देश की सबसे बड़ी वाहन विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने बुधवार को कहा कि उसने नए उत्सर्जन नियमों के लागू होने से पहले ही पांच लाख बीएस-6 वाहनों की बिक्री की है 

नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी वाहन विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने बुधवार को कहा कि उसने नए उत्सर्जन नियमों के लागू होने से पहले ही पांच लाख बीएस-6 वाहनों की बिक्री की है। एक अप्रैल 2020 से बीएस-6 उत्सर्जन नियमों के अनुपालन को अनिवार्य किया गया है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मारुति सुजुकी (एमएसआई) ने बयान में कहा कि कंपनी अभी बीएस-6 पेट्रोल इंजन वाले 10 मॉडल की पेशकश कर रही है।

बीएस-6 इंजन वाली कार अप्रैल 2019 में पेश की थी

कंपनी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी केनिची अयुकावा ने कहा, "यह उपलब्धि भारत में नई इंजन और तकनीकों की वृद्धि की क्षमता को दर्शाती है।" उन्होंने कहा, "हमने अपने लोकप्रिय मॉडलों में बीएस 6 अनुरूप इंजन को पहले ही पेश कर दिया। यह सरकार के स्वच्छ और हरित पर्यावरण के विचार को लेकर हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।"

मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने अपनी पहली बीएस-6 इंजन वाली कार अप्रैल 2019 में पेश की थी। कंपनी ऑल्टो, ईको, एस-प्रेसो, सेलेरियो, वैगनआर, स्विफ्ट, बलेनो, डिजायर, अर्टिगा और एक्सएल-6 में बीएस-6 पेट्रोल इंजन दे रही है।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(फाइल फोटो)