LPG e-KYC Deadline: एलपीजी ई-केवाईसी की डेडलाइन नजदीक है। 16 अगस्त तक बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन न कराने पर सब्सिडी रुक सकती है और महंगे दाम पर सिलेंडर खरीदना पड़ सकता है।
LPG Gas E-KYC Deadline Alert: अगर आपके घर में इंडेन गैस, भारत गैस या एचपी गैस का कनेक्शन है, तो यह खबर आपके काम की है। LPG ग्राहकों के लिए आधार बेस्ड ई-केवाईसी को लेकर 16 अगस्त की डेडलाइन चर्चा में है। कई ग्राहकों को e-KYC पूरा करने के लिए SMS भी मिल रहे हैं। सबसे जरूरी बात यह है कि ई-केवाईसी पूरी नहीं होने पर कुछ ग्राहकों को घरेलू रेट पर एलपीजी सिलेंडर मिलने में दिक्कत हो सकती है। PMUY (PM Ujjwala Yojana) के लाभार्थियों के लिए इसका असर सब्सिडी पर भी पड़ सकता है। आइए जानते हैं डेडलाइन कब तक है और ई-केवाईसी कैसे करें...
LPG e-KYC की डेडलाइन 15 अगस्त है या 16?
goodreturns.in के अनुसार, कुछ रिपोर्ट्स में 15 अगस्त की तारीख बताई गई है। यह कुछ खास इलाकों के लिए बताई गई है। उदाहरण के तौर पर मंगलुरु और गाजियाबाद में ग्राहकों को इस तारीख तक e-KYC पूरी करने के लिए कहा गया है। वहीं, इंडियन ऑयल (Indian Oil) के कई इंडेन गैस (Indane Gas) ग्राहकों को मिले मैसेज में 16 अगस्त 2026 तक e-KYC पूरी करने की बात कही गई है। इसलिए सभी LPG ग्राहकों के लिए एक ही तारीख लागू है, ऐसा मानना सही नहीं होगा। आपके शहर, कंपनी और कनेक्शन के हिसाब से नियम या डेडलाइन अलग हो सकती है। ऐसे में अगर आपको e-KYC का SMS मिला है, तो उसे नजरअंदाज न करें।
16 अगस्त के बाद क्या होगा?
इंडियन ऑयल की ओर से भेजे जा रहे संदेश में कहा गया है कि जिन ग्राहकों ने अभी तक e-KYC नहीं की है, उन्हें घरेलू रेट पर LPG सिलेंडर लेने के लिए यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी। अगर तय समय तक e-KYC नहीं की गई, तो ई-केवाईसी पूरी होने तक घरेलू दर पर सिलेंडर लेने की पात्रता प्रभावित हो सकती है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, कुछ मामलों में कनेक्शन अस्थायी रूप से सस्पेंड हो सकता है और e-KYC पूरी करने के बाद इसे फिर से चालू किया जा सकता है।
PM Ujjwala वालों के लिए क्यों जरूरी है e-KYC?
PMUY के पात्र परिवारों को LPG सिलेंडर पर सब्सिडी का फायदा मिलता है। मौजूदा व्यवस्था के तहत पात्र लाभार्थियों को 14.2 किलो के सिलेंडर पर ₹300 तक की सब्सिडी मिलती है। ऐसे में अगर e-KYC पूरी नहीं होती और ग्राहक सब्सिडी वाले घरेलू रेट की पात्रता खो देता है, तो उसकी जेब पर सीधा असर पड़ सकता है।
गैस सिलेंडर की ₹300 सब्सिडी का क्या होगा?
मान लीजिए किसी PMUY लाभार्थी को 14.2 किलो LPG सिलेंडर पर ₹300 की सब्सिडी मिलती है। ऐसे में सिलेंडर की प्रभावी कीमत घरेलू बाजार कीमत से करीब ₹300 कम हो जाती है। लेकिन e-KYC पूरी नहीं होने पर सब्सिडी वाले लाभ की पात्रता प्रभावित हो सकती है। यही वजह है कि PMUY लाभार्थियों को e-KYC को लेकर खास तौर पर सावधान रहने की जरूरत है।
कमर्शियल LPG पर जाना पड़ा तो कितना खर्च?
इस महीने 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती हुई है। दिल्ली में कीमत ₹2,738, मुंबई में ₹2,691.50, कोलकाता में ₹2,872.50 और चेन्नई में ₹2,906 है। हालांकि, ई-केवाईसी नहीं कराने वाले घरेलू ग्राहकों के लिए आने वाले समय में कमर्शियल एलपीजी की सटीक कीमत क्या होगी, इसे लेकर OMCs की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
किन लोगों को e-KYC कराने की जरूरत है?
अगर आपने LPG कनेक्शन की e-KYC पहले ही पूरी कर ली है, तो इस प्रक्रिया को दोबारा करने की जरूरत नहीं है। वहीं, जिन ग्राहकों ने अभी तक आधार बेस्ड बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन नहीं कराया है, उन्हें ई-केवाईसी पूरी करनी चाहिए।
Indane Gas की e-KYC कैसे करें?
- IndianOil ONE App डाउनलोड करें।
- अपने LPG कनेक्शन से जुड़े मोबाइल नंबर से लॉगिन या रजिस्ट्रेशन करें।
- मोबाइल पर आए OTP से नंबर को verify करें।
- अपने LPG अकाउंट को ऐप से लिंक करें। इसके लिए 16 अंकों की LPG ID की जरूरत पड़ सकती है।
- ऐप में My Profile के अंदर e-KYC का ऑप्शन खोलें।
- दिए गए नियम और शर्तें पढ़कर आधार बेस्ड बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के लिए कॉन्सेंट दें।
- AadhaarFaceRD ऐप की मदद से फेस स्कैन पूरा करें।
- इसके अलावा आप इंडेन डिस्ट्रिब्यूटर या LPG डिलिवरी पर्सन की मदद से भी ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं।
Bharat Gas की e-KYC कैसे करें?
- भारत गैस ग्राहकों के लिए Hello BPCL App का इस्तेमाल किया जा सकता है।
- ऐप में लॉगिन करने के बाद e-KYC का ऑप्शन खोलें।
- आधार बेस्ड बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के लिए जरूरी चीजें दें और फेस स्कैन पूरा करें।
- अगर ऐप से प्रक्रिया पूरी करने में दिक्कत आती है, तो डिस्ट्रिब्यूटर से भी मदद ली जा सकती है।
HP Gas की e-KYC कैसे करें?
- एचपी गैस ग्राहकों के लिए HP Pay App का इस्तेमाल किया जा सकता है।
- ऐप में LPG सेक्शन के अंदर ई-केवाईसी का ऑप्शन मिल सकता है।
- अब आधार बेस्ड बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करें।
- फेस ऑथेंटिकेशन के लिए AadhaarFaceRD ऐप की जरूरत पड़ सकती है।


