिर बुजुर्ग ने क्यों लिया यह अनोखा फैसला।
Baghpat Viral News: न किसी की मौत हुई, न घर में मातम पसरा और न ही किसी की अर्थी उठी... फिर भी घर में तेरहवीं का भोज रखा गया। करीब 900 लोग खाना खाने पहुंचे और खुद वह शख्स भी मेहमानों के बीच मौजूद था, जिसकी तेरहवीं हो रही थी। सुनने में अजीब लग सकता है, लेकिन उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में 80 साल के बुजुर्ग ने जीते-जी अपनी तेरहवीं कराकर सबको हैरान कर दिया। इसके पीछे की वजह जानकर आप भी सोच में पड़ जाएंगे।
बागपत में जीते-जी अपनी तेरहवीं कराने वाला कौन?
मामला बागपत के बड़ौत क्षेत्र स्थित जौहड़ी गांव का है। यहां रहने वाले 80 वर्षीय बलजोर सिंह तोमर ने 15 नवंबर को अपनी तेरहवीं का आयोजन किया। आमतौर पर किसी व्यक्ति के निधन के 13वें दिन तेरहवीं की रस्म निभाई जाती है। लेकिन बलजोर सिंह ने जीवित रहते हुए ही इस परंपरा को पूरा करने का फैसला किया।
आखिर बुजुर्ग ने क्यों लिया ऐसा फैसला?
बलजोर सिंह के इस फैसले के पीछे एक भावुक वजह है। उनका कोई बेटा नहीं है और वह नहीं चाहते कि उनके निधन के बाद इकलौती बेटी पिंकी पर तेरहवीं के आयोजन का आर्थिक बोझ पड़े। बलजोर का कहना है कि उन्होंने जिंदगीभर लोगों के सुख-दुख में हिस्सा लिया है। अब वह अपनी आंखों के सामने सभी परिचितों को भोजन कराना चाहते थे। इसलिए उन्होंने जीते-जी अपनी तेरहवीं करने का निर्णय लिया।
यह भी पढ़ें: PM मोदी, ट्रंप और दुनिया के दिग्गज एक मंच पर! मनीला में क्या होने वाला है बड़ा फैसला?
आठ हलवाइयों ने बनाया खाना, 900 लोगों ने किया भोज
इस अनोखी तेरहवीं की तैयारियां दो दिन पहले शुरू हो गई थीं। आठ हलवाई भोजन बनाने में जुटे थे। मेहमानों के लिए पूड़ी, रायता, सब्जियां और लड्डू समेत कई पकवान तैयार किए गए। रविवार सुबह हवन हुआ और इसके बाद करीब 900 लोगों ने भोज किया। इस आयोजन में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री केपी मलिक भी शामिल हुए।
नाती के सिर पर बांधी पगड़ी, सौंप दी जिम्मेदारी
आयोजन की सबसे खास रस्म पगड़ी की रही। बलजोर सिंह ने अपने नाती मुकुल के सिर पर पगड़ी रखकर उसे परिवार की जिम्मेदारी का प्रतीक सौंपा। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने अपनी दो बीघा जमीन और मकान का हिस्सा भी नाती के नाम किया है। बलजोर के परिवार में उनकी बेटी पिंकी, दामाद सुखपाल और नाती-नातिन हैं।
गांव में चर्चा का विषय बनी अनोखी तेरहवीं
बलजोर सिंह के इस फैसले की पूरे इलाके में चर्चा है। आमतौर पर तेरहवीं में लोग दिवंगत व्यक्ति को याद करते हैं, लेकिन यहां बलजोर खुद मेहमानों का स्वागत करते नजर आए। उनका यह फैसला पारिवारिक जिम्मेदारियों, सामाजिक परंपराओं और मृत्यु के बाद होने वाले आयोजनों को लेकर नई चर्चा छेड़ रहा है।
यह भी पढ़ें : Diljit Dosanjh Controversy: इंदौर में दिलजीत को रोकने की कोशिश? सिंगर ने मंच से सुना दी खरी-खरी!












