Gas Cylinder Price Today: दिवाली से पहले महंगाई का झटका लगा है। कमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा हो गया है। दिल्ली से मुंबई तक दाम बढ़े हैं। जानिए 14.2Kg घरेलू गैस का क्या हाल।
LPG Gas Cylinder Price Today: दिवाली का त्योहार बिल्कुल सिर पर है और इस बीच महंगाई ने एक बार फिर दस्तक दे दी है। 1 नवंबर 2026 से कमर्शियल सिलेंडर महंगा हो गया है। हालांकि, आपके घर की रसोई में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडर के दाम नहीं बढ़े हैं। आइए जानते हैं आज से कमर्शियल सिलेंडर के दाम कितने बढ़ गए हैं, रसोई गैस की कीमतें क्या चल रही हैं और बार-बार गैस सिलेंडर क्यों महंगा हो रहा है...
गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर 3 बड़ी बातें
- 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर यानी रसोई गैस के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
- 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम 10 रुपए से लेकर 17 रुपए तक बढ़ गए हैं।
- ये लगातार तीसरा महीना है, जब कमर्शियल गैस की कीमतों में इजाफा हुआ है।
19Kg कमर्शियल गैस सिलेंडर का रेट आपके शहर में कितना बढ़ा?
होटल, रेस्टोरेंट और हलवाइयों के यहां इस्तेमाल होने वाला 19 किलो का कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा हो गया है। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के मुताबिक, 1 नवंबर 2026 से देश के बड़े महानगरों में इसके रेट बढ़ गए हैं। सबसे कम बढ़ोतरी दिल्ली और सबसे ज्यादा दाम कोलकाता में बढ़े हैं।
19Kg कमर्शियल गैस के नए रेट
दिल्ली- 2,820 (10 रुपए की बढ़ोतरी)
मुंबई- 2,775 (10.50 रुपए की बढ़ोतरी)
चेन्नई- 2,994.50 (11.50 रुपए की बढ़ोतरी)
कोलकाता- 2,971 (17 रुपए की बढ़ोतरी)
रसोई गैस की कीमतों का क्या हाल है?
आम आदमी के लिए सबसे अच्छी खबर ये है कि 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। लगातार ये छठा महीना है जब घरेलू गैस के रेट फिक्स रखे गए हैं। आखिरी बार 7 जून 2026 को इसमें बदलाव हुआ था। देश में बंटने वाली कुल गैस में 90% हिस्सा 14.2 किलो और 5 किलो वाले सिलेंडरों का ही होता है।
14.2Kg घरेलू गैस के मौजूदा रेट
दिल्ली- 942 रुपए
कोलकाता- 968 रुपए
मुंबई- 941.50 रुपए
चेन्नई- 957.50 रुपए
पटना- 1,031.50 रुपए
आखिर बार-बार क्यों महंगी हो रही है गैस?
भारत में कमर्शियल गैस की कीमतें इंटरनेशनल मार्केट पर निर्भर करती हैं। इसे मुख्य रूप से 'सऊदी कॉन्ट्रैक्ट प्राइस' (Saudi CP) के आधार पर तय किया जाता है। इस बार सऊदी अरामको (Saudi Aramco) और अल्जीरिया की कंपनी सोनात्राच ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रोपेन और ब्यूटेन गैस के दाम काफी ज्यादा बढ़ा दिए हैं। इसके अलावा, अक्टूबर में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में भी 11-12% का भारी उछाल आया है। ग्लोबल मार्केट में माल महंगा होने की वजह से भारत में भी तेल कंपनियों को कमर्शियल गैस के दाम बढ़ाने पड़े हैं।






